लोन डिफॉल्ट क्या होता है? कर्ज ना चुकाने पर बैंक क्या कार्रवाई कर सकता है
जब कोई उधारकर्ता (कर्ज लेने वाला) तय समय पर अपनी EMI या लोन की राशि का भुगतान लगातार नहीं करता, तो उसे लोन डिफॉल्ट (Loan Default) कहा जाता है। आमतौर पर 90 दिन तक लोन की किस्त न भरने पर बैंक उस खाते को NPA (Non-Performing Asset) घोषित कर देता है। इसके बाद क्रेडिट स्कोर खराब होता है और लोन रिकवरी की प्रक्रिया शुरू हो सकती है।
भारत में केवल कर्ज न चुका पाने पर सीधे जेल नहीं होती, क्योंकि यह आमतौर पर सिविल मामला माना जाता है। लेकिन बैंक नोटिस भेज सकता है, रिकवरी प्रक्रिया शुरू कर सकता है, संपत्ति जब्त कर सकता है या कोर्ट में केस कर सकता है। कुछ मामलों में SARFAESI Act या अन्य कानूनी प्रावधान लागू हो सकते हैं।
इस लेख में हम आसान भाषा में समझेंगे कि लोन डिफॉल्ट क्या है, 90 दिन बाद बैंक क्या कदम उठाता है, NPA घोषित होने का क्या मतलब है? भारत में लोन डिफॉल्टर्स पर कौन सी कानूनी धाराएं लगती हैं? बैंक से लिया ऋण न चुकाने पर होने वाली कानूनी कार्रवाई से बचाव के उपाय?
लोन की किश्तें ना भरने पर बैंक द्वारा की जाने वाली कानूनी कार्यवाही के बारे में हम सभी लोगों को जानकारी होना बहुत ही आवश्यक है, क्योंकि यह समस्या केवल उधारकर्ता और बैंक तक सीमित नहीं रहती, बल्कि समाज और अर्थव्यवस्था पर भी गहरा असर डालती है।
ज्यादातर लोग यह नहीं जानते कि ऋण न चुकाने पर उनके खिलाफ क्या-क्या कानूनी कार्रवाई हो सकती है। इसलिए इस विषय से जुड़ी सभी आवश्यक जानकारियों को सरल भाषा में जानने व समझने के लिए इस लेख को पूरा पढ़े।
विषयसूची
- लोन डिफॉल्ट क्या है और यह कब होता है?
- बैंक लोन न चुकाने पर क्या सजा हो सकती है - कानूनी धारा और सजा
- बैंक लोन न चुकाने पर क्या कार्रवाई होती है?
- 1. BNS की धारा 316: आपराधिक विश्वासघात (Criminal Breach of Trust)
- 2. BNS की धारा 318: धोखाधड़ी (Cheating)
- SARFAESI Act, 2002 और इसका उपयोग
- SARFAESI Act के तहत कर्ज ना चुकाने पर बैंक क्या कर सकता है?
- लोन न चुकाने पर क्रेडिट स्कोर पर क्या और कैसे असर पड़ता है?
- लोन डिफॉल्ट से बचने के उपयोगी उपाय
- अक्सर पूछे जाने वाले सवाल
लोन डिफॉल्ट क्या है और यह कब होता है?
लोन डिफॉल्ट तब होता है जब कोई व्यक्ति या कंपनी समय पर अपने बैंक लोन की किश्तों (EMI) या बकाया ऋण राशि का भुगतान (Payment) नहीं कर पाते। यह एक ऐसी स्थिति है जो बैंकों और उधारकर्ताओं (Borrowers) दोनों के लिए गंभीर होती है।
लोन डिफॉल्ट का मतलब केवल एक या दो किश्तें चूक जाना नहीं होता है। ऐसा तब होता है, जब किसी उधारकर्ता ने लगातार 90 दिनों तक कर्ज का भुगतान नहीं किया हो, तो बैंक उस लोन को गैर-निष्पादित संपत्ति (Non-Performing Asset - NPA) घोषित कर सकता है। इसका मतलब यह है कि बैंक को यह राशि (Amount) वापस मिलने की संभावना कम हो जाती है। जिसके बाद बैंक लोन की किश्तें या पैसे न देने वाले व्यक्ति के खिलाफ कार्रवाई कर सकता है।
बैंक लोन न चुकाने पर क्या कार्रवाई होती है?
जब कोई उधारकर्ता समय पर कर्ज नहीं चुकाता, तो बैंक उस व्यक्ति के खिलाफ निम्नलिखित कार्यवाही कर सकता है:-
- नोटिस भेजना: बैंक सबसे पहले उधारकर्ता को एक नोटिस भेजता है जिसमें व लोन की किश्तों या अन्य बकाया राशि का भुगतान करने के बारे में याद दिलाता है।
- रिकवरी एजेंट आपके घर भेजना: यदि उधारकर्ता बैंक के नोटिस भेजने के बाद भी पैसो का भुगतान नहीं करता, तो बैंक रिकवरी एजेंट की मदद से अपने पैसे वसूलने का प्रयास करता है।
- डिफॉल्टर घोषित करना: लगातार EMI न चुकाने पर बैंक आपको डिफॉल्टर घोषित कर देता है और CIBIL स्कोर पर नकारात्मक प्रभाव पड़ता है।
- सारफेसी एक्ट का उपयोग: SARFAESI Act 2002" के तहत बैंक उधारकर्ता की ऋण लेते समय गिरवी रखी गई संपत्ति (Property) को जब्त कर सकता है।
- कोर्ट में मामला दर्ज करना: इसके अलावा बैंक लोन के पैसे ना चुकाने पर उधारकर्ता के खिलाफ कोर्ट में केस दर्ज (Case Register) करवाकर भी कानूनी कार्यवाही कर सकता है।
बैंक लोन न चुकाने पर क्या सजा हो सकती है - कानूनी धारा और सजा
बैंक लोन न चुकाना कानूनी रुप से अपराध बन सकता है, अगर कोई व्यक्ति जानबूझकर बैंक के पैसे या किश्तों को नहीं भरता है। जिसके बाद बैंक द्वारा उस व्यक्ति के खिलाफ कानूनी कार्यवाही की जा सकती है।
आइये विस्तार से जानते है कि कर्ज ना चुकाने वाले व्यक्ति पर किन-किन कानूनी धाराओं (Legal Sections) के तहत कार्यवाही की जाती है।
1. BNS की धारा 316: आपराधिक विश्वासघात (Criminal Breach of Trust)
भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 316 तब लागू होती है जब कोई व्यक्ति बैंक द्वारा दिए गए धन या संपत्ति का गलत उपयोग करता है या उसका दुरुपयोग (Misuse) करता है।
अगर कोई उधारकर्ता बैंक से लिया गया लोन जानबूझकर किसी अन्य उद्देश्य के लिए उपयोग करता है और तय समय पर इसे चुकाने से मना करता है, तो इसे आपराधिक विश्वासघात माना जाता है।
सजा: इस धारा के तहत दोषी पाए जाने पर 7 साल तक की जेल, जुर्माना, या दोनों का प्रावधान (Provision) है।
2. BNS की धारा 318: धोखाधड़ी (Cheating)
बीएनएस की धारा 318 तब लागू होती है जब उधारकर्ता ने शुरू से ही धोखाधड़ी के इरादे से बैंक को गुमराह किया हो। जैसे झूठे दस्तावेज़ प्रस्तुत करना, फर्जी जानकारी देकर लोन प्राप्त करना, लोन लेने के बाद उसे वापस न करने का इरादा होना आदि।
सजा: BNS की धारा 318 के तहत दोषी (Guilty) पाए जाने पर 7 साल तक की जेल और जुर्माने का प्रावधान है।
उदाहरण: किसी व्यक्ति ने फर्जी कागजात (Fake Documents) और आय प्रमाण पत्र (Income Certificate) देकर बैंक से लोन लिया और बाद में उसे चुकाने से मना कर दिया। ऐसा कार्य करना धारा 318 के तहत धोखाधड़ी का मामला बनता है।
SARFAESI Act, 2002 और इसका उपयोग
SARFAESI (Securitisation and Reconstruction of Financial Assets and Enforcement of Security Interest) Act, 2002. सरफेसी एक्ट बैंकों को कानूनी प्रक्रिया के बिना उधारकर्ता की संपत्ति को जब्त करने और नीलामी करने का अधिकार देता है।
इसका उपयोग तभी किया जा सकता है जब ऋण की राशि ₹1,00,000 से अधिक हो और बकाया 90 दिनों से अधिक समय तक न चुकाया गया हो।
SARFAESI Act के तहत कर्ज ना चुकाने पर बैंक क्या कर सकता है?
- नोटिस जारी करना: बैंक उधारकर्ता को संपत्ति जब्त करने से पहले 60 दिनों का नोटिस देता है। अगर इस दौरान उधारकर्ता बकाया राशि चुका देता है, तो कार्रवाई रोकी जा सकती है।
- संपत्ति की जब्ती: अगर नोटिस का जवाब नहीं दिया जाता, तो बैंक गिरवी रखी गई संपत्ति (जैसे घर, दुकान, जमीन) को जब्त (Seized) कर सकता है।
- संपत्ति की नीलामी: जब्त की गई संपत्ति को बेचकर बैंक अपनी बकाया राशि वसूल सकता है।
- बकाया राशि वसूलना: बैंक लोन की बाकी रकम को वसूलने के लिए उधारकर्ता की अन्य संपत्तियों पर भी दावा कर सकता है।
जाने - बैंक लोन से जुड़े विवाद में लोनधारक के अधिकार
लोन न चुकाने पर क्रेडिट स्कोर पर क्या और कैसे असर पड़ता है?
लोन न चुकाने का सीधा प्रभाव क्रेडिट स्कोर पर पड़ता है, जो भविष्य में आपकी वित्तीय स्थिति (Financial Conditions) को प्रभावित कर सकता है।
- क्रेडिट स्कोर में गिरावट: कर्ज न चुकाने से आपका CIBIL स्कोर बहुत ज्यादा खराब हो सकता है और यह आपकी क्रेडिट योग्यता (Creditworthiness) को कमजोर करता है।
- भविष्य में लोन मिलने में कठिनाई: खराब क्रेडिट स्कोर के कारण बैंक भविष्य में आपको लोन देने से भी इनकार कर सकते हैं।
- ऊंची ब्याज दरें: यदि कोई बैंक आपको लोन देने के लिए तैयार भी होता है, तो वे अधिक ब्याज दर (Interest Rate) पर ऋण देगा।
- लोन आवेदन अस्वीकार होना: क्रेडिट स्कोर खराब होने पर क्रेडिट कार्ड और होम लोन के आवेदन भी स्वीकार नहीं हो पाते है।
जाने - चेक बाउंस केस में सजा और बचाव
लोन डिफॉल्ट से बचने के उपयोगी उपाय
यदि आप किसी भी कारण से कर्ज चुकाने में कठिनाई महसूस कर रहे हैं, तो कुछ उपायों को अपनाकर अपने खिलाफ होने वाली कानूनी कार्यवाही से बच सकते है। आइए इन उपायों को विस्तार से समझते हैं।
- लोन डिफॉल्ट से बचने के लिए सबसे जरूरी है कि आप समय पर अपनी EMI का भुगतान करें।
- यदि आप समय पर अपनी किस्त (EMI) नहीं चुका पा रहे है तो सबसे पहले बैंक से संपर्क करें। बैंक से बात करके आप अपनी हर महीने दी जाने वाली किस्त को आपकी आय (Income) के अनुसार कम करवा सकते हैं।
- बैंक से समय पर बातचीत करने से आपके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की संभावना कम हो जाती है।
- लोन सेटलमेंट: बैंक से लोन सेटलमेंट के लिए बात करे। सेटलमेंट में आपको एक न्यूनतम राशि का भुगतान करना होता है।
- अपने बैंक खाते में ऑटो-डेबिट का Option सेट करें ताकि EMI हर महीने समय पर कट जाए।
- अगर आप ऋण चुका रहे हैं, तो बेवजह के खर्चों पर नियंत्रण रखें। बड़ी खरीदारी, जैसे महंगी वस्तुएं या गाड़ियां ना लें।
- कई लोग एक लोन चुकाने के लिए दूसरा लोन ले लेते हैं। ऐसा करना आपको कर्ज के जाल में फंसा सकता है।
- अपना क्रेडिट स्कोर नियमित रूप से चेक करें और इसे बेहतर बनाए रखने का प्रयास करें।
निष्कर्ष:- बैंक से लिए गए पैसों को समय पर ना चुकाना कई तरीकों से आपको व आपकी संपत्ति को नुकसान पहुँचा सकता है। यदि आप बैंक लोन से संबंधित किसी भी समस्या से परेशान है और ऐसे मामलों से निपटने के लिए कानूनी सलाह पाना चाहते है, तो अभी नीचे दिए लिंक पर क्लिक कर हमारे अनुभवी वकीलों से बात कर सकते है।
अक्सर पूछे जाने वाले सवाल
अगर मैं अपने Bank Loan की EMI समय पर नहीं चुका पाता तो क्या कार्यवाही होती है?
यदि आप अपनी EMI समय पर नहीं चुकाते, तो बैंक आपको डिफॉल्टर घोषित कर सकता है। सबसे पहले बैंक आपको रिमाइंडर नोटिस भेजेगा। बार-बार न चुकाने पर आपका मामला रिकवरी एजेंसी को भेजा जा सकता है। जिसके बाद आपकी संपत्ति जब्त करने या कानूनी कार्रवाई शुरू की जा सकती है।
SARFAESI Act क्या है, और यह कैसे लागू होता है?
SARFAESI Act, 2002: यह बैंकों को बिना अदालत की मंजूरी के गिरवी रखी संपत्ति को जब्त और नीलाम करने का अधिकार देता है। यदि आपने ₹1 लाख या उससे अधिक का डिफॉल्ट किया है, तो बैंक इसके तहत कार्रवाई कर सकता है।
क्या बैंक मेरी संपत्ति को नीलाम करने से पहले नोटिस देगा?
हाँ, बैंक को नीलामी से पहले आपको 60 दिनों का नोटिस देना अनिवार्य है। यदि आप इस अवधि में लोन चुका देते हैं, तो नीलामी प्रक्रिया रुक जाएगी।
अगर मैंने संपत्ति गिरवी नहीं रखी है, तो क्या बैंक मेरी संपत्ति जब्त कर सकता है?
यदि आपने कोई संपत्ति गिरवी नहीं रखी है, तो बैंक आपकी संपत्ति जब्त नहीं कर सकता। बैंक सिविल मुकदमा दर्ज कर सकता है और अदालत से आदेश लेकर आपकी संपत्ति की कुर्की करवा सकता है।
क्या मैं बैंक से समय बढ़ाने की मांग कर सकता हूँ?
हाँ, यदि आप लोन चुकाने में किसी समस्या का सामना कर रहे हैं, तो बैंक से संपर्क करें। इसके लिए आप पुनर्गठन योजना (Restructuring Plan) की मांग कर सकते हैं। बैंक आपकी किस्त कम कर सकता है या लोन की अवधि बढ़ा सकता है।
क्या पर्सनल लोन न चुकाने पर भी संपत्ति जब्त होती है?
पर्सनल लोन अनसिक्योर्ड होता है, तो सीधे प्रॉपर्टी जब्त नहीं होती। लेकिन बैंक कोर्ट जाकर आपकी सैलरी या दूसरी चीजें जब्त करवा सकता है।