Partition Suit क्या होता है - प्रॉपर्टी बंटवारे का केस कब और कैसे दायर करें?



​भारत में कई बार ऐसा होता है कि ज़मीन, मकान, दुकान या अन्य कोई प्रॉपर्टी कई लोगों के नाम पर होता है, जैसे माता-पिता, भाई, बहन या दादा-दादी। ये सभी जब तक साथ मिलकर रहते हैं, तब तक तो कोई दिक्कत नहीं होती। लेकिन जैसे ही कोई अलग होना चाहता है या बंटवारे की बात आती है, तो परिवारों में झगड़े शुरू हो जाते हैं। ऐसे में संपत्ति के बंटवारे के लिए आपसी सहमति से बात नहीं बनती तो आखिरी रास्ता होता है, अदालत की मदद लेना। जब किसी संपत्ति के मालिक (जैसे कि परिवार के सदस्य) अपने-अपने हिस्से को कानूनी रूप से अलग करना चाहते हैं तो ऐसे में संपत्ति के बंटवारे के लिए अदालत में जो मुकदमा दायर किया जाता है उसे पार्टिशन सूट (Partition Suit) कहते है। 

अगर आपकी भी पुश्तैनी ज़मीन या मकान है, और उसमें आपका हक होते हुए भी हिस्सा नहीं मिल रहा, या किसी रिश्तेदार ने उस पर ज़बरदस्ती कब्जा कर रखा है, तो यह लेख आपके बहुत काम आएगा। आज के इस लेख में आज हम जानेंगे कि, पार्टीशन सूट क्या होता है? संपत्ति के बंटवारे का केस कौन कर सकता है? Partition Suit दाखिल करने की प्रक्रिया क्या है?


विषयसूची

  1. संपत्ति के बंटवारे का केस (Partition Suit) क्या होता है?
  2. Partition Suit कैसे दाखिल करे - जमीन का मुकदमा दायर करने की प्रक्रिया
  3. संपत्ति के बंटवारे का केस कौन दाखिल कर सकता है?
  4. जमीन जायदाद के बंटवारे का मुकदमा (Partition Suit) कब करना चाहिए?
  5. संपत्ति के बंटवारे का केस करने के फायदे और नुकसान क्या होते है?
  6. पार्टिशन सूट में अदालत कैसे फैसला करती है?
  7. मुकदमा करने के लिए जरूरी दस्तावेज कौन से होते हैं?
  8. जमीन विवाद में अदालत से बाहर समझौते के क्या तरीके होते है?
  9. संपत्ति बंटवारे के केस में कितना समय और खर्चा लगता है?
  10. प्रॉपर्टी विवाद का फैसला हो जाने के बाद क्या करना होता है?
  11. अक्सर पूछे जाने वाले सवाल


संपत्ति के बंटवारे का केस (Partition Suit) क्या होता है?

जब एक ही परिवार के लोग ज़मीन-जायदाद को लेकर आपस में झगड़ने लगते हैं, जैसे कि किसका कितना हिस्सा होगा, कौन कहाँ रहेगा, या किसको क्या मिलेगा तब वह मामला बंटवारे तक पहुँच जाता है। इसके बाद अगर आपसी समझदारी से बात नहीं बनती, तो फिर मामला अदालत (Court) में जाता है। वहीं से तय होता है कि किसका हक कितना बनता है और किसे क्या मिलेगा। संपत्ति बंटवारे के लिए अदालत में केस करने की इस प्रक्रिया को Partition Suit कहते हैं।



संपत्ति के बंटवारे का केस कौन दाखिल कर सकता है?

किसी व्यक्ति की मौत के बाद उसके बच्चे, पत्नी या दूसरे वारिस बंटवारे की माँग कर सकते हैं। अगर ज़मीन पुश्तैनी (Ancestral Land) है और अब तक बाँटी नहीं गई, तो खानदान के हकदार भी केस कर सकते हैं। इसके अलावा अगर किसी ज़मीन या मकान के दो या दो से ज़्यादा लोग मालिक (Owner) हों, तो कोई भी हिस्सेदार अपना हक पाने के लिए अदालत (Court) जा सकता है।



जमीन जायदाद के बंटवारे का मुकदमा (Partition Suit) कब करना चाहिए?

जब ज़मीन या मकान का बंटवारा आपसी बातचीत से न हो पाए, तो अदालत में केस करना ज़रूरी हो जाता है। खासकर इन हालातों में:

  • जब परिवार के लोग आपस में मिलकर फैसला (Decision) नहीं कर पा रहे हों।
  • जब कोई एक व्यक्ति पूरी ज़मीन पर कब्जा कर ले और बाकी को हिस्सा न दे।
  • जब ज़मीन पुश्तैनी हो और अब तक बंटवारा न हुआ हो।
  • जब ज़मीन कई लोगों के नाम हो लेकिन किसका कितना हिस्सा है, यह तय न हो।

जाने - पैतृक संपत्ति में बेटा बेटी और पोता पोती के अधिकार



संपत्ति के बंटवारे का केस करने के फायदे और नुकसान क्या होते है?

जब ज़मीन-जायदाद को लेकर घर में झगड़ा ज्यादा बढ़ जाता है, तो लोग सीधा अदालत में केस कर देते है, लेकिन ऐसा कदम उठाने से पहले ये जान लेना जरूरी है कि इससे क्या फायदा होगा और क्या नुकसान।

  • सही तरीके से हक़ मिल जाता है: जब अदालत से बंटवारा (Division) होता है, तो हर किसी का हिस्सा कागज़ों में साफ़ तरीके से लिखा जाता है। जिसके बाद कोई झगड़ा नहीं होता।
  • कोई कब्जा नहीं कर सकता: जिसका जो हिस्सा तय होता है, उस पर कोई और कब्जा नहीं कर सकता, अगर कोई कब्जा करें भी तो आप उसे कानूनी रुप से हटा सकते हो।
  • अपना हिस्सा बेच या किराए पर दे सकते हो: जब ज़मीन या मकान का हिस्सा कागज़ों में आपके नाम हो जाता है, तो उसे बेच भी सकते है या किराए (Rent) पर दे सकते है।
  • झगड़ा खत्म हो जाता है: घर-परिवार में होने वाले रोज़-रोज़ के लड़ाई-झगड़े कोर्ट से फैसला आने के बाद खत्म हो जाते है।

बंटवारे का मुकदमा करने के नुकसान

  • समय ज्यादा लगता है: कोर्ट-कचहरी का काम धीरे चलता है, जिसका फैसला आने में सालों लग जाते हैं।
  • रिश्तों में दरार आ जाती है: अगर बात अदालत तक पहुँच जाती है, तो अपने ही परिवार व रिश्तेदारों के बीच कई तरह की समस्याएं आ जाती है और कई बार रिश्ते टूट भी जाते हैं।
  • खर्चा होता है: वकील की फीस, कोर्ट फीस और बाकी कागज़ात तैयार करने में पैसा खर्च होता है। केस ज्यादा लंबा चले तो खर्च और भी बढ़ जाता है।
  • मानसिक तनाव बढ़ता है: कोर्ट के चक्कर, सुनवाई की तारीखें और परिवार में झगड़े ये सभी बातें इंसान को दिमागी तौर पर थका देते हैं।

जाने - संपति से अवैध कब्ज़ा कैसे हटवाए



Partition Suit कैसे दाखिल करे - जमीन का मुकदमा दायर करने की प्रक्रिया

जब आपसी बातचीत से ज़मीन या मकान का बंटवारा न हो पाए, तब अदालत की मदद लेनी ही पड़ती है। इसके लिए संपत्ति के बंटवारे का मुकदमा यानी पार्टिशन सूट दायर किया जाता है। इसकी पुरी प्रक्रिया नीचे आसान शब्दों में दी गई है:

1. कानूनी नोटिस भेजना (ज़रूरी नहीं, पर फायदेमंद)

इस प्रक्रिया में सबसे पहले आप अन्य सभी हिस्सेदारों को संपति के बंटवारे का एक कानूनी नोटिस भेज सकते हैं, जिसमे लिखा होता है कि आप ज़मीन का बंटवारा (Division Of Property) करके अपने हिस्से का हक पाना चाहते हैं। अगर वे आपकी बात नहीं मानते, तब आप अदालत में केस कर सकते हैं। इससे यह साबित होता है कि आपने पहले आपसी समाधान करने की कोशिश की थी।

2. पार्टिशन सूट दाखिल करना

अगर बातचीत से बात नहीं बनी तो अगला कदम होता है Partition Suit दायर करना। यह मुकदमा सिविल कोर्ट में दाखिल (Filled) किया जाता है। इसके लिए वकील (Lawyer) की मदद लेना जरूरी होता है। इस केस में आपको साफ-साफ यह बताना होता है कि ज़मीन या मकान कहाँ है, उसमें आपका क्या हिस्सा है, बाकी हिस्सेदार कौन हैं और आप क्या चाहते हैं।

इसके साथ ही सभी ज़रूरी दस्तावेज (Documents) जैसे ज़मीन के कागज़, पहचान प्रमाण और परिवार से जुड़ी जानकारी भी साथ में लगाई जाती है।

3. कोर्ट की सुनवाई

संपत्ति के बंटवारे के लिए केस दाखिल होने के बाद अदालत सबसे पहले सभी हिस्सेदारों को नोटिस भेजती है, ताकि वे अदालत में आकर अपनी बात रख सकें। फिर दोनों पक्ष अपने-अपने दस्तावेज, गवाह और सबूत पेश करते हैं। अदालत इन सब बातों को ध्यान से सुनती है और देखती है कि किसका कितना हक बनता है।

4. कोर्ट का फैसला और अंतिम डिक्री

जब सभी पक्षों की बात सुन ली जाती है, तो अदालत फैसला सुनाती है। इसमें साफ-साफ लिखा होता है कि किसको कितना हिस्सा मिलेगा। इसी लिखित आदेश (Written Order) को ‘फाइनल डिक्री’ या Partition Deed कहा जाता है।



पार्टिशन सूट में अदालत कैसे फैसला करती है?

अदालत सबसे पहले यह देखती है कि ज़मीन या मकान किसने खरीदा था, उस पर फिलहाल कौन कब्जा किए हुए है और किसका उसमें कानूनी हक बनता है। फिर अदालत यह तय करती है कि कौन-कौन लोग हिस्सेदार हैं और किसका कितना हिस्सा बनता है।

अगर ज़मीन या मकान को अलग-अलग हिस्सों में बाँटना संभव हो, तो कोर्ट उसका बँटवारा कर देती है। लेकिन अगर बँटवारा मुमकिन न हो जैसे कि एक ही मकान हो जिसे टुकड़ों में नहीं बाँटा जा सकता तो कोर्ट उसे बेचने या नीलामी का आदेश दे सकती है। इसके बाद जो पैसा मिलता है, वो सभी हिस्सेदारों में बराबर बाँटा जाता है।

जाने - माँ बाप की प्रॉपर्टी में शादीशुदा बेटी के अधिकार



मुकदमा करने के लिए जरूरी दस्तावेज कौन से होते हैं?

जब ज़मीन या मकान के बंटवारे के लिए कोर्ट में केस किया जाता है, तो उसके साथ कुछ जरूरी दस्तावेज भी लगाने होते हैं। ये दस्तावेज यह साबित करते हैं कि संपत्ति में आपका हिस्सा है और आप बंटवारे के हकदार हैं। नीचे ऐसे मुख्य दस्तावेजों की सूची दी गई है:
 

  1. ज़मीन के मालिकाना हक से जुड़े कागज़ - जैसे रजिस्ट्री, खतौनी, खसरा, पट्टा आदि। जिससे यह पता चले कि ज़मीन किसके नाम पर है।
  2. वारिस या उत्तराधिकारी होने का प्रमाण - जैसे, मृत्यु प्रमाण पत्र, और रिश्ते को साबित करने वाले अन्य कागज़ात।
  3. ज़मीन का नक्शा या सीमांकन रिपोर्ट - जिससे अदालत को संपत्ति की स्थिति और आकार की जानकारी मिल सके।
  4. पहचान प्रमाण पत्र - जैसे आधार कार्ड, पैन कार्ड या मतदाता पहचान पत्र।
  5. कब्जे से संबंधित दस्तावेज (यदि हो) - जैसे बिजली का बिल, पानी का बिल, या कोई अन्य दस्तावेज जो यह दिखाए कि आप संपत्ति का इस्तेमाल कर रहे हैं।


जमीन विवाद में अदालत से बाहर समझौते के क्या तरीके होते है?

हर बार ज़मीन का मामला अदालत तक ले जाना जरूरी नहीं होता। कई बार बात आपस में बैठकर, समझदारी से भी हल की जा सकती है। इससे समय भी बचता है, खर्चा भी कम होता है, और रिश्ते भी टूटने से बचते हैं। ऐसे ही दो तरीके होते हैं  - मध्यस्थता (Mediation) और पंचों का फैसला (Arbitration).

1. आपसी सलाह या सहमति से समाधान: इसमें दोनों पक्ष जिनमें झगड़ा है, किसी तीसरे समझदार आदमी की मदद लेते हैं जो दोनों की बात सुनकर बिना किसी का पक्ष लिए समझौता करवाने की कोशिश करता है। जैसे कि - कोई बुजुर्ग, वकील, पंचायत सदस्य।

2. पंच की तरह फैसला देना: इसमें दोनों पक्ष आपस में एक पंच या उससे ज्यादा पंच यानि समझदार व्यक्ति तय करते हैं, जो दोनों की बातें सुनकर फैसला करता है, और उस फैसले को दोनों को मानना होता है।



संपत्ति बंटवारे के केस में कितना समय और खर्चा लगता है?

समय: संपत्ति विवाद या इसके बंटवारे से जुड़े केस जल्दी खत्म नहीं होते, बल्कि इनमें 2 से 5 साल लग सकते हैं। अगर ज़मीन का झगड़ा बहुत ज्यादा बड़ा हो, तो और ज़्यादा समय भी लग सकता है।

खर्चा: इसमें वकील की फीस, अदालत की फीस और कागज़ों का खर्च मिला कर छोटे केस में करीब 15-20 हजार रुपये, और बड़े या लंबे केस में 50 हजार से 1 लाख रुपये या उससे ज्यादा भी लग सकते हैं।



प्रॉपर्टी विवाद का फैसला हो जाने के बाद क्या करना होता है?

जब अदालत से बंटवारे का फैसला मिल जाता है, तो उसके बाद कुछ ज़रूरी कदम उठाने होते हैं, आइये सरल भाषा में समझते है:-
 

  • अदालत के आदेश के अनुसार जिसके पक्ष में फैसला आया है, उसे वो घर या जमीन अपने हिस्से में  लेनी होती है।
  • अपने हिस्से का नाम सरकारी रिकॉर्ड में दर्ज करवाना होता है, जिसे नामांतरण या Mutation (दाखिल खारिज) कहा जाता है।
  • ज़मीन का हिस्सा ज़मीन पर कैसे व कितना बाँटा गया है, इसे समझाने के लिए ज़रूरत हो तो पटवारी या अधिकारी से ज़मीन को मपवाना पड़ता है।
  • अगर कोई व्यक्ति इस आदेश (Order) को नहीं मानता, तो अदालत से ही मदद लेकर आदेश को लागू करवाया जाता है।
 

जाने - तलाक के बाद संपति विभाजन का केस कैसे करे?

निष्कर्ष: हम उम्मीद करते हैं कि आपको संपत्ति बंटवारे के केस से जुड़ी सभी ज़रूरी जानकारी अच्छे से समझ आ गई होगी। अगर आपकी भी कोई ऐसी संपत्ति है, जिसमें बंटवारे को लेकर कोई विवाद चल रहा है, तो आप नीचे दिए लिंक पर क्लिक करके अभी हमारे अनुभवी वकीलों से बात कर सकते है। जो आपको घर बैठे कानूनी सलाह देंगे व आपकी सहायता भी करेंगे।



अपने कानूनी मुद्दे के लिए अनुभवी प्रॉपर्टी वकीलों से सलाह प्राप्त करें

अक्सर पूछे जाने वाले सवाल


पार्टीशन सूट क्या होता है और इसे कब दाखिल करे?

जब किसी संपति में कई लोगों का हक होता है और आपसी बातचीत से उसका बंटवारा नहीं हो पाता, तो कोई भी हिस्सेदार अदालत में जाकर बंटवारे के लिए मुकदमा दायर किया जा सकते है जिसे Partition Suit कहा जाता है। 



अगर ज़मीन का बँटवारा करना संभव न हो, तो क्या होता है?

अगर ज़मीन या मकान को अलग-अलग हिस्सों में बाँटना मुमकिन न हो, तो कोर्ट उसे बेचने या नीलाम करने का आदेश दे सकती है और उससे जो पैसा मिलेगा उसका बँटवारा कर देती है।



पार्टीशन सूट कौन दाखिल कर सकता है?

जिस संपत्ति के बंटवारे के लिए केस फाइल करना है उसका संयुक्त मालिक (co-owner) या कानूनी वारिस (legal heir) पार्टीशन सूट दाखिल कर सकता है, चाहे वो बेटा, बेटी, पोता या पोती ही क्यों न हो।



कोर्ट में पार्टीशन सूट का निपटारा कितने समय में होता है?

पार्टीशन सूट का निपटारा कितने समय में होता है यह उस केस की परिस्थितियों और कोर्ट की सुनवाई पर निर्भर करता है। आम तौर पर ऐसे मुकदमो में 2 से 5 साल तक लग सकते हैं, लेकिन अगर विवाद ज्यादा है तो समय और बढ़ सकता है।