तलाक लेने में कितने दिन का समय लगता है - एकतरफा और आपसी सहमति तलाक प्रक्रिया
भारत में तलाक सिर्फ एक कानूनी मामला नहीं, बल्कि सामाजिक और भावनात्मक संघर्ष भी है। खराब वैवाहिक संबंध, घरेलू हिंसा, दहेज विवाद, जैसे कारणों के कारण तलाक के मामलों में तेजी से बढ़ोतरी देखी गई है। आज के समय जब पति-पत्नी अपने रिश्ते को खत्म करने का फैसला कर लेते हैं, तो उन्हें एक लंबी कानूनी लड़ाई का सामना करना पड़ता है। आपसी सहमति से तलाक लेने वाले जोड़ों को भी कई महीनों का इंतजार करना पड़ता है, जबकि विवादित तलाक के मामलों में सालों तक कोर्ट के चक्कर लगाने पड़ सकते हैं। आज के लेख में हम तलाक में लगने वाले समय के बारे में विस्तार से आपको जानकारी देंगे कि, भारत में तलाक की प्रक्रिया में कितने दिन तक चलती है? आपसी सहमति व एकतरफा तलाक में कितना समय लगता है? तलाक की प्रक्रिया में देरी क्यों होती है?
बहुत से लोग आज भी यह मानते हैं कि तलाक बस एक पेपर पर साइन करके हो जाता है, लेकिन हकीकत इससे कहीं ज्यादा अलग है। कई शादी-शुदा जोड़े कानूनी प्रक्रिया की जानकारी न होने के कारण सालों तक फंसे रहते हैं और मानसिक, आर्थिक और सामाजिक परेशानियों का सामना करते हैं। इसलिए यह जरूरी है कि हर व्यक्ति चाहे वह खुद तलाक की स्थिति में हो या किसी अपने को कानूनी सलाह देना चाहता हो तलाक की प्रक्रिया, इसमें होने वाली देरी और इसे जल्दी पूरा करने के तरीकों को अच्छे से समझे।
विषयसूची
- तलाक क्या है?
- भारत में तलाक कितने दिनों में मिलता है?
- आपसी सहमति से तलाक (Mutual Divorce) कितने समय में मिलता है?
- आपसी सहमति से तलाक की प्रक्रिया और लगने वाला समय
- एकतरफा तलाक (Contested Divorce) में कितना समय लगता है?
- एकतरफा तलाक लेने की प्रक्रिया में लगने वाला समय
- मुस्लिम, ईसाई और पारसी समुदाय में तलाक लेने में कितना समय लगता है?
- इंडिया में तलाक की प्रक्रिया में देरी क्यों होती है?
- अक्सर पूछे जाने वाले सवाल
तलाक क्या है?
तलाक (Divorce) का मतलब होता है शादी का कानूनी तौर पर टूट जाना। जब पति-पत्नी के बीच रिश्ते इतने खराब हो जाते हैं कि उनके साथ रहना मुश्किल हो जाता है, तो वे अदालत में जाकर तलाक के लिए अर्जी (Application) दे सकते हैं। लेकिन इसके लिए एक लंबी कानूनी प्रक्रिया का सामना करना पड़ता है, जिसके बाद अदालत की मंजूरी मिलते ही उनका रिश्ता कानूनी रूप से खत्म हो जाता है।
भारत में तलाक को मुख्य रूप से दो भागों में बांटा जा सकता है:
आपसी सहमति से तलाक (Mutual Divorce): इसका मतलब है जब पति और पत्नी दोनों मिलकर तलाक लेने का फैसला करते हैं। इसमें दोनों पक्ष अदालत में एक साथ तलाक के लिए कोर्ट में आवेदन (Application) देते हैं और बताते हैं कि वे अलग होना चाहते हैं। यह तलाक का सबसे आसान और कम खर्चीला तरीका है। इसमें अदालत ज्यादा पूछताछ नहीं करती बस यह देखती है कि दोनों पक्ष अपनी मर्जी से अलग हो रहे हैं या नहीं। यह तलाक जल्दी हो जाता है, क्योंकि इसमें कोई लड़ाई-झगड़ा नहीं होता।
एकतरफा तलाक (Contested Divorce): इसका मतलब है जब सिर्फ एक पक्ष (यानि पति या पत्नी में से कोई एक) तलाक चाहता है, और दूसरा पक्ष नहीं। इसमें एक पक्ष अदालत में अर्जी देता है और तलाक लेने के लिए कारण बताता है। दूसरे पक्ष को अदालत में जवाब देना होता है, और मामला लंबा चल सकता है। यह तलाक थोड़ा मुश्किल होता है, क्योंकि इसमें दोनों पक्षों के बीच लड़ाई होती है। एकतरफा तलाक में अदालत को सबूतों की जांच करनी होती है, और यह तय करना होता है कि तलाक होना चाहिए या नहीं।
भारत में तलाक कितने दिनों में मिलता है?
तलाक कितने दिनों में मिलेगा यह इस पर निर्भर करता है कि वह आपसी सहमति से लिया जा रहा है या एकतरफा तलाक है। इसके अलावा, कोर्ट की कार्यवाही, सबूतों, और दोनों पक्षों की सहमति जैसी कई बातों के कारण भी तलाक में ज्यादा समय लगने का कारण बनती है। आइये इसे विस्तार से समझते है:-
आपसी सहमति से तलाक (Mutual Divorce) कितने समय में मिलता है?
अगर पति-पत्नी दोनों राजी-खुशी एक साथ मिलकर तलाक लेना चाहते हैं, तो यह सबसे आसान तरीका है। इसमें आमतौर पर 6 महीने से 1 साल तक का समय लगता है।
आपसी सहमति से तलाक के लिए नियम व शर्तें:
कम से कम 1 साल की शादी: तलाक लेने से पहले आपकी शादी को कम से कम 1 साल हो जाना चाहिए। अगर आपकी शादी को 1 साल नहीं हुआ है, तो आप आमतौर पर तलाक नहीं ले सकते।
कम से कम 1 साल तक अलग होना: तलाक लेने से पहले पति और पत्नी को कम से कम 1 साल तक अलग-अलग रहना चाहिए। यह ज़रूरी नहीं है कि दोनों एक साथ एक ही घर में न रहें, इसका मतलब है कि उनके बीच पति-पत्नी का रिश्ता खत्म हो जाना चाहिए।
दोनों की पूरी सहमति: अगर आप आपसी सहमति से तलाक ले रहे हैं, तो पति और पत्नी दोनों को तलाक के लिए पूरी तरह से तैयार होना चाहिए। किसी एक के भी मना करने पर तलाक नहीं हो सकता।
संपत्ति, बच्चों और खर्चे पर सहमति: तलाक के दौरान पति-पत्नी को कुछ बातों पर सहमत होना ज़रूरी होता है:
- संपत्ति का बंटवारा: शादी के दौरान जो भी संपत्ति (Property) बनी है, उसे कैसे बांटा जाएगा।
- बच्चों की देखभाल (कस्टडी): अगर बच्चे हैं, तो उनकी देखभाल कौन करेगा और उनसे कौन मिल सकेगा।
आपसी सहमति से तलाक की प्रक्रिया और लगने वाला समय
- चरण 1: तलाक की अर्जी दाखिल करना : इस प्रक्रिया में पति और पत्नी दोनों मिलकर फैमिली कोर्ट में एक अर्जी देते हैं। इस अर्जी में वे बताते हैं कि वे दोनों तलाक लेना चाहते हैं। इस अर्जी के साथ कुछ जरूरी कागजात (Documents) भी जमा करने होते हैं। इस काम में लगभग एक से दो दिन तक का समय लग सकता है।
- चरण 2: पहली सुनवाई: इसके बाद कोर्ट तलाक की अर्जी या आवेदन को स्वीकार करता है और दोनों पक्षों की बातों को सुनता है। कोर्ट यह देखता है कि दोनों पक्ष अपनी मर्जी से तलाक ले रहे हैं या नहीं। इस प्रक्रिया में लगभग एक से दो महीने लग सकते हैं।
- चरण 3: 6 महीने की वेटिंग पीरियड: सुप्रीम कोर्ट के नियम के अनुसार कोर्ट 6 महीने का समय देता है। इस दौरान पति-पत्नी को एक बार फिर सोचने का मौका मिलता है। अगर वे चाहें तो इस दौरान तलाक वापस ले सकते हैं। सुप्रीम कोर्ट के एक फैसले के अनुसार अगर कोर्ट को लगता है कि दोनों पक्षों का रिश्ता पूरी तरह खत्म हो चुका है, तो वह 6 महीने की वेटिंग पीरियड खत्म कर सकता है।
- चरण 4: अंतिम सुनवाई और तलाक डिक्री जारी करना: अगर 6 महीने बाद भी दोनों तलाक चाहते हैं, तो कोर्ट तलाक को मंजूरी (Approval) दे देता है। कोर्ट तलाक का आदेश (डिक्री) जारी करता है। इस अंतिम प्रक्रिया में भी एक से दो महीने का समय लग सकता है।
कुल समय: आपसी सहमति से तलाक में आमतौर पर 6 महीने से 1 साल तक का समय लगता है। यह समय कोर्ट की कार्यवाही पर निर्भर करता है, यदि कोर्ट में पहले से ही ऐसे कई मामले चल रहे है तो समय अधिक लग सकता है।
एकतरफा तलाक (Contested Divorce) में कितना समय लगता है?
अगर पति या पत्नी में से कोई एक पक्ष (यानि पति या पत्नी में से कोई एक) अगर तलाक नहीं चाहता तो यह थोड़ा मुश्किल होता है। इसमें 2 से 5 साल या उससे भी ज्यादा समय लग सकता है। इसको समझने के लिए यहाँ इसकी पूरी प्रक्रिया दी गई है:
तलाक के कानूनी आधार:
हिंदू विवाह अधिनियम, 1955 के तहत एकतरफा तलाक लेने के लिए सही कारण व कुछ कानूनी आधारों (Legal Bases) का होना जरुरी है जो कि इस प्रकार है:-
- व्यभिचार – अगर पति या पत्नी किसी अन्य व्यक्ति के साथ अवैध संबंध रखते हैं।
- क्रूरता – मानसिक या शारीरिक उत्पीड़न होने पर।
- परित्याग – बिना किसी कारण के 2 साल तक छोड़कर चला जाना।
- धर्म परिवर्तन – बिना एक दूसरे की सहमति के धर्म बदल लेने पर।
- मानसिक विकार – गंभीर मानसिक बीमारी होने पर।
- असाध्य रोग – एड्स, कुष्ठ रोग जैसी गंभीर बीमारी।
- अयोग्यता – अगर पति या पत्नी शारीरिक संबंध बनाने के काबिल नही हैं।
- 7 साल से अधिक समय तक लापता – यदि पति या पत्नी 7 साल से गायब हैं।
एकतरफा तलाक लेने की प्रक्रिया में लगने वाला समय
- याचिका दाखिल करना: एकतरफा तलाक लेने के लिए पति या पत्नी में से कोई एक पक्ष कोर्ट में तलाक की अर्जी देता है। जिसमें 1-3 महीने का समय लग सकता हैं।
- नोटिस भेजना: इसके बाद कोर्ट दूसरे पक्ष को नोटिस भेजता है। इसमें कम से कम 1 से 2 महीने लगते हैं।
- जवाब दाखिल करना: नोटिस मिलने के बाद दूसरा पक्ष नोटिस का जवाब देता है। इसके बाद अगर वह तलाक के लिए राजी नहीं होता, तो केस लंबा चलता है। इसमें 2-6 महीने लग सकते हैं।
- सबूत और गवाही: कोर्ट दोनों पक्षों की बातें सुनता है और गवाहों की गवाही लेता है। इसमें 6 महीने से 2 साल लग सकते हैं।
- अंतिम फैसला: अगर कोर्ट को लगता है कि तलाक सही है, तो वह तलाक मंजूर कर देता है। इसमें 6 महीने से 2 साल लग सकते हैं।
कुल समय: एकतरफा तलाक में 2 साल से 5 साल या उससे अधिक (अगर दूसरा पक्ष अपील करता है, तो यह 10 साल तक भी चल सकता है)।
मुस्लिम, ईसाई और पारसी समुदाय में तलाक लेने में कितना समय लगता है?
भारत में तलाक को विभिन्न धर्मों के लिए अलग-अलग कानूनों के तहत नियंत्रित किया जाता है। उदाहरण के लिए, हिंदू विवाह अधिनियम, मुस्लिम पर्सनल लॉ, विशेष विवाह अधिनियम, ईसाई विवाह अधिनियम आदि।
1. मुस्लिम तलाक लेने में कितने दिन लगते है?
मुस्लिम कानून में तलाक के कई तरीके हैं, और हर तरीके में अलग-अलग समय लगता है:
- खुला : अगर पत्नी तलाक चाहती है, तो इसे 'खुला' कहा जाता है। यह प्रक्रिया 3 से 6 महीने में पूरी हो सकती है।
- तलाक-ए-अहसन: यह भी तलाक का एक तरीका है जिसमें 3 महीनों का समय लगता है। इस तरीके में 3 बार अलग-अलग समय पर तलाक दिया जाता है, जिससे 3 से 6 महीने तक का समय लगता है।
- तीन तलाक (अब अवैध): पहले यह तलाक तुरंत हो जाता था, लेकिन अब इसे भारत में गैर-कानूनी (Illegal) माना जाता है।
2. ईसाई तलाक प्रक्रिया:
ईसाई समुदाय में तलाक के लिए पति और पत्नी को 2 साल तक अलग रहना होता है। इस प्रक्रिया में आमतौर पर 3 से 5 साल तक का समय लग सकता है।
3. पारसी तलाक प्रक्रिया:
पारसी विवाह और तलाक अधिनियम, 1936 के अनुसार, पारसी समुदाय में तलाक लेने में 1 से 3 साल तक का समय लग सकता है।
इंडिया में तलाक की प्रक्रिया में देरी क्यों होती है?
भारत में तलाक की प्रक्रिया कई कारणों से लंबी खिंच जाती है। इसके पीछे कई वजहें होती हैं, जैसे कि तलाक का तरीका, कानूनी प्रक्रिया, कोर्ट में चल रहे मामले, और पति-पत्नी के बीच झगड़े।
1. तलाक के अलग-अलग तरीकों के कारण:
- आपसी सहमति से तलाक: अगर पति पत्नी दोनों राजी-खुशी तलाक लेना चाहते हैं, तो भी कम से कम 6 महीने का इंतजार करना पड़ता है। कभी-कभी दोनों के बीच सहमति (Consent) बनने में देर हो जाती है, जिससे समय और बढ़ जाता है।
- एकतरफा तलाक: जब एक पक्ष तलाक चाहता है और दूसरा नहीं, तो मामला कोर्ट में लंबा चलता है। कोर्ट को दोनों की बातें सुननी पड़ती हैं, सबूत देखने पड़ते हैं, जिससे बहुत समय लगता है।
2. कोर्ट की प्रक्रिया में देरी:
- कानूनी नोटिस और सुनवाई में देरी: जब तलाक का केस दर्ज होता है, तो दूसरे पक्ष को नोटिस भेजा जाता है, जिसमें 1-2 महीने लग जाते हैं। कई बार दूसरा पक्ष नोटिस लेने से मना कर देता है या कोर्ट में जवाब नहीं देता, जिससे मामला और लंबा हो जाता है। कोर्ट को बार-बार समन (Summon) भेजना पड़ता है।
- अदालत में लंबित (Pending) मामलों की अधिक संख्या: भारत में कोर्ट में पहले से ही बहुत सारे केस चल रहे होते हैं, फैमिली कोर्ट में तलाक के अलावा और भी पारिवारिक मामले चलते हैं, जिससे तारीख मिलने में देरी होती है। एक बार तारीख मिलने के बाद दूसरी तारीख के लिए महीनों का इंतजार करना पड़ता है।
3. पति-पत्नी के बीच झगड़े और उलझनें:
- सहमति न बन पाना: कई बार दोनों तलाक तो चाहते हैं, लेकिन संपत्ति, बच्चों की देखभाल या खर्चे को लेकर सहमत नहीं हो पाते। अगर समझौता (Compromise) नहीं होता, तो केस लंबा चलता है।
- झूठे आरोप या गलत दावे: कभी-कभी एक-दूसरे पर झूठे आरोप (False Blames) लगाते हैं, जैसे कि मारपीट, दहेज, या दूसरे के साथ संबंध। इन आरोपों की जांच में और समय लगता है।
- परिवार और समाज का दबाव: भारत में तलाक को अच्छा नहीं माना जाता। कई बार परिवार या समाज के दबाव में दोनों हिचकिचाते हैं, जिससे मामला लंबा खिंच जाता है।
4. बच्चों की देखभाल और संपत्ति का झगड़ा:
अगर किसी पति पत्नी के बच्चे हैं, तो उनकी देखभाल कौन करेगा यह तय करना मुश्किल होता है। जिससे कोर्ट को फैसला लेने में समय लगता है।
- संपत्ति और पैसे का झगड़ा: अगर संपत्ति का बंटवारा या खर्चा तय नहीं होता, तो मामला और उलझ जाता है। कई बार एक पक्ष दूसरे से ज्यादा संपत्ति मांगता है, जिससे केस लंबा चलता है।
5. वकीलों के कारण होने वाली देरी:
कुछ वकील जानबूझकर केस लंबा खींचते हैं ताकि उनकी फीस बढ़ती रहे। कुछ वकील कानूनी उलझनों का फायदा उठाकर सुनवाई (Hearings) टालते रहते हैं। यदि दोनों पक्षों के वकील बार-बार नई दलीलें (Arguments) पेश करते हैं, तो कोर्ट को अधिक समय देना पड़ता है।
निष्कर्ष: तलाक एक कठिन फैसला होता है, लेकिन सही कानूनी जानकारी होने से यह प्रक्रिया आसान हो सकती है। अगर आप तलाक से जुड़े किसी भी कानूनी मुद्दे पर वकील की सलाह या सहायता चाहते हैं, तो आज ही हमारे अनुभवी वकीलों से घर बैठे संपर्क करें और अपनी समस्या का समाधान पाएं।
अक्सर पूछे जाने वाले सवाल
शादी के कितने दिन बाद तलाक ले सकते हैं?
भारत में तलाक लेने के लिए शादी के कम से कम 1 साल बाद आवेदन किया जा सकता है। अगर शादी के एक साल के भीतर तलाक लेना हो, तो "असाधारण परिस्थितियों" (जैसे कि घरेलू हिंसा, मानसिक या शारीरिक यातना) को साबित करना होगा तभी कोर्ट इस पर विचार करेगा।
आपसी सहमति से तलाक में 6 महीने का इंतजार जरूरी है?
हां, आपसी सहमति से तलाक (Mutual Divorce) में आमतौर पर 6 महीने का कूलिंग पीरियड होता है। इसका मतलब यह है कि तलाक की पहली अर्जी के बाद पति-पत्नी को 6 महीने का समय दिया जाता है ताकि वे अपने फैसले पर फिर से विचार कर सकें। हालांकि, कुछ मामलों में सुप्रीम कोर्ट इस अवधि को कम करने की अनुमति दे सकता है।
एकतरफा तलाक में कोर्ट कितना समय लेता है?
एकतरफा तलाक (Contested Divorce) में समय ज्यादा लगता है क्योंकि इसमें सुनवाई, गवाह, सबूत और दोनों पक्षों की दलीलें सुनी जाती हैं। इसमें कम से कम 2 से 5 साल तक का समय लग सकता है।
तलाक के बाद दूसरी शादी कितने दिन में कर सकते हैं?
तलाक के बाद दूसरी शादी तभी कर सकते हैं जब कोर्ट का अंतिम आदेश (Divorce Decree) मिल जाए। आमतौर पर तलाक के फैसले के खिलाफ अपील करने के लिए 90 दिन (3 महीने) का समय दिया जाता है। अगर कोई अपील नहीं होती, तो 90 दिनों के बाद आप दूसरी शादी कर सकते हैं।