किरायेदार से घर या दुकान खाली कैसे करवाए - कानूनी अधिकार और प्रक्रिया



किरायेदार द्वारा मकान या दुकान खाली न करने की स्थिति में मकान मालिक को तय कानूनी प्रक्रिया अपनानी होती है। भारत में किरायेदार को बेदखल (Eviction) करने के लिए सबसे पहले लिखित कानूनी नोटिस देना जरूरी होता है, जिसमें मकान खाली करने का कारण और निर्धारित समय सीमा स्पष्ट रूप से दी जाती है। सीधे जबरदस्ती कब्जा लेना या प्रॉपर्टी पर ताला बदलना कानून के खिलाफ हो सकता है।

यदि नोटिस देने के बाद भी किरायेदार संपत्ति खाली नहीं करता, तो मकान मालिक सिविल कोर्ट या रेंट कंट्रोल कोर्ट में बेदखली की याचिका दायर कर सकता है। इसके लिए रेंट एग्रीमेंट, किराया भुगतान का रिकॉर्ड और एग्रीमेंट की शर्तों के उल्लंघन के प्रमाण महत्वपूर्ण होते हैं।

इस लेख में आगे हम विस्तार से जानेंगे कि मकान, फ्लैट या दुकान खाली करवाने की कानूनी प्रक्रिया क्या है, लीगल नोटिस कैसे भेजा जाता है, कोर्ट में केस दाखिल करने के नियम क्या हैं, और मकान मालिक के अधिकार क्या हैं।

घर खाली करवाते समय होने वाला विवाद न केवल मकान मालिकों के अधिकारों को प्रभावित करता है बल्कि घर रेंट पर देने के लिए बनाए कानूनों का भी उल्लंघन करता है। इससे कानून व्यवस्था बिगड़ जाती है, और साथ ही संपत्ति को नुकसान पहुंच सकता है।

इस आर्टिकल द्वारा हम आपको आसान भाषा में बताएंगे कि किराएदार से मकान या अन्य प्रॉपर्टी खाली करवाने के लिए आपको क्या करना चाहिए और किन बातों का ध्यान रखना चाहिए।


विषयसूची

  1. किराएदार से मकान खाली कैसे करवाए - नियम, अधिकार और कानूनी प्रक्रिया
  2. किराये की प्रॉपर्टी खाली करवाने से संबधित मकान मालिक के कानूनी अधिकार
  3. किराएदार से अपने घर को खाली करवाने के लिए कानूनी नोटिस भेजना - फॉर्मेट और प्रक्रिया
  4. मकान मालिक द्वारा किराएदार की बेदखली के मुख्य कारण
  5. 1. लिखित किरायेदारी समझौता बनवाने का अधिकार
  6. 2. किरायेदारी समाप्त करने का नोटिस भेजने का अधिकार
  7. 3. कानूनी आधारों पर मकान खाली कराने का अधिकार
  8. 4. किरायेदारी के लिए बने कानूनों का सहारा लेने का अधिकार
  9. 5. कोर्ट में घर को खाली करवाने का मुकदमा दर्ज करने का अधिकार
  10. 6. घर खाली करवाने के लिए पुलिस की सहायता लेना
  11. 7. आपसी समझौते का अधिकार
  12. किराएदार से मकान खाली करवाने की कानूनी प्रक्रिया
  13. कानूनी नोटिस तैयार करने की प्रक्रिया
  14. नोटिस में क्या-क्या जानकारी लिखी होनी चाहिए?
  15. नोटिस के साथ किन दस्तावेजों की आवश्यकता पड़ती है?
  16. किरायेदार को दिए जाने वाली कानूनी नोटिस का प्रारूप (Format)
  17. भारत में किराएदार के खिलाफ केस दर्ज करने के लिए बनाए गए कानून व प्रक्रिया
  18. अक्सर पूछे जाने वाले सवाल


किराएदार से मकान खाली कैसे करवाए - नियम, अधिकार और कानूनी प्रक्रिया

जब कोई व्यक्ति अपने घर को किराये (Rent) पर किसी अन्य व्यक्ति को इस्तेमाल करने के लिए देता है तो इस प्रक्रिया को किरायेदारी (Tenancy) कहा जाता है। जिसमें किराएदार घर के मालिक को हर महीने या एक तय समय पर पैसे देता है। लेकिन कई बार ऐसी स्थिति बन जाती है, जब मकान मालिक अपने किराएदार (Tenant) को घर खाली करने के लिए कहने लगता है। यही से दोनों के बीच कई बार कहा-सुनी या झगड़ा हो जाता है, ऐसा आम तौर पर तब होता है जब किराएदार घर खाली करने से मना कर देता है।

मकान खाली करवाते समय आने वाली समस्या के कुछ कारण:

  • कई बार मालिक और किराये पर रहने वाले व्यक्ति के बीच रेंट एग्रीमेंट या लिखित समझौता नहीं होता। इससे दोनों पक्षों को अपने अधिकारों व नियमों की जानकारी नहीं होती। जिसके कारण बाद में समस्या आती है।
  • यदि किराएदार को बिना पहले से कुछ समय दिए अचानक घर खाली करने के लिए कहा जाता है, तो वह मना कर देता है।
  • यदि किराएदार लंबे समय तक किराया (Rent) नहीं देता है, तो मकान मालिक उसे घर खाली करने के लिए कह सकता है।
  • कई बार किराएदार घर खाली ना करने के लिए बहाने बनाते है, और मालिक को नुकसान पहुँचाने की भी धमकी दे देते है।
 

मकान मालिक द्वारा किराएदार की बेदखली के मुख्य कारण

  • किराएदार के द्वारा समय पर किराया नहीं देने पर।
  • रेंट एग्रीमेंट में लिखे नियमों का पालन न करना, जैसे मकान में बिना अनुमति के बदलाव करना।
  • यदि किराएदार मकान का उपयोग किसी गैर-कानूनी गतिविधि जैसे नशीले पदार्थों का व्यापार, जुआ, या अन्य अवैध कामों के लिए करता है।
  • जब मकान मालिक या उसके परिवार के सदस्यों को मकान निजी उपयोग (Personal Use) के लिए चाहिए, जैसे रहने के लिए।
  • जब मकान की स्थिति इतनी खराब हो गई हो और उसमें मरम्मत कराने या दोबारा से बनवाने की आवश्यकता हो।
  • यदि किराएदार के व्यवहार से पड़ोसियों को बार-बार परेशानी हो रही हो, जैसे शोर-शराबा करना या झगड़े करना।
  • यदि किराएदार ने घर को बिना मकान मालिक की अनुमति के किसी और को किराये पर दे दिया हो।
 

किराये की प्रॉपर्टी खाली करवाने से संबधित मकान मालिक के कानूनी अधिकार

यदि किराएदार घर खाली करने से इनकार करता है, तो मकान मालिक के पास कुछ कानूनी अधिकार (Legal Rights) होते हैं। इन अधिकारों का उपयोग घर खाली कराने के लिए किया जा सकता है। आइए इसे विस्तार से समझते हैं।



1. लिखित किरायेदारी समझौता बनवाने का अधिकार

मकान मालिक को हमेशा इस बात का ध्यान देना चाहिए की वो जब भी अपना घर किसी व्यक्ति को किराये पर दे तो उसी समय एक लिखित समझौता यानि रेंट एग्रीमेंट तैयार करवा ले। इस समझौते में किराये की जानकारी, किराया देने का समय, और मकान खाली करने की शर्तों के बारे में साफ तौर पर लिखा होना चाहिए।



2. किरायेदारी समाप्त करने का नोटिस भेजने का अधिकार

यदि किराएदार समझौते की किसी भी नियम व शर्तों का उल्लंघन (Violation) करता है तो उस संपत्ति का मालिक रेंट एग्रीमेंट को समाप्त करने के लिए किराएदार को नोटिस जारी कर सकता है। ऐसे मामलों में घर खाली करने के लिए आमतौर पर एक महीने का नोटिस दिया जाता है।

यदि किराएदार नोटिस के बाद भी मकान खाली नहीं करता, तो उस संपत्ति का मालिक कोर्ट का सहारा ले सकता है।



3. कानूनी आधारों पर मकान खाली कराने का अधिकार

घर के मालिक के पास किराएदार से घर को खाली कराने के लिए कई कानूनी आधार (Legal Bases) भी हो सकते हैं, यदि किराएदार रेंट एग्रीमेंट या किराये के लिए बनाए गए समझौते के किसी भी नियम का उल्लंघन करता है तो उस आधार पर भी उससे घर खाली करवाने का अधिकार मालिक के पास होता है, जैसे किराया समय पर ना देना, घर का गलत कार्यों में इस्तेमाल करना आदि।



4. किरायेदारी के लिए बने कानूनों का सहारा लेने का अधिकार

भारत में ऐसे मामलों से निपटने के लिए कई कानून बनाए गए है, जिनका इस्तेमाल करके मकान मालिक घर खाली करवा सकता है। उदाहरण के लिए रेंट कंट्रोल एक्ट व अन्य कानून।  



5. कोर्ट में घर को खाली करवाने का मुकदमा दर्ज करने का अधिकार

यदि घर के मालिक के पास किराएदार से अपने घर को खाली करवाने का वैध (Valid) कारण है और फिर भी किराएदार घर खाली करने से मना करता है तो घर का मालिक कोर्ट में केस दर्ज करवाकर भी सहायता प्राप्त कर सकता है।  



6. घर खाली करवाने के लिए पुलिस की सहायता लेना

यदि किराएदार अवैध (Illegal) तरीके से घर पर कब्जा बनाए रखता है, तो मकान मालिक पुलिस में शिकायत दर्ज करा सकता है। मकान मालिक पुलिस की मदद से अपने घर को खाली करवाने के लिए सहायता प्राप्त कर सकता है।  



7. आपसी समझौते का अधिकार

किराएदार और मकान मालिक के बीच आपसी बातचीत (Mutual Conversation) के द्वारा भी समाधान निकाला जा सकता है। अगर दोनों पक्ष एक दूसरे की बातों को मानने के लिए सहमत (Agree) हो जाते है तो कानूनी प्रक्रिया व फालतू के खर्चों से आसानी से बचा जा सकता है।  



किराएदार से मकान खाली करवाने की कानूनी प्रक्रिया

किराएदार से मकान खाली करवाना एक जटिल कानूनी प्रक्रिया हो सकती है। आइए इस पूरी प्रक्रिया को सरल भाषा में विस्तार से जानते है।

  1. नोटिस भेजना: इस प्रक्रिया में सबसे पहले आपको किराएदार को एक कानूनी नोटिस (Legal Notice) भेजना होगा। इस नोटिस में मकान खाली करने की तारीख और कारणों को साफ तौर पर बताना होगा। नोटिस भेजने के बाद किराएदार को घर खाली करने के लिए 15 से 30 दिन का समय दिया जाता है।
  2. न्यायालय में याचिका: यदि किराएदार आपके द्वारा दिए गए नोटिस का पालन नहीं करता है, तो आप मकान खाली करवाने के लिए न्यायालय में याचिका दायर (Petition filled) कर सकते हैं।
  3. सुनवाई: न्यायालय दोनों पक्षों को सुनवाई (Hearing) के लिए बुलाएगा। आपको कोर्ट के सामने घर खाली करवाने के सभी सही कारणों को बताना होगा और अपनी बात को साबित करने के लिए आवश्यक सबूत (Evidence) भी पेश करने होंगे।  
  4. आदेश: न्यायालय दोनों पक्षों की सुनवाई के बाद अपना आदेश पारित (Order Passed) करेगा। यदि न्यायालय आपके पक्ष में फैसला देता है, तो वह किराएदार को मकान खाली करने का आदेश देगा।
  5. पुलिस की सहायता लेना: यदि किराएदार न्यायालय के आदेश का पालन नहीं करता है, तो आप पुलिस की मदद से मकान खाली करवा सकते हैं।

ध्यान में रखने योग्य महत्वपूर्ण बातें:

  • कानून का पालन करें: बिना अदालत के आदेश के किराएदार को घर से जबरदस्ती बाहर निकालना गैर-कानूनी है।
  • शांति से काम ले: किराएदार से शांति से बात करें व किसी भी प्रकार का झगड़ा ना करें।


किराएदार से अपने घर को खाली करवाने के लिए कानूनी नोटिस भेजना - फॉर्मेट और प्रक्रिया

किराएदार से मकान खाली करवाने के लिए कानूनी नोटिस भेजना पहला और सबसे जरूरी कदम होता है। कानूनी नोटिस एक ऐसा दस्तावेज (Document) है, जो इसलिए भेजा जाता है ताकि किराएदार को पता चल सके की मकान मालिक घर खाली करने की मांग कर रहा है। आइए जानते हैं कि कानूनी नोटिस कैसे तैयार किया जाता है और इसे कैसे भेजा जाता है।



कानूनी नोटिस तैयार करने की प्रक्रिया

कानूनी नोटिस तैयार करने के लिए सबसे पहले आप को इस बात का ध्यान रखना होगा कि आपके पास किराएदार से घर खाली करवाने का सही यानि वैध कारण (Valid Reason) होना चाहिए। नोटिस तैयार करने के लिए आप किसी अच्छे वकील से भी सलाह ले सकते है। वकील सभी कानूनी बातों का ध्यान रखते हुए नियमों के अनुसार नोटिस तैयार करके आपको देगा।



नोटिस में क्या-क्या जानकारी लिखी होनी चाहिए?

  • मकान मालिक और किराएदार की जानकारी जैसे दोनों का नाम, पता, और फोन नंबर।
  • किराये की राशि, और समझौते की शर्तों की जानकारी।
  • मकान खाली करने का कारण।
  • मकान खाली करने के लिए 15-30 दिन का समय दे।
  • यदि किराएदार समय सीमा के अंदर घर खाली नहीं करता, तो अदालत में मामला दर्ज करने की सूचना भी इसी नोटिस में लिखी जानी चाहिए।


नोटिस के साथ किन दस्तावेजों की आवश्यकता पड़ती है?

  • रेंट एग्रीमेंट की कॉपी।
  • किराये के भुगतान (Payment) से संबंधित रसीदें।
  • बाकी बचे हुए बकाया (Balance) किराये की जानकारी।

नोटिस भेजने का तरीका

जब नोटिस तैयार हो जाए तो उसे एक बार अच्छे से पढ़ ले और फिर डाक द्वारा, ईमेल द्वारा या किसी अन्य तरीके से किराएदार तक पहुँचाए।

नोटिस भेजने के बाद की प्रक्रिया

  • यदि किराएदार नोटिस का पालन नहीं करता है, तो अदालत में मामला दर्ज करवा सकते है।
  • अदालत में नोटिस की कॉपी और संबंधित दस्तावेज़ प्रस्तुत करें।


किरायेदार को दिए जाने वाली कानूनी नोटिस का प्रारूप (Format)

दिनांक: ___________ 
प्रेषक: ___________ 
(मकान मालिक का नाम और पता) 
प्राप्तकर्ता: ___________ 
(किराएदार का नाम और पता) 

विषय: मकान खाली करने के लिए कानूनी नोटिस। 

श्रीमान/श्रीमती, 

इस नोटिस द्वारा आपको सूचित किया जाता है कि आप जिस मकान में किराये पर रह रहे हैं (पता: ___________), उसे आपको इन कारणों के कारण खाली करना होगा।

 
  1. (घर खाली करवाने का कारण)। 
  2. (शर्तों का उल्लंघन किया गया है तो उसे कारणों को भी लिखें)। 

आपसे अनुरोध किया जाता है कि इस नोटिस के मिलने के 30 दिनों के अंदर मकान खाली कर दें। नहीं तो, मुझे आपके खिलाफ कानूनी कार्रवाई करनी पड़ेगी।   
आपका, 
(हस्ताक्षर) 
मकान मालिक 



भारत में किराएदार के खिलाफ केस दर्ज करने के लिए बनाए गए कानून व प्रक्रिया

कुछ उपयोगी कानून मकान मालिक को यह अधिकार देते हैं कि वह कानूनी प्रक्रियाओं का पालन करते हुए किराएदार के खिलाफ केस दर्ज कर सके। यहां उन सभी कानूनों और उनकी धाराओं की जानकारी दी गई है, जिनके तहत मकान खाली करवाने के लिए कार्रवाई की जा सकती है:

1. रेंट कंट्रोल एक्ट (Rent Control Act) - यह कानून भारत के लगभग हर राज्यों में लागू है, लेकिन प्रत्येक राज्य में इसके नियम अलग-अलग हो सकते हैं। इस कानून के तहत मकान मालिक कई कारणों से किराएदार के खिलाफ केस दर्ज कर सकता है, जैसे:- किराया ना देने पर, मकान का गलत इस्तेमाल करने पर।

केस दर्ज करवाने की प्रक्रिया:

इस कानून के तहत केस दर्ज करवाने के लिए घर के मालिक को अदालत में आवेदन करना होगा और सभी जरुरी दस्तावेज व सबूत (Documents & Evidence) पेश करने होंगे। इस प्रक्रिया में वकील की मदद लेकर सिविल कोर्ट में केस दर्ज किया जाता है।

2. ट्रांसफर ऑफ प्रॉपर्टी एक्ट, 1882 (Transfer of Property Act, 1882)

धारा 106: यह धारा रेंट एग्रीमेंट को समाप्त करने से संबंधित है। मकान मालिक किराएदार को 15 से 30 दिन का नोटिस देकर किराये के समझौते को समाप्त कर सकता है। यदि किराएदार मकान खाली नहीं करता, तो मकान मालिक कोर्ट में मामला दर्ज कर सकता है।

3. भारतीय न्याय संहिता (Bhartiya Nyays Sanhita, BNS)

(i) धारा 329 (अतिक्रमण) - यदि किराएदार रेंट एग्रीमेंट में दिए गए समय के खत्म होने के बाद भी मकान खाली नहीं करता, तो यह "अवैध अतिक्रमण" के अंतर्गत आएगा। ऐसे मामलों में मकान मालिक BNS की धारा 329 के तहत शिकायत दर्ज कर सकता है।

(ii) धारा 316(2) (आपराधिक विश्वासघात) - यदि किराएदार मकान का गलत कार्यों के लिए इस्तेमाल करता है, तो यह आपराधिक विश्वासघात का अपराध माना जा सकता है।

(iii) धारा 318 (धोखाधड़ी) - यदि किराएदार ने मकान किराये पर लेने के समय झूठी जानकारी (False Information) दी या समझौते का उल्लंघन किया, तो उस पर धारा 318 के तहत कार्यवाही की जा सकती है।

निष्कर्ष:- किराये के घर में रहने वाले व्यक्ति से लेकर मकान मालिक तक दोनों को कानूनी रुप से कई अधिकार दिए जाते है, इसलिए ऐसे मामलों में किसी भी प्रकार के विवाद से बचना चाहिए। यदि आप किराएदार से परेशान हैं और कानूनी सलाह घर बैठे पाना चाहते है, तो अभी Lawrato पर अनुभवी वकील से संपर्क करें। मुफ्त कानूनी सलाह पाने के लिए अभी नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें।  



अपने कानूनी मुद्दे के लिए अनुभवी मकान मालिक किरायेदार वकीलों से सलाह प्राप्त करें

अक्सर पूछे जाने वाले सवाल


मकान खाली करवाने का अधिकार किसे होता है और वह कब अपना मकान खाली करवा सकता है?

मकान खाली करवाने का अधिकार मकान मालिक को होता है, लेकिन इसके लिए मकान मालिक को कानूनी प्रक्रिया का पालन करना पड़ता है। यदि किराएदार किराया नहीं चुका रहा है या समझौता की शर्तों का उल्लंघन कर रहा है, तो मकान मालिक कानूनी रूप से किराएदार से मकान खाली करवा सकता है।



अगर किराएदार कोर्ट का आदेश को मानने से इनकार करता है तो क्या होगा?

यदि किराएदार न्यायालय के आदेश का पालन नहीं करता है, तो आप पुलिस की मदद से मकान खाली करवा सकते हैं।



मकान खाली करने के लिए कितने दिन पहले नोटिस देना होता है?

आमतौर पर नोटिस देते समय किराएदार को 15 से 30 दिन का समय दिया जाना चाहिए।  



किराएदार द्वारा मकान खाली न करने पर क्या कानूनी कार्रवाई की जा सकती है?

यदि किराएदार मकान खाली नहीं करता, तो घर का मालिक रेंट कंट्रोल एक्ट के तहत कोर्ट में मामला दर्ज करवा सकता है। इसके अलावा, यदि किराएदार रेंट एग्रीमेंट के नियमों व शर्तों का उल्लंघन करता है, तो आपराधिक अतिक्रमण, विश्वासघात य धोखाधड़ी के तहत भी मामला दर्ज किया जा सकता है।