कोर्ट में पेशी क्या होती है? पेशी से छूट कब और कैसे मिलती है - नियम और प्रक्रिया

जब किसी केस के सिलसिले में आपको अदालत में हाज़िर होना होता है, तो कई बार आप कुछ वजहों से वहां नहीं पहुंच पाते। हो सकता है आप बीमार हों, कहीं दूर यात्रा पर हों, या फिर कोई जरूरी काम आ गया हो। ऐसे समय में कोर्ट में ना पहुँचना आपके लिए बड़ी परेशानी का कारण भी बन सकता है। इसलिए कोर्ट ने एक व्यवस्था बनाई है, जिससे आप अपनी गैरहाज़िरी की सही वजह पहले से कोर्ट को बता सकते हैं और पेशी से छूट ले सकते हैं।
आज के इस लेख में हम आप आपको अदालत में जाने से छूट लेने से जड़ी सभी जानकारी देंगे, कि कोर्ट में पेशी क्या होती है? पेशी से छूट कब और कैसे मिलती है - नियम, तरीके और कोर्ट में हाजिर ना होने पर कार्रवाई।
विषयसूची
- कोर्ट में पेशी का मतलब क्या होता है?
- अदालत में पेशी से छूट कब जरूरी होती है?
- अदालत में पेशी की तारीख कौन तय करता है?
- अदालत में पेशी से छूट पाने के कानूनी नियम क्या है?
- अदालत में पेशी से छूट के लिए आवेदन करने की प्रक्रिया क्या है?
- किन मामलों में न्यायालय में पेशी से छूट मिल सकती है और कब नहीं?
- कोर्ट में केस की पेशी पर नहीं जाने पर क्या कारवाई हो सकती है?
- क्या बार-बार अदालत में पेशी से छूट मिल सकती है?
- बीमारी या मेडिकल कारणों से कोर्ट में पेशी से कैसे बचा जा सकता है?
- क्या वकील के जरिए अदालत में पेश हुआ जा सकता है?
- अगर आप विदेश में हैं या किसी यात्रा पर गए हुए हैं तो क्या करें?
- अक्सर पूछे जाने वाले सवाल
कोर्ट में पेशी का मतलब क्या होता है?
अदालत में पेशी का मतलब है कि कोर्ट द्वारा बताई गई तारीख और समय पर अदालत में जाकर हाज़िर होना। जब कोर्ट किसी व्यक्ति को कहती है कि वह उस दिन अदालत में आए, तो इसे पेशी कहा जाता है।
अदालत में पेशी से छूट कब जरूरी होती है?
जब अदालत आपको किसी दिन न्यायालय में आने को कहती है, तो उसे पेशी कहते हैं। लेकिन अगर आप बीमार हों, दूर हों या घर में कोई समस्या हो, और आप उस दिन अदालत नहीं जा पाते। ऐसे में आपको कोर्ट से पेशी से छूट यानी अनुमति लेनी पड़ती है कि आप उस दिन नहीं आ पाएंगे। लेकिन बिना बताए अगर आप अदालत नहीं जाते, तो कोर्ट नाराज हो सकती है और आपकी मुश्किल बढ़ सकती है। इसलिए जब भी आप अदालत नहीं जा पाए, तो पेशी से पहले ही छूट लेना जरूरी होता है।
किन-किन कारणों से अदालत में पेशी होती है?
न्यायालय में पेशी यानी अदालत में हाजिर होना बहुत जरूरी होता है। पेशी कई कारणों से होती है। जो कि इस प्रकार है:-
- जमानत के लिए अदालत में जाना
- गवाही देने के लिए
- अदालत में केस के संबंध में पुछे जाने वाले सवालों का जवाब देने के लिए
- केस की सुनवाई में शामिल होने के लिए
- फैसला सुनने के लिए अदालत में हाजिर होना
अदालत में पेशी की तारीख कौन तय करता है?
न्यायालय की सुनवाई खत्म होने के बाद न्यायाधीश अगली सुनवाई की तारीख तय करते है। यह तारीख सभी लोगों को बताई जाती है ताकि वे समय पर अदालत में आ सकें। इससे केस सही तरीके से चलता है।
अदालत में पेशी से छूट पाने के कानूनी नियम क्या है?
भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) में अदालत में हाजिर होने से छूट पाने के नियमों के बारे में बताया गया है, जो कि इस प्रकार है:
BNSS की धारा 228 - मैजिस्ट्रेट कोर्ट में पेशी से छूट
यह नियम तब लागू होता है जब आपको निचली अदालत (lower Court) में हाज़िर होना हो। अगर आप किसी वजह से खुद नहीं जा पाते, तो आप अदालत से छूट मांग सकते हैं। आमतौर पर ऐसा तब होता है जब मामला बहुत गंभीर न हो या आपका वकील आपकी जगह न्यायालय में हाज़िर हो सके।
BNSS की धारा 355 - ट्रायल के दौरान अस्थायी छूट
जब आपके केस का ट्रायल चल रहा हो, तो आप किसी खास दिन या कुछ समय के लिए अस्थायी छूट ले सकते हैं। इसके लिए आपको अदालत में अर्जी देनी होती है। अदालत आपकी गैर-हाज़िरी में भी सुनवाई कर सकती है, यदि आपकी जगह आपका वकील हाज़िर हो और न्यायालय को लगे कि आपकी गैर-हाज़िरी से केस की सुनवाई में कोई परेशानी नहीं होगी।
अदालत में पेशी से छूट के लिए आवेदन करने की प्रक्रिया क्या है?
जब कोर्ट में पेश होना होता है और आप किसी कारण से नहीं जा पाते, तो आपको कोर्ट में हाजिर होने से छूट पाने के लिए एक आवेदन देना होता है। यह आवेदन लिखित रूप में होता है, जिसमें आप अपनी गैर-हाज़िरी का कारण बताते हैं। आइये आवेदन की इस प्रक्रिया को सरल भाषा में समझते है:
- कारण तय करें: सबसे पहले सोचें कि आपको पेशी से छूट क्यों चाहिए, जैसे बीमारी, यात्रा या कोई जरूरी काम।
- आवेदन तैयार करें: आवेदन में अपना पूरा नाम, केस नंबर, पेशी की तारीख, और छूट का कारण साफ-साफ लिखें।
- जरूरी दस्तावेज जोड़ें: अपनी बात साबित करने के लिए मेडिकल रिपोर्ट, यात्रा टिकट या कोई अन्य जरूरी दस्तावेज आवेदन के साथ लगाकर दे।
- वकील से सलाह लें (अगर हो सके): आप चाहें तो अपने वकील से मदद लेकर आवेदन तैयार कर सकते हैं।
- आवेदन कोर्ट में जमा करें: अब इस आवेदन को खुद कोर्ट के रजिस्ट्रार कार्यालय में जमा करें या अपने वकील के जरिए भेजें।
- अदालत के फैसले का इंतजार करें: न्यायालय आपकी अर्जी को देखेगा और पेशी से छूट देने या न देने का निर्णय करेगा।
- फैसले के अनुसार काम करें: अगर अदालत ने छूट दे दी, तो अगली सुनवाई के लिए तैयार रहें। अगर नहीं मिली, तो उस दिन अदालत में हाज़िर होना ज़रूरी होगा।
किन मामलों में न्यायालय में पेशी से छूट मिल सकती है और कब नहीं?
अदालत में हर मामले में पेशी से छूट मिलना आसान नहीं होता है, और छूट मिलने या न मिलने का फैसला भी कई बातों पर निर्भर करता है आइये समझते है:
- वकील के जरिए पेशी: कभी-कभी आपको खुद अदालत में आना जरूरी नहीं होता, आप अपने वकील को भेज सकते हैं। इसे वकील के जरिए पेशी कहते हैं।
- समन मिलने के समय और ट्रायल के समय छूट: जब आपको पहली बार समन यानि कोर्ट से बुलावा मिलता है, तब छूट मिलना संभव तो होता है। लेकिन ट्रायल के दौरान न्यायालय में हाज़िरी ज़रूरी होती है, इसलिए छूट मिलना मुश्किल हो सकता है।
- गंभीर मामलों में पेश होना जरूरी: बलात्कार व हत्या जैसे गंभीर अपराधों में, आरोपी का खुद कोर्ट में आना बहुत जरूरी होता है। ऐसे मामलों में पेशी से छूट नहीं मिलती।
कोर्ट में केस की पेशी पर नहीं जाने पर क्या कारवाई हो सकती है?
अगर किसी व्यक्ति को कोर्ट में हाज़िर होने का आदेश दिया गया है और वह बिना कोई कारण बताए कोर्ट में नहीं आता, तो इसे अदालत गंभीरता से लेती है। ऐसे में नीचे दिए गए कदम उठाए जा सकते हैं:
- जमानत रद्द हो सकती है: अगर आपने जमानत पर रिहाई ली है, तो कोर्ट आपकी जमानत रद्द कर सकती है।
- वारंट जारी हो सकता है: कोर्ट आपके नाम गिरफ्तारी वारंट भी जारी कर सकती है।
- अवमानना की कार्रवाई: अदालत का आदेश न मानना कोर्ट की अवमानना माना जाता है, जिससे अलग से दंड मिल सकता है।
- मामला लंबा खिंच सकता है: आपकी गैरहाज़िरी से केस की सुनवाई में देरी होती है, जिससे मामला लंबा खिंचता है।
क्या बार-बार अदालत में पेशी से छूट मिल सकती है?
अदालत में बार-बार पेशी से छूट नहीं मिलती है, और अगर आप बार-बार बिना जरूरी वजह के पेशी से छूट मांगते हैं, तो कोर्ट इसे सही नहीं समझती। कोर्ट चाहती है कि आप सही वजह बताएं और ज़रूरत पड़ने पर ही छूट लें। अगर बिना कारण या बहाने से बार-बार छूट ली गई तो अदालत आप पर सख्ती कर सकती है और कभी-कभी आपको बिना छूट के कोर्ट में आने का आदेश (Order) भी दे सकती है।
बीमारी या मेडिकल कारणों से कोर्ट में पेशी से कैसे बचा जा सकता है?
अगर आप बीमारी या किसी मेडिकल कारण से अदालत में नहीं जा पा रहे हैं, तो आप पेशी से छूट ले सकते हैं। इसके लिए आपको डॉक्टर की लिखित रिपोर्ट या मेडिकल सर्टिफिकेट तैयार करना होगा।
यह मेडिकल रिपोर्ट आप अपनी छूट की अर्जी के साथ कोर्ट में जमा करें। इससे कोर्ट को पता चलता है कि आप सच में बीमार हैं और इसलिए अदालत में नहीं आ सकते। ऐसे में कोर्ट आपकी बात मान सकती है और आपको पेशी से छूट दे सकती है।
क्या वकील के जरिए अदालत में पेश हुआ जा सकता है?
हाँ, कई मामलों में आप खुद अदालत में आने की बजाय अपने वकील के जरिए भी कोर्ट में हाजिर हो सकते हैं। इसे वकील के माध्यम से पेशी कहते हैं।
अगर आप विदेश में हैं या किसी यात्रा पर गए हुए हैं तो क्या करें?
अगर आप किसी कारण से विदेश में हैं या लंबी यात्रा पर हैं और उस दिन अदालत में हाज़िर नहीं हो सकते, तो आपको पेशी से छूट लेनी बहुत जरूरी होती है। इसके लिए आप कोर्ट में एक अर्जी जमा करें, जिसमें अपनी स्थिति साफ़-साफ़ बताएं कि आप इस समय विदेश में हैं या यात्रा पर हैं। अगर आपके पास यात्रा टिकट या पासपोर्ट की प्रति हो तो उसे भी अर्जी के साथ लगाएं।
निष्कर्ष: अदालत में पेशी पर ना जाने पर आपको ना सिर्फ कानूनी परेशानी का सामना करना पड़ सकता है, बल्कि आपका केस भी कमजोर पड़ सकता है। इसलिए उपर बताई गई सभी बातों को ध्यान में रखकर हमेशा कानूनी नियमों का पालन करें। अगर आपको कोर्ट में पेशी से जुडी में किसी भी तरह की मदद या सलाह चाहिए, तो आप घर बैठे हमारे अनुभवी वकीलों से बात कर सकते हैं।
अक्सर पूछे जाने वाले सवाल
पेशी से छूट के लिए दिए जाने वाले आवेदन में क्या-क्या लिखना होता है?
आवेदक का नाम, केस नंबर, छूट की वजह, तारीख, और जरूरी कागजात जैसे मेडिकल रिपोर्ट आदि।
अगर मैं कोर्ट में पेश नहीं हुआ तो क्या होगा?
कोर्ट आप पर कार्यवाही कर सकती है, जुर्माना लगा सकती है या गिरफ्तारी का आदेश भी दे सकती है।
क्या कोर्ट में पेश न होने पर वारंट जारी किया जा सकता है?
हाँ, अगर आप बिना छूट लिए कोर्ट में पेश नहीं होते और बार-बार गैरहाजिर रहते हैं, तो कोर्ट आपकी गिरफ्तारी के लिए वारंट (पकड़ने का आदेश) जारी कर सकती है।
क्या वकील के जरिए भी अदालत में पेशी हो सकती है?
हाँ, कई मामलों में आप खुद न जाकर अपने वकील को भेज सकते हैं। लेकिन कुछ खास मामलों में खुद हाज़िर होना जरूरी होता है।