बीएनएस धारा 332 क्या है - सजा और जमानत | BNS 332 in Hindi


घर में घुसने की बीएनएस धारा BNS Section 332 in Hindi

आजकल घर में घुसकर किए जाने वाले अपराधों की घटनाएं बढ़ती जा रही हैं। चोरी, डकैती और अन्य अपराधों के लिए घरों को निशाना बनाया जा रहा है। इन घटनाओं ने लोगों की सुरक्षा और निजता पर एक गहरा असर डाला है। इसीलिए सभी को धारा 332 के प्रावधानों के बारे में जानना बेहद जरूरी है इसके अलावा हम इस बात पर भी चर्चा करेंगे कि कोई भी व्यक्ति इस तरह की स्थिति में फंस जाता हैं तो उसको क्या करना चाहिए। आज हम घर में घुसने की भारतीय न्याय संहिता की धारा जानेंगे कि, बीएनएस की धारा 332 क्या है (BNS Section 332 in Hindi)? यह धारा किस अपराध में कब लागू होती है और इस धारा में सजा और जमानत का क्या प्रावधान है?

हम सभी अपनी निजता और सुरक्षा को लेकर काफी चिंतित रहते हैं। लेकिन क्या आप जानते हैं कि घर में घुस कर किए जाने वाले अपराधों के लिए कुछ समय पहले तक भारतीय दंड संहिता (आईपीसी) की धारा 449, 450 व 451 का इस्तेमाल होता था। लेकिन कानून में किए गए बदलाव के बाद से इन मामलों को भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 332 के तहत दर्ज किया जाता है। इसलिए इस लेख को पढ़कर आप समझ पाएंगे कि घर में बिना अनुमति घुसने व अपराध करने पर किन परिस्थितियों में कार्रवाई की जा सकती है और आप खुद को इन अपराधों से कैसे बचा सकते हैं।


बीएनएस की धारा 332 क्या है - BNS Section 332 in Hindi

BNS की धारा 332 उस स्थिति से संबंधित है जब कोई व्यक्ति किसी घर, इमारत या संपत्ति में बिना उसके मालिक की अनुमति के प्रवेश करता है और उसका इरादा वहां कोई अपराध (Crime) करने का होता है। यह धारा अवैध प्रवेश (Trespass) और आपराधिक मंशा (Criminal Intent) के अपराध को एक साथ बताती है, जिससे यह अपराध और भी गंभीर हो जाता है।


बीएनएस धारा 332 कब लागू होती है?

इस धारा को लागू किए जाने के लिए मुख्य रुप से दो प्रमुख स्थितियां होती हैं:

  1. बिना अनुमति के घर में प्रवेश: जब कोई व्यक्ति किसी घर, इमारत, या संपत्ति में उसके मालिक की अनुमति या कानूनी अधिकार के बिना प्रवेश करता है।
  2. अपराध करने का इरादा: इस अवैध रुप से प्रवेश करने के पीछे उस व्यक्ति की मंशा या उद्देश्य किसी अपराध को अंजाम देना होता है। यह अपराध चोरी, हत्या, या अन्य किसी गैरकानूनी गतिविधि (Illegal Activities) से जुड़ा हो सकता है।

इसके अलावा BNS की सेक्शन 332 को इसकी 3 उपधाराओं (Sub-Sections) के माध्यम से अपराधों की गंभीरता व सजा के अनुसार विस्तार से बताया गया है।

बीएनएस सेक्शन 332 (a) अगर कोई व्यक्ति बिना अनुमति (Permission) के किसी के घर में घुसता है और किसी ऐसे अपराध को करता है या करने का इरादा रखता है जिसकी सजा मृत्युदंड (Capital Punishment) होती है, तो उस व्यक्ति पर धारा 332 (a) के तहत मुकदमा दर्ज किया जा सकता है।

उदाहरण: मान लीजिए एक व्यक्ति ने बिना अनुमति के किसी के घर में घुसकर वहां चोरी करने का इरादा किया। उसने देखा कि घर में एक व्यक्ति सो रहा है जिसके बाद वो चोर सोचता है कि अगर सो रहा व्यक्ति उठ गया और उसने चोर को पकड़ लिया गया, तो वह चोर उस व्यक्ति को जान से मार देगा। इस स्थिति में उस व्यक्ति पर IPC की धारा 332 (a) के तहत मुकदमा दर्ज किया जा सकता है, क्योंकि उसने बिना अनुमति के घुसपैठ की और हत्या (Murder) का इरादा भी किया।

बीएनएस सेक्शन 332 (b) अगर कोई किसी व्यक्ति के घर में घुसकर किसी ऐसे अपराध को अंजाम देता है जिसकी सजा आजीवन कारावास (Life Imprisonment) तक हो सकती है या कोई अन्य गंभीर अपराध करता है तो उस व्यक्ति पर धारा 332(b) के तहत कार्यवाही की जा सकती है।

बीएनएस सेक्शन 332 (c) यदि कोई व्यक्ति किसी अन्य व्यक्ति के घर में बिना उसकी अनुमति के घुसता है और कोई ऐसा अपराध करता है जो कम गंभीर है लेकिन कारावास की सजा से दंडनीय (Punishable) है। तो उस व्यक्ति पर धारा 332 (C ) के तहत मामला दर्ज किया जा सकता है।


BNS 332 में अपराध को साबित करने वाले मुख्य तत्व

भारतीय न्याय संहिता सेक्शन 332 के अपराध को साबित करने के लिए कुछ मुख्य तत्वों का होना आवश्यक है। ये तत्व निम्नलिखित हैं:

  • घर या इमारत में प्रवेश: इस अपराध के लिए इस बात का होना आवश्यक है कि आरोपी ने किसी घर या इमारत में प्रवेश किया हो। इसमें आवासीय घर, कार्यालय, दुकान, गोदाम आदि सभी शामिल हैं। प्रवेश का मतलब केवल अंदर जाना ही नहीं बल्कि किसी हिस्से में घुसना भी हो सकता है।
  • बिना अनुमति: प्रवेश बिना मालिक या उसमें रहने वाले व्यक्ति की अनुमति के होना चाहिए। अनुमति स्पष्ट रूप से दी गई होनी चाहिए।
  • अपराध करने का इरादा: आरोपी का इरादा उस घर या इमारत में कोई अपराध करने का होना चाहिए। यह इरादा स्पष्ट रूप से दिखाया जाना चाहिए। अपराध का प्रकार कोई भी हो सकता है, जैसे चोरी, डकैती, हत्या आदि।

इस धारा के लगने का आपराधिक उदाहरण

एक बार रात के गहरे अंधेरे में राहुल नाम का एक व्यक्ति अपने घर में सो रहा था। तभी उसे एक आवाज़ सुनाई दी। उसने धीरे से आँखें खोलीं और देखा कि एक अजनबी व्यक्ति उसकी खिड़की से अंदर आ रहा है। राहुल डर गया और चुपचाप बिस्तर पर लेट गया। उस अजनबी ने राहुल के कमरे में रखे हुए जेवरात और नकदी को चुराया और फिर खिड़की से बाहर निकल गया।

इस घटना में अजनबी व्यक्ति ने राहुल के घर में बिना उसकी अनुमति के घुसकर चोरी की। इस घटना के अगले दिन राहुल पुलिस में शिकायत देता है। जिसके बाद पुलिस कुछ ही समय बाद उस आरोपी व्यक्ति को पकड़ लेती है, और उसके खिलाफ BNS Section 332 के तहत मुकदमा दर्ज कर कार्यवाही करती है।


BNS Section 332 के तहत कुछ अन्य आपराधिक कृत्य

  • किसी घर का दरवाजा या खिड़की तोड़कर अंदर जाना।
  • छत के रास्ते से किसी घर में प्रवेश करना।
  • घर की चाबी चुराकर या नकली चाबी बनाकर अंदर जाना।
  • किसी ऊंची खिड़की से चढ़कर घर में प्रवेश करना।
  • दरवाजे को उखाड़कर या तोड़कर अंदर जाना।
  • दीवार या छत में छेद करके अंदर जाना।
  • किसी अन्य व्यक्ति के साथ मिलकर योजना बनाकर घर में घुसना।
  • घर में रहने वाले व्यक्ति को धमकाकर या डराकर घर में प्रवेश करना।
  • किसी चोरी या अपराध के बाद सामान को घर में छिपाने के लिए घुसना।
  • घर में घुसकर किसी व्यक्ति को चोट पहुंचाना या उसकी संपत्ति को नुकसान पहुंचाना।

भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 332 में सजा का प्रावधान

बीएनएस की धारा 332 के तहत सजा (Punishment) को तीन प्रकार से बताया गया है, जो अपराध की गंभीरता पर निर्भर करती हैं।

BNS 332 (a) की सजा:- यदि कोई व्यक्ति किसी के घर में बिना अनुमति के घुसता है और किसी ऐसे अपराध को करता है जिसकी सजा मृत्यु दंड हो सकती है तो ऐसे अपराध को करने के दोषी (Guilty) पाये जाने पर उस व्यक्ति को 10 साल तक की कठोर कारावास (Rigorous Imprisonment) की सजा दी जा सकती है।

BNS 332 (b) की सजा:- अगर कोई व्यक्ति किसी के घर में घुसकर ऐसे अपराध को करता है जिसकी सजा आजीवन कारावास तक हो सकती है, तो दोषी पाये जाने पर उस व्यक्ति को 10 साल तक की कठोर कारावास व जुर्माने (Fine) की सजा दी जाएगी।

BNS 332 (C) की सजा:- यदि कोई व्यक्ति किसी के घर में घुसता है और कोई भी कम गंभीर अपराध करता है, तो उसे कारावास (Imprisonment) की सजा दी जाएगी। यह सजा एक निश्चित अवधि के लिए होगी जो आमतौर पर दो साल तक हो सकती है। इसका मतलब है कि दोषी व्यक्ति को दो साल तक जेल में रहना पड़ सकता है।

लेकिन अगर कोई व्यक्ति घर में घुसकर चोरी (Theft) का अपराध करता है, तो सजा की अवधि और भी अधिक हो सकती है। इस स्थिति में कारावास की अवधि सात साल तक बढ़ाई जा सकती है। इसका मतलब है कि यदि व्यक्ति चोरी करने के इरादे से घर में घुसता है, तो उसे अधिक गंभीर सजा का सामना करना पड़ेगा।


बीएनएस की धारा 332 में जमानत कब व कैसे मिल सकती है

भारतीय न्याय संहिता की धारा 332 के अनुसार किसी व्यक्ति का बिना अनुमति के किसी के घर में घुसना और वहां कोई अपराध करना एक गंभीर अपराध है। इसे संज्ञेय और गैर-जमानती अपराध (Cognizable Or Non-Bailable Offence) के रूप में वर्गीकृत किया गया है। इस प्रकार के अपराधों में पुलिस घटनास्थल पर पहुंचकर तुरंत कार्रवाई कर सकती है, जैसे कि गिरफ्तारी या सबूत इकट्ठा करना।

गैर-जमानती अपराध (Non-Bailable Offence) होने के कारण इसमें आरोपी को जमानत (Bail) प्राप्त करने में कठिनाई होती है। इसका मतलब है कि व्यक्ति को जेल में रहना पड़ सकता है, जब तक कि उसका मामला अदालत में न सुन लिया जाए।


निष्कर्ष:- BNS की धारा 332 जो व्यक्तिगत संपत्ति और सुरक्षा को सुनिश्चित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। यह धारा हमें याद दिलाती है कि हर व्यक्ति को अपने घर और संपत्ति में सुरक्षित महसूस करने का अधिकार है। बिना अनुमति के किसी के घर में घुसना न केवल एक अपराध है, बल्कि यह व्यक्ति के लिए एक बड़ा नुकसान भी हो सकता है।




BNS धारा 332 के लिए अनुभवी वकील खोजें

बीएनएस धारा 332 पर अक्सर पूछे जाने वाले सवाल


बीएनएस में धारा 332 कब लागू होती है?

भारतीय दंड संहिता की धारा 332 किसी अपराध करने के इरादे से घर में घुसने से जुड़ा हुआ है। इसका मतलब है कि अगर कोई व्यक्ति बिना अनुमति के किसी के घर में घुसता है और वहां चोरी, डकैती या कोई और अपराध करने की कोशिश करता है, तो वह इस धारा के तहत अपराध कर रहा है।



क्या बीएनएस सेक्शन 332 में जमानत मिल सकती है?

नही, भारतीय न्याय संहिता सेक्शन 332 गैर-जमानती होती है जिसमें आरोपी व्यक्ति को जमानत नहीं दी जाती है। 



BNS 332 का अपराध संज्ञेय है या गैर-संज्ञेय?

बिना किसी की अनुमति के उसके घर में घुसना व कोई अपराध कर देना यह अपराध संज्ञेय है, जिसका मतलब है कि पुलिस इस मामले में बिना किसी वारंट के कार्रवाई कर सकती है।