पुलिस बदतमीज़ी या मारपीट के खिलाफ शिकायत कहाँ और कैसे करे



पुलिस का काम कानून की रक्षा करना होता है, लेकिन जब वही पुलिस अपनी ताकत का गलत इस्तेमाल कर आम लोगों को डराने, धमकाने, मारने या झूठे केस में फंसाने लगे, तो लोगों का कानून से भरोसा उठ जाता है। इसलिए हर नागरिक को यह जानना जरूरी है कि पुलिस क्या कर सकती है और क्या नहीं। पुलिस की बदतमीजी, गाली गलौच या मारपीट की लिखित शिकायत (Written Complaint) उस एरिया के पुलिस स्टेशन में कर सकते है। शिकायत में आपको पुलिस अधिकारी का नाम, बैच नंबर, घटना का स्थान, समय और गवाह की जानकारी देनी होगी। इस लेख में आज हम आपको पुलिस उत्पीड़न के खिलाफ शिकायत की प्रक्रिया विस्तार से बताएंगे, जैसे कि पुलिस के खिलाफ शिकायत कैसे करें? कानून के तहत पुलिस और आपके अधिकार क्या हैं?




पुलिस उत्पीड़न (Police Harassment) क्या होता है?

पुलिस का काम जनता की सुरक्षा करना होता है, लेकिन जब यही पुलिस अपनी ताकत का गलत इस्तेमाल करने लगे, लोगों को डराने, धमकाने या झूठे केस में फंसाने लगे, तो इसे ही पुलिस उत्पीड़न कहा जाता है।



पुलिस उत्पीड़न किन तरीकों से हो सकता है?

पुलिस उत्पीड़न कई तरह से हो सकता है। ये सिर्फ मारपीट तक नहीं रुकता, बल्कि मानसिक दबाव, धमकी, और कई बार गैरकानूनी तरीके से परेशान करना भी इसमें आता है। नीचे इसके कुछ मुख्य प्रकार दिए गए हैं:
 

  1. शारीरिक उत्पीड़न (Physical Harassment): जब पुलिस बिना वजह किसी व्यक्ति को मारती-पीटती है, जोर-जबरदस्ती करती है, तो इसे शारीरिक उत्पीड़न कहा जाता है।
  2. मानसिक उत्पीड़न (Mental Harassment): कई बार पुलिस सीधे हाथ नहीं उठाती, लेकिन बार-बार थाने बुलाना, धमकाना, डराना, या झूठे केस में फंसाने की धमकी (Threat) देना मानसिक उत्पीड़न होता है।
  3. मौखिक उत्पीड़न (Verbal Abuse): पुलिस अगर गाली-गलौच करें, जातिसूचक शब्दों बोले या किसी व्यक्ति की बेइज्जती करती है, तो यह भी उत्पीड़न माना जाता है।
  4. कानूनी प्रक्रिया का दुरुपयोग (Misuse of Legal Power): अगर पुलिस बिना वारंट घर में घुस जाए, जबरदस्ती तलाशी ले, या बिना कारण हिरासत (Custody) में ले ले, तो यह उनके अधिकारों का दुरुपयोग (Misuse) है और उत्पीड़न के अंतर्गत आता है।
  5. झूठे आरोप लगाना (False Allegations): जब पुलिस किसी निर्दोष व्यक्ति पर झूठा केस (False Case) बनाती है, या बिना सबूत के एफआईआर दर्ज करती है, तो इसे भी उत्पीड़न कहा जाता है।


कानून के तहत पुलिस की सीमाएं और अधिकार क्या हैं?

पुलिस को कानून ने कुछ अधिकार दिए हैं, ताकि वह अपराध रोक सके और लोगों की सुरक्षा कर सके। लेकिन इन अधिकारों की भी एक सीमा होती है। पुलिस को इन सीमाओं के अंदर रहकर ही काम करना चाहिए। अगर पुलिस इन सीमाओं का उल्लंघन करती है, तो वह गैरकानूनी माना जाता है। नीचे पुलिस की कुछ प्रमुख कानूनी सीमाएं दी गई हैं:

1. बिना वारंट गिरफ्तारी नहीं कर सकती (कुछ मामलों को छोड़कर)

अगर अपराध गंभीर नहीं है (जैसे झगड़ा, गाली-गलौच, साधारण चोट), तो पुलिस को पहले अदालत से गिरफ्तारी वारंट लेना जरूरी होता है। हालांकि अगर अपराध गंभीर है (जैसे हत्या, डकैती), तो पुलिस बिना वारंट भी गिरफ्तार (Arrest) कर सकती है।

2. तलाशी लेने के लिए नियमों का पालन जरूरी है

पुलिस अगर आपके घर या दुकान की तलाशी लेना चाहती है, तो उसे वारंट दिखाना होगा। महिलाओं के कमरे की तलाशी सिर्फ महिला पुलिस ही ले सकती है।

3. थाने में महिला की पूछताछ महिला पुलिस ही कर सकती है

अगर कोई महिला आरोपी या गवाह (Accused or witness) है, तो उससे पूछताछ महिला पुलिस की मौजूदगी में ही होनी चाहिए। रात में महिलाओं की गिरफ्तारी नहीं की जा सकती (शाम 6 बजे के बाद और सुबह 6 बजे से पहले) जब तक कोई विशेष कारण न हो और मजिस्ट्रेट की अनुमति न हो।

4. थर्ड डिग्री यानी मारपीट करना कानूनन मना है

पुलिस के पास किसी भी आरोपी को मारने-पीटने या ज़बरदस्ती किसी अपराध को कबूल करवाने का कोई अधिकार नहीं है। आरोपी के साथ किसी प्रकार की जबरदस्ती करना मानवाधिकारों का उल्लंघन माना जाता है और इसके लिए पुलिस पर भी कार्रवाई हो सकती है।

5. रिश्वत मांगना या लेना अपराध है

अगर कोई पुलिसकर्मी जांच में मदद के बदले आपसे पैसे या कोई फायदा मांगता है, तो इसकी शिकायत की जा सकती है।

6. झूठा केस दर्ज करना या गलत जानकारी देना अपराध है

अगर पुलिस जानबूझकर किसी निर्दोष व्यक्ति के खिलाफ झूठा केस बनाती है, या FIR में गलत जानकारी डालती है, तो यह भी कानून के खिलाफ है।
 

पुलिस बदतमीज़ी या मारपीट पर कौन सी धारा लगती है?

अगर कोई पुलिसकर्मी अपनी ताकत का गलत इस्तेमाल करता है, तो उसके खिलाफ BNS (Bharatiya Nyaya Sanhita) के तहत सख्त कार्रवाई हो सकती है। आइये जानते है कैसे और कब?

  • BNS की धारा 217 (सरकारी पद का गलत इस्तेमाल): अगर कोई सरकारी अधिकारी (जैसे पुलिसकर्मी) अपनी ड्यूटी का गलत इस्तेमाल करता है या कानून के खिलाफ जाकर काम करता है, तो उसके खिलाफ सजा का प्रावधान (Provision) है।
  • BNS की धारा 127 (गैरकानूनी हिरासत और उत्पीड़न): अगर कोई व्यक्ति (जैसे पुलिसकर्मी) जानबूझकर किसी को बिना कानून के बंद करता है या रोकता है, तो यह धारा लागू होती है।
  • BNS की धारा 120 (हिरासत में शारीरिक या मानसिक प्रताड़ना): अगर पुलिस हिरासत में किसी आरोपी को पीटा (Beaten) जाता है या उस पर दबाव बनाया जाता है, तो यह अपराध माना जाएगा। इसमें 7 साल तक की सज़ा (Punishment) हो सकती है।


पुलिस के द्वारा की गई मारपीट या गलत बर्ताव की शिकायत कहाँ और कैसे करें?

अगर पुलिस ने आपके साथ कुछ भी गलत किया है, जैसे बेवजह मारा-पीटा, गाली दी, डराया-धमकाया, झूठे केस में फँसाया या फिर रिश्वत माँगी तो घबराने की जरूरत नहीं है। कानून ने आपको पूरा हक दिया है कि आप उसके खिलाफ आवाज उठा सकें। नीचे बताया गया है कि आप इसकी शिकायत कैसे और कहाँ कर सकते हैं:

1. जिले के बड़े पुलिस अफसर को शिकायत दें

अगर आपके  साथ थाने की पुलिस ने किसी प्रकार का गलत व्यवहार किया है, तो आप सीधे अपने जिले के SP (पुलिस अधीक्षक) या राज्य के DGP (पुलिस महानिदेशक) को लिखित शिकायत (Written Complaint) दे सकते हैं। इस शिकायत में पूरा मामला साफ-साफ, तारीख और जगह के साथ लिखें। अगर कोई गवाह या सबूत हो तो वो भी साथ लगाएं।

2. मानवाधिकार आयोग में शिकायत करें

अगर पुलिस ने आपके अधिकारों को छिना है, तो आप मानवाधिकार आयोग (Human Right Commission) में भी शिकायत कर सकते हैं। आप ये शिकायत घर बैठे ऑनलाइन इस वेबसाइट पर भी कर सकते हैं - www.nhrc.nic.in.

3. कोर्ट में अर्जी लगाएं

अगर पुलिस ने आपके साथ बहुत गलत किया है, तो आप हाई कोर्ट या सुप्रीम कोर्ट में जाकर रिट याचिका (Writ Petition) भी दाखिल कर सकते हैं। जिसमें अदालत पुलिस से जवाब माँगेगी और आपको इंसाफ दिलाएगी।

पुलिस के खिलाफ शिकायत करते समय ध्यान रखने वाली बातें?

अगर आप पुलिस के खिलाफ शिकायत करना चाहते हैं तो ये एक गंभीर और कानूनी कदम होता है। इसलिए कुछ जरूरी बातों का ध्यान रखना बहुत ज़रूरी होता है, ताकि आपकी शिकायत पर सही तरीके से कार्रवाई हो सके।

  • शिकायत हमेशा लिखित में करें: मुंह से बोलकर कुछ बात कहने की बजाय लिखकर अपनी शिकायत करें, ताकि उसका रिकॉर्ड रहे।
  • घटना की तारीख, समय और जगह जरूर लिखें: आपने जो उत्पीड़न झेला है, वो कब, कहां और कैसे हुआ, ये सारी बातें साफ-साफ लिखें। इससे शिकायत की गंभीरता साबित होती है।
  • अगर संभव हो तो सबूत जोड़ें: अगर आपके पास कोई सबूत हैं, जैसे ऑडियो, वीडियो, फोटो, मेडिकल रिपोर्ट या गवाह तो उन्हें भी अपनी शिकायत के साथ जरूर जोड़ें।
  • शिकायत की एक कॉपी अपने पास रखें: आप जिस थाने में या अधिकारी के पास शिकायत जमा कर रहे हैं, वहां रिसीविंग ले लें या किसी अधिकारी से मोहर लगवाकर एक कॉपी अपने पास सुरक्षित रखें।
  • झूठी शिकायत न करें: अगर आप जानबूझकर झूठी शिकायत करते हैं, तो आपके खिलाफ ही कानूनी कार्रवाई हो सकती है। इसलिए हमेशा सच्चाई से अपनी शिकायत करें।
  • कानूनी सलाह लें: अगर मामला गंभीर है और आप पहली बार कानूनी प्रक्रिया से गुजर रहे हैं, तो किसी वकील या कानूनी सलाहकार से सलाह जरूर लें।


पुलिस उत्पीड़न केस में आपके अधिकार

जब भी किसी व्यक्ति का सामना पुलिस से होता है, तो डर और घबराहट होना आम बात है। लेकिन अगर आपको अपने अधिकार पता हों और आप थोड़ी सावधानी बरतें, तो आप पुलिस की गलत हरकतों से खुद को बचा सकते हैं।

आपके अधिकार क्या हैं?

  • गिरफ्तारी की वजह जानने का हक: अगर पुलिस आपको गिरफ्तार करती है, तो आपको ये जानने का पूरा हक है कि आपको किस जुर्म (Crime) में पकड़ा जा रहा है। अगर बिना कारण बताए अगर पुलिस पकड़ती है, तो वो गलत है।
  • परिवार या जान-पहचान वाले को जानकारी देने का हक: गिरफ्तारी के बाद आप अपने परिवार, दोस्त या किसी वकील को सूचना (Information) देने का हक रखते हैं।
  • वकील से मिलने का हक: पुलिस के द्वारा आपको वकील (Lawyer) से मिलने से नहीं रोका जा सकता। आप किसी भी समय अपने वकील से सलाह ले सकते हैं।
  • मारपीट और थर्ड डिग्री से सुरक्षा का हक: पुलिस आपको पूछताछ के नाम पर मार नहीं सकती, धमका नहीं सकती। अगर ऐसा होता है तो आप उनके खिलाफ शिकायत कर सकते हैं।


पुलिस उत्पीड़न के खिलाफ ऑनलाइन शिकायत कैसे करें?

अगर पुलिस ने आपके साथ गलत किया है और आप थाने जाकर शिकायत नहीं करना चाहते, तो आप ऑनलाइन भी घर बैठे शिकायत कर सकते हैं। ये तरीका आसान और सुरक्षित है।

1. मानवाधिकार आयोग की वेबसाइट से शिकायत करें

अगर पुलिस ने आपको मारा, धमकाया, गलत केस में फंसाया या आपके साथ बुरा बर्ताव किया है, तो आप राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग को ऑनलाइन शिकायत भेज सकते हैं।

  • पुलिस के खिलाफ ऑनलाइन कंप्लेंट करने के लिए सबसे पहले मानवाधिकार ऑफिसियल वेबसाइट (www.nhrc.nic.in) खोलें। 
  • वेबसाइट पर दिए "Online Complaint" या "शिकायत दर्ज करें" वाले ऑप्शन पर क्लिक करें
  • इसके बाद जो फॉर्म खुलेगा, उसमें अपना नाम, मोबाइल नंबर, पता और शिकायत की जानकारी भरें। अगर कोई सबूत है (जैसे फोटो या वीडियो), तो उसे भी जोड़ सकते हैं
  • सभी मांगी जानकारी भरने के बाद सबमिट बटन पर क्लिक करे।
  • शिकायत प्रक्रिया पूरी होने के बाद आपको एक शिकायत नंबर मिलेगा, जिससे आप अपनी कंप्लेंट ट्रैक कर सकते हैं और जाने सकते है कि आगे क्या कार्रवाई हो रही है।

2. अपने राज्य की पुलिस वेबसाइट से शिकायत करें

हर राज्य की पुलिस की अपनी आधिकारिक वेबसाइट होती है जहाँ जाकर आप पुलिस अधिकारी के खिलाफ शिकायत दर्ज कर सकते है। वेबसाइट पर “Grievance/Complaint” या “Citizen Services” सेक्शन होता है​ जहाँ जाकर आपको पुलिस उत्पीड़न की घटना से संबधित मांगी गई जानकारी भरनी है और सबमिट बटन पर क्लिक कर देना है। शिकायत दर्ज होने के बाद आपको एक शिकायत नंबर (complaint number) मिलता है, जिससे आप शिकायत की स्थिति (status) ऑनलाइन ट्रैक कर सकते हैं।

भारत के अनुभवी आपराधिक वकीलों से कानूनी सलाह ले

निष्कर्ष: इन सभी बातों से आपको पता चल गया होगा कि क्यों हम सभी का कानून की जानकारी होनी चाहिए, सही जानकारी और सही तरीका अपनाकर ही हम पुलिस उत्पीड़न के खिलाफ आवाज़ उठा सकते हैं। अगर आप भी पुलिस उत्पीड़न जैसी किसी कानूनी समस्या का सामना कर रहे हैं और समझ नहीं आ रहा कि क्या करें, तो घबराइए मत। नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक कीजिए और हमारे अनुभवी वकीलों से घर बैठे बात करके अपनी समस्या का समाधान पाए।



अपने कानूनी मुद्दे के लिए अनुभवी अपराधिक वकीलों से सलाह प्राप्त करें

अक्सर पूछे जाने वाले सवाल


क्या मैं पुलिस के खिलाफ शिकायत कर सकता हूँ?

हां, अगर पुलिस ने आपके साथ गलत किया है, तो आप उसकी शिकायत SP, DGP, मानवाधिकार आयोग या कोर्ट में कर सकते हैं।



पुलिस उत्पीड़न की शिकायत ऑनलाइन कैसे करूं?

आप मानवाधिकार वेबसाइट www.nhrc.nic.in या अपने राज्य की पुलिस की वेबसाइट पर जाकर ऑनलाइन शिकायत कर सकते हैं। वहा जाकर शिकायत फॉर्म भरें, जानकारी दें और सबूत हों तो अपलोड करें।



अगर पुलिस मुझे थाने बुलाए तो क्या करना चाहिए?

अगर किसी पुलिस वाले का फ़ोन आए और थाने आने को कहे तो डरें नहीं, अपने साथ किसी को थाने साथ ले जाएं और पूछताछ के दौरान शांत रहें। बिना लिखित नोटिस के थाने जाना जरूरी नहीं होता।



क्या पुलिस के खिलाफ शिकायत करने के लिए वकील की जरूरत होती है?

नहीं, पुलिस उत्पीड़न की शिकायत करने के लिए वकील जरूरी नहीं है। आप खुद भी लिखित या ऑनलाइन शिकायत कर सकते हैं। लेकिन मामला गंभीर हो तो वकील की मदद लेना बेहतर होता है।