बिजली चोरी केस की धारा, सजा, जुर्माना और बचाव के विकल्प

बिजली चोरी भारत में एक गंभीर कानूनी अपराध है, जिस पर विद्युत अधिनियम, 2003 की धारा 135 के तहत सीधी कार्रवाई होती है। इस अपराध में आरोपी पर भारी जुर्माना, बिजली की खपत का कई गुना तक जुर्माना और जेल तक की सजा हो सकती है। कई मामलों में मीटर से छेड़छाड़, सीधे बिजली की लाइन से कनेक्शन लेना भी बिजली चोरी माना जाता है।
इस लेख में हम आसान भाषा में समझेंगे कि बिजली चोरी केस में कौन-सी धारा लगती है, सजा और जुर्माना कितना होता है, केस की कानूनी प्रक्रिया क्या है, उपभोक्ता के क्या अधिकार होते हैं, और बिजली चोरी के झूठे आरोप से बचाव कैसे किया जा सकता है।
विषयसूची
- बिजली चोरी क्या है? और यह किस प्रकार की जाती है?
- बिजली चोरी केस में होने वाला जुर्माना और सजा
- बिजली चोरी कैसे की जाती है?
- बिजली चोरी कार्य पकडे जाने पर क्या कानूनी कारवाई होती है
- भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा के तहत बिजली चोरी की सजा
- बिजली चोरी केस में आरोपी के लिए बचाव के तरीके?
- विद्युत चोरी के मामलों में जमानत कैसे प्राप्त करें?
- बिजली चोरी की शिकायत कैसे करे
- बिजली चोरी के मामले में समझौते द्वारा बचाव कैसे करे
- अक्सर पूछे जाने वाले सवाल

बिजली चोरी क्या है? और यह किस प्रकार की जाती है?
बिजली चोरी एक गैरकानूनी कार्य होता है जिसमें कोई व्यक्ति बिना अनुमति के गलत तरीके से बिजली का उपयोग करते हैं, जिससे बिजली कंपनी और सरकार को आर्थिक रुप से बहुत ज्यादा नुकसान होता है। यह भारतीय कानून के अंतर्गत एक गंभीर अपराध माना गया है और इसके लिए सजा का प्रावधान भी है।
बिजली चोरी कैसे की जाती है?
विद्युत चोरी कई तरीकों से की जा सकती है। कुछ सामान्य तरीके इस प्रकार है:-
- मीटर पर किसी प्रकार का चुंबक लगाकर रोकना या किसी अन्य तरीके से इसमें बदलाव करना।
- बिजली के तारों को सीधे बिजली की लाइन से जोड़ना।
- मीटर या फ्यूज को बायपास करके विद्युत का सीधा इस्तेमाल करना।
- बिना अनुमति के विद्युत के तारों को जोड़कर अपने काम के लिए इस्तेमाल करना।
- कुछ लोग जानबूझकर अपने बिजली के बिल में गलत जानकारी देते हैं ताकि वे कम बिल दे सकें।
- उदाहरण के लिए अगर किसी ने अपने घर में ज्यादा लोड की कोई वस्तु लगा रखी है तो वह उसे छुपा सकता है ताकि उसका बिजली का बिल कम आए।
बिजली चोरी कार्य पकडे जाने पर क्या कानूनी कारवाई होती है
बिजली चोरी का मामला सामने आने पर सबसे पहले शिकायत दर्ज (Complaint Register) की जाती है। यह शिकायत बिजली कंपनी व पुलिस के पास आ सकती है।
- इस शिकायत के बाद मामले की जांच की जाती है और पता लगाया जाता है कि चोरी हुई है या नहीं।
- इस जांच में विद्युत विभाग के अधिकारी या पुलिस अधिकारी शामिल होते हैं, जो मौके पर जाकर सबूत इकट्ठा करते हैं।
- वे यह देखते हैं कि मीटर में कोई छेड़छाड़ हुई है या नहीं बिना मीटर कनेक्शन तो नहीं लिया गया है, या किसी और तरीके से बिजली चोरी हो रही है।
- यदि जांच अधिकारी को मीटर में छेड़छाड़ का शक होता है, तो उस मीटर को जाँच के लिए भेजा जा सकता है।
- जांच के दौरान मीटर, बिजली के तार, या अन्य वस्तुएं जो चोरी में उपयोग हुई हैं, उनको सबूत के रूप में इकट्ठा किया जाता है।
- अगर जाँच में यह साबित हो जाता है कि बिजली चोरी हुई है, तो पुलिस आरोपी के खिलाफ FIR दर्ज कर सकती है।
- जिसके बाद आरोपी को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया जाता है, जहाँ पर मामले की सुनवाई होती है।
- अदालत में इस मामले की सुनवाई होती है, जिसमें बिजली कंपनी, पुलिस, और आरोपी पक्ष अपनी-अपनी बातें रखते हैं।
- विद्युत के मीटर, तार, या अन्य वस्तुएं जिनका इस्तेमाल चोरी में किया गया है, उन्हें अदालत में सबूत के रूप में पेश किया जाता है।
- अगर अदालत में यह साबित हो जाता है कि आरोपी ने विद्युत चोरी की है, तो उसे जेल या जुर्माने की सजा सुनाई जाती है।
बिजली चोरी केस में होने वाला जुर्माना और सजा
भारतीय विद्युत अधिनियम, 2003 की धारा 135 (बिजली चोरी) और धारा 138 (मीटर में छेड़छाड़) के तहत दोषी पाये जाने वाले व्यक्तियों के लिए दो प्रकार से सजा (Punishment) के बारे में बताया गया है।
पहली बार पकड़े जाने पर
यदि कोई व्यक्ति पहली बार बिजली चोरी करते हुए पकड़ा जाता है, तो उसे चोरी की गई विद्युत की कीमत का तीन गुना तक जुर्माना देना पड़ सकता है। इसके अलावा 6 महीने से लेकर 2 साल तक की जेल भी हो सकती है।
दूसरी बार या बार-बार पकड़े जाने पर
यदि व्यक्ति दूसरी बार या इससे अधिक बार बिजली चोरी करते हुए पकड़ा जाता है, तो उसके लिए सजा और सख्त हो सकती है। ऐसे मामलों में आरोपी को चोरी की गई विद्युत की कीमत का छह गुना तक जुर्माना देना पड़ सकता है और जेल की सजा 2 से 5 साल तक हो सकती है।
भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा के तहत बिजली चोरी की सजा
भारतीय न्याय संहिता में इस अपराध के लिए विशेष रुप से कोई कानून नहीं है, लेकिन BNS की कुछ धाराओं का उपयोग बिजली चोरी के मामलों में किया जा सकता है। जैसे कि चोरी की BNS धारा 303 का उपयोग तब किया जा सकता हैं जब विद्युत चोरी को चोरी के समान की तरह ही समझा जाता है। इस धारा के तहत 3 साल तक की जेल और जुर्माने का प्रावधान होता है।
बिजली चोरी केस में आरोपी के लिए बचाव के तरीके?
कभी-कभी लोग गलती से या बिना किसी गलती के बिजली चोरी के आरोप में फंस जाते हैं। अगर आप भी ऐसी किसी स्थिति में फंसे हैं तो घबराएं नहीं। कुछ आसान तरीकों से आप खुद को इस मुसीबत से बचा सकते हैं।
क्यों फंसते हैं लोग?
- कई बार मीटर में तकनीकी खराबी की वजह से बिजली की खपत ज्यादा दिख सकती है।
- कभी-कभी विद्युत कंपनी के कर्मचारी गलत रीडिंग ले लेते हैं या जानबूझकर गलत आरोप लगा देते हैं।
- कई बार ऐसा भी हो सकता है कि आपके कनेक्शन का कोई और व्यक्ति बिना आप से पुछे इस्तेमाल कर रहा हो। जिसके कारण कार्यवाही आप के खिलाफ हो जाती है।
कैसे बचें?
- यदि आपके विद्युत कनेक्शन का किसी ने बिना आपसे पूछे इस्तेमाल किया है, तो आप यह साबित कर सकते हैं कि चोरी का काम आपने नहीं किया बल्कि कोई अन्य व्यक्ति इस अपराध में शामिल था।
- इस बात को साबित करने के लिए आप अपने घर पर या आस-पास लगे CCTV फुटेज का सहारा ले सकते हैं।
- अगर आपको लगता है कि मीटर में कोई गड़बड़ी है तो विद्युत विभाग से इसकी जांच करवाएं।
- विद्युत कंपनी में लिखित शिकायत दर्ज करें और उनसे जवाब मांगें।
- अगर आपके पास कोई गवाह है जो यह बता सके कि आपने बिजली चोरी नहीं की है, तो उसे अदालत में पेश करें।
- अपने पिछले बिजली बिलों को अदालत में पेश करें। इससे साबित होगा कि आप हमेशा सही तरीके से विद्युत का इस्तेमाल करते रहे हैं।
- एक अच्छे वकील की मदद से आप अपनी बात को अदालत में सही तरीके से रख सकते हैं।
- यदि आपको लगता है कि विद्युत कंपनी की लापरवाही के कारण आपके ऊपर झूठा आरोप लगाया गया है, तो इस बारे में जानकारी अदालत के सामने रखें और कंपनी की जाँच के बारे में सवाल उठाएँ।
विद्युत चोरी के मामलों में जमानत कैसे प्राप्त करें?
बिजली चोरी के आरोप के तहत जमानत प्राप्त करने के लिए यह जानना जरूरी होता है कि मामला संज्ञेय है या गैर-संज्ञेय। ज्यादातर विद्युत चोरी के मामले संज्ञेय अपराध की श्रेणी में आते हैं, जिसका अर्थ है कि पुलिस ऐसे मामलों में आरोपी व्यक्ति को बिना वारंट के गिरफ्तारी कर सकती है। इसके साथ ही ऐसे मामलों में जमानत मिलना भी मुश्किल हो सकता है, लेकिन जमानत के लिए आप नीचे दी गई उपयोगी कानूनी प्रक्रिया का इस्तेमाल कर सकते है।
- अग्रिम जमानत: यदि आप पर विद्युत चोरी का आरोप लगा है और गिरफ्तारी का खतरा है, तो आप अदालत में अग्रिम जमानत की अर्जी दाखिल कर सकते हैं। यह जमानत मिलने के बाद आप पुलिस के द्वारा गिरफ्तार किए जाने से बच सकते हैं और मामले की सुनवाई में हिस्सा ले सकते हैं।
- आम जमानत: यदि आपको पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है तो आप अदालत में अपने वकील की सहायता से जमानत की अर्जी दाखिल कर सकते है। इस प्रक्रिया में अदालत कुछ विशेष बातों का ध्यान रखते हुए आपको जमानत देने पर विचार कर सकती है।
जमानत के समय काम आने वाली कुछ आवश्यक बातें
- कुछ मामूली मामलों में अगर विद्युत चोरी का आरोप गंभीर नहीं है और नुकसान कम हुआ है, तो पुलिस थाने से या मजिस्ट्रेट कोर्ट से ही जमानत मिल सकती है।
- यदि आप साबित कर सकते हैं कि आप पर लगाया गया विद्युत चोरी का आरोप गलत है, तो जमानत मिलने की संभावना बढ़ जाती है।
- यदि बिना किसी ठोस सबूत के आप के खिलाफ आरोप लगाए गए है तो आप इस बात को अपने वकील की सहायता से अदालत के सामने रख सकते है।
- अदालत के सामने यह साबित करें कि आप अच्छे नागरिक हैं, कानून का पालन करते हैं, और अदालत के निर्देशों का पूरी तरह पालन करेंगे।
- इससे न्यायालय आप के अच्छे व्यवहार को देखकर आपको जमानत दे सकता है।
बिजली चोरी की शिकायत कैसे करे
- बिजली विभाग द्वारा दिए गए हेल्पलाइन नंबर पर कॉल करके भी आप अपनी शिकायत दर्ज कर सकते हैं। कई बिजली कंपनियां अपने उपभोक्ताओं (Consumers) को टोल-फ्री नंबर देती हैं, ताकि वे आसानी से शिकायत कर सकें। उदाहरण के लिए, कुछ राज्यों में बिजली चोरी की शिकायत के लिए 1912 हेल्पलाइन नंबर का उपयोग किया जाता है।
- आप अपने एरिया के बिजली विभाग जा सकते हैं और वहां शिकायत दर्ज (Complaint Register) कर सकते हैं।
- इसके साथ ही आप पुलिस स्टेशन में जाकर भी ऐसे मामलों की शिकायतों के लिए FIR दर्ज करवा सकते है।
- जहाँ बिजली चोरी हो रही है, उस स्थान का पूरा पता अपनी शिकायत के दौरान दें और यदि संभव हो तो घटना का समय और बिजली चोरी कैसे की जा रही है इस बात को भी बताएं। जैसे कि मीटर में छेड़छाड़, तार से सीधे कनेक्शन, या अन्य गैरकानूनी तरीके से विद्युत का इस्तेमाल।
- यदि आपके पास कोई सबूत, जैसे फोटो या वीडियो हैं, तो उन्हें भी शिकायत के साथ लगाकर पेश करें।
- अधिकतर बिजली विभाग शिकायत करने वाले व्यक्ति की पहचान को छिपा करके रखते हैं। इसलिए जब आप शिकायत दर्ज करवाने जाए तो अपनी पहचान को छिपाए रखने के लिए भी बोल सकते है। वहां के अधिकारी आपकी शिकायत को दर्ज करेंगे और जितना जल्दी हो सकेगा मामले पर कार्रवाई करेंगे।
- बिजली विभाग की वेबसाइट पर जाकर भी आप ऑनलाइन इसकी शिकायत कर सकते है। शिकायत दर्ज करने के बाद, आपको एक रसीद मिलनी चाहिए, जिसमें शिकायत का नंबर लिखा हो। इस नंबर का उपयोग करके आप अपनी शिकायत की स्थिति ट्रैक कर सकते हैं।
बिजली चोरी के मामले में समझौते द्वारा बचाव कैसे करे
- सबसे पहले आरोपी व्यक्ति को बिजली विभाग के कार्यालय में जाकर मामले को सुलझाने की कोशिश करनी होगी।
- उसे वहाँ जाकर अपनी गलती माननी होगी और समझौते के लिए बात करनी होगी।
- जिसके बाद बिजली चोरी के कारण हुए नुकसान को भरना पड़ेगा, इस बात को मानकर ही आरोपी विद्युत विभाग से समझौता कर सकता है।
- बिजली विभाग आरोपित से जुर्माना ले सकता है, जो चोरी की गंभीरता और नुकसान के आधार पर तय होता है।
- इसमें आरोपी को चोरी की गई बिजली का भुगतान करने, जुर्माना भरने और बिजली के इस्तेमाल के लिए बनाए गए नियमों का पालन करने का वादा करना पड़ सकता है।
- समझौता तभी माना जाएगा जब बिजली विभाग इसकी मंजूरी देता है।
- दोनों पक्षों द्वारा सहमति के बाद एक लिखित समझौता तैयार किया जाता है, जिसे आरोपी और विभाग दोनों द्वारा साइन किया जाता है। यह समझौता एक कानूनी दस्तावेज बन जाता है और इसके आधार पर आगे की कार्यवाही होती है।
अगर आपके खिलाफ बिजली चोरी का झूठा केस, गलत चालान, या बिना नोटिस कनेक्शन काटा गया है, तो आप अपने बचाव के लिए नीचे दिए लिंक पर क्लिक करके हमारे अनुभवी वकीलों से सीधी बात करें।
अक्सर पूछे जाने वाले सवाल
बिजली चोरी का आरोप कब व कैसे लग सकते हैं?
बिजली चोरी के आरोप तब लग सकते हैं जब कोई व्यक्ति गैरकानूनी तरीके से विद्युत का उपयोग करता है। यह कार्यवाही तब की जाती है जब मीटर के साथ छेड़छाड़ की जाती है, जैसे कि उसे खराब कर देना या कनेक्शन में किसी प्रकार की गड़बड़ी करना। बिजली की आपूर्ति को बिना मीटर के सीधे कनेक्ट करना, आदि।
विद्युत चोरी के मामले में क्या कानूनी प्रक्रिया होती है?
विद्युत चोरी का मामला दर्ज करने के बाद, बिजली विभाग जांच करता है। अगर आरोप सही पाए जाते हैं, तो आरोपी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू की जाती है। इसमें जुर्माना, सजा या अन्य दंड की संभावना हो सकती है। विद्युत अधिनियम के तहत आरोपी पर जुर्माना लगाया जा सकता है और जेल की सजा भी हो सकती है।
क्या बिजली चोरी के मामले में वकील की मदद ली जा सकती है?
हाँ यदि आप आरोप से बचना चाहते हैं या सजा को कम करवाना चाहते हैं, तो वकील की मदद जरूरी हो सकती है।
बिजली चोरी के मामलों में कितने समय में फैसला होता है?
विद्युत चोरी के मामलों मामले को हल करने में लगभग 6 महीने से 2 साल तक का समय लग सकता है।
बिजली चोरी के मामलों में जुर्माना और सजा कितनी होती है?
विद्युत चोरी के मामलों में जेल की सजा या जुर्माना लगाया जा सकता है। सजा का समय और जुर्माना इस बात पर तय किया जाता है, कि चोरी कितनी बड़ी थी और आरोपी का उस कार्य को करने में दोष कितना है। आमतौर पर जुर्माना ₹10,000 से ₹1,00,000 तक हो सकता है और कारावास की अवधि 1 से 5 साल तक हो सकती है।
क्या मीटर खराब होने पर भी चोरी माना जा सकता है?
अगर कोई जानबूझकर मीटर खराब करता है तो हां, लेकिन खुद खराब हो तो नहीं, लेकिन यह साबित करना जरूरी होता है कि मीटर में छेड़छाड़ नहीं हुई है।
बिजली चोरी केस में FIR होती है क्या?
हाँ, अगर मामला गंभीर है या विभाग को पक्का सबूत मिलता है, तो FIR दर्ज हो सकती है। खासकर धारा 135 के तहत पुलिस केस बनता है। इसके बाद कोर्ट में मामला चलता है।