BNSS Section 480 (CrPC 437) – गैर-जमानती अपराध में ज़मानत कब मिल सकती है?


​आज के समय में गंभीर अपराध, जैसे हत्या, बलात्कार, डकैती, हमारे समाज में गहरी चिंता का विषय बन गए हैं। ये अपराध न केवल पीड़ितों और उनके परिवारों को दुख पहुँचाते हैं, बल्कि पूरे समाज में डर और असुरक्षा का माहौल पैदा करते हैं। आज के इस लेख में हम आपको गंभीर अपराधों में जमानत पाने से जुडी भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 480 के बारे में जानकारी देंगे की, बीएनएसएस की धारा 480 क्या है और यह कब लागू होती है? BNSS Section 480 के तहत जमानत कब व कैसे मिल सकती है?

CRPC की धारा 437 की जगह लाई गई BNSS की धारा 480 केवल अपराधियों को सजा (Punishment) देने से ही नहीं जुड़ी है, बल्कि आपके अधिकारों की भी रक्षा करती है। भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 480 पुराने कानून (CrPC की धारा 437) से बेहतर है, क्योंकि इसमें नए नियम जोड़े गए हैं। साथ ही, यह धारा इस बात का ध्यान रखती है, कि खतरनाक लोग जेल से बाहर न आएँ। इसलिए इन सभी जानकारियों को सरल भाषा में जानने व समझने के लिए इस लेख को पूरा जरुर पढ़े।


विषयसूची

  1. बीएनएसएस की धारा 480 क्या कहती है और यह धारा कब काम आती है?
  2. भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 480 की कुल कितनी उपधाराएं है?
  3. BNSS Section 480 के तहत जमानत (Bail) कब मिल सकती है?
  4. इस धारा के तहत गंभीर अपराध में जमानत कैसे मिलती है?
  5. बीएनएसएस की धारा 480 के मुख्य बिंदु और कानूनी प्रावधान क्या है?
  6. BNSS की धारा 480 के तहत जमानत के लिए कैसे आवेदन करें?
  7. भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 480 क्यों जरूरी है?
  8. क्या गंभीर अपराधो में आरोपी को जमानत मिलना मुश्किल है?
  9. बीएनएसएस धारा 480 पर अक्सर पूछे जाने वाले प्रश्न

बीएनएसएस की धारा 480 क्या कहती है और यह धारा कब काम आती है?

भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 480 उस समय काम आती है जब किसी व्यक्ति पर गंभीर अपराध (Serious Offence) का आरोप (Allegation) लगता है। गंभीर अपराध यानी ऐसे मामले जिनमें सजा 7 साल या उससे ज्यादा हो सकती है, जैसे: हत्या,बलात्कार, डकैती, देशद्रोह आदि।

इस धारा का उददेश्य यह तय करना है कि क्या ऐसे गंभीर मामले में आरोपी (Accused) को जमानत (Bail) दी जा सकती है या नहीं। जमानत का मतलब है कि आरोपी को कुछ शर्तों (Conditions) के साथ जेल से बाहर आने की इजाजत दी जाए, ताकि वह कोर्ट की सुनवाई (Hearing) में शामिल हो सके। आइए इसे आसान शब्दों में समझते हैं:


भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 480 की कुल कितनी उपधाराएं है?

बीएनएसएस सेक्शन 480 की कुल 7 उपधाराएं है, जिनमें अलग-अलग प्रकार से जमानत के नियमों व प्रावधानों को समझाया गया है, आइये इन सभी को आसान भाषा में समझते है:

धारा 480 की उपधारा (1) के अनुसार अगर किसी व्यक्ति को बिना वारंट के गिरफ्तार (Arrest) किया गया है और उस पर ऐसा गंभीर अपराध करने का आरोप है, जिसकी सजा मौत, उम्रकैद या सात साल से अधिक हो सकती है, तो उसे आमतौर पर जमानत (Bail) नहीं दी जाएगी।

लेकिन कुछ खास स्थितियों में जमानत दी जा सकती है, जैसे:
अगर आरोपी महिला, बच्चा, बीमार या कमजोर है, तो अदालत जमानत पर उसे छोड़ सकती है। लेकिन अगर आरोपी ने पहले भी कोई गंभीर अपराध किया हो, तो उसे जमानत नहीं दी जाएगी, जब तक अदालत किसी विशेष कारण से जमानत (Bail) देना उचित न समझे।

1. पुलिस हिरासत की वजह से जमानत से इनकार नहीं हो सकता: इसका मतलब यह है कि अगर पुलिस कहती है कि आरोपी को हिरासत (Custody) में रखना जरूरी है (ताकि वह सबूत इकट्ठा कर सके या उससे पूछताछ कर सके), तो केवल इस कारण से अदालत जमानत नहीं रोक सकती।

अदालत को देखना होता है कि बाकी सारी शर्तें सही हैं, जैसे आरोपी भागने की कोशिश नहीं करेगा, और वह सबूतों से छेड़छाड़ नहीं करेगा।

2. गंभीर अपराध के आरोप पर जमानत नहीं मिल सकती: अगर किसी पर ऐसे गंभीर अपराध (जैसे हत्या या बलात्कार) का आरोप है, जिसमें सजा सात साल या उससे ज्यादा हो सकती है, तो अदालत तब तक जमानत नहीं दे सकती, जब तक सरकारी वकील को अपनी बात रखने का मौका न दिया जाए।

इसका मतलब है कि अदालत पहले सरकारी वकील से यह सुनेगी कि आरोपी को जमानत दी जा सकती है या नहीं, और फिर ही वह फैसला करेगी।

उपधारा 480 (2): यदि किसी पुलिस अधिकारी या अदालत को ऐसा लगता है, कि आरोपी के खिलाफ इतने मजबूत सबूत (Evidence) नहीं हैं कि उसे जेल में रखा जाए, लेकिन यह भी लगता है कि वह दोषी (Guilty) हो सकता है, तो उसे जमानत दी जा सकती है। लेकिन, जमानत कुछ शर्तों के साथ दी जाएगी, जैसे:

  • आरोपी को अदालत में नियमित रूप से उपस्थित रहना होगा।
  • आरोपी को एक निश्चित राशि (Fixed Amount) का बंधपत्र (bond) भरना होगा, जो यह तय करेगा कि वह अदालत के आदेशों का पालन करेगा। इसका मतलब है कि आरोपी को जेल से बाहर रहने का मौका मिल सकता है, लेकिन उसे कुछ जिम्मेदारियां निभानी होती हैं।

उपधारा 480 (3): यदि आरोपी पर ऐसा अपराध करने का आरोप है जिसकी सजा सात साल या उससे अधिक हो सकती है, या उसने भारतीय न्याय संहिता (BNS) के अध्याय 6, 7 या 17 के तहत कोई अपराध किया है, तो जमानत देने पर अदालत को कुछ विशेष शर्तें लगानी होंगी। ये शर्तें हैं:

  • आरोपी अदालत में समय पर उपस्थित होगा।
  • आरोपी कोई और अपराध नहीं करेगा।
  • आरोपी किसी गवाह को परेशान नहीं करेगा या सबूतों से छेड़छाड़ नहीं करेगा।

इसके अलावा भी अदालत कुछ अन्य आवश्यक शर्तें लगा सकती है।

उपधारा 480 (4): यदि कोई अधिकारी या अदालत किसी आरोपी को उपधारा (1) या (2) के तहत जमानत देता है, तो उन्हें लिखित (Written) में यह बताना होगा कि उन्होंने ऐसा निर्णय क्यों लिया।

उपधारा 480 (5): यदि किसी व्यक्ति को उपधारा (1) या (2) के अंतर्गत जमानत दी गई है, लेकिन बाद में अदालत को ऐसा लगता है कि उसे फिर से हिरासत (Custody) में लेना जरूरी है, तो अदालत गिरफ्तारी का आदेश दे सकती है और उसे पुलिस हिरासत में भेज सकती है।

उपधारा 480 (6): अगर किसी आरोपी की सुनवाई मजिस्ट्रेट के सामने 60 दिनों के अंदर पूरी नहीं होती है और वह इतने दिनों तक लगातार जेल में रहा है, तो मजिस्ट्रेट उसे जमानत (Bail) पर छोड़ सकता है जब तक कि वह कोई अलग आदेश न दे।

उपधारा 480 (7): अगर किसी आरोपी की सुनवाई पूरी हो चुकी है लेकिन फैसला सुनाया जाना बाकी है, और अदालत को यह लगता है कि उसके दोषी (Guilty) होने के पूरे सबूत (Evidence) नहीं हैं, तो अदालत उसे बंधपत्र (Bond) पर जमानत दे सकती है ताकि वह फैसले के दिन मौजूद रह सके।


BNSS Section 480 के तहत जमानत (Bail) कब मिल सकती है?

अगर कोर्ट को लगता है कि आरोपी ने गंभीर अपराध (Serious Offence) नहीं किया है, तो उसे जमानत मिल सकती है। इसके अलावा कुछ खास लोग, जैसे महिलाएँ, बच्चे, बूढ़े, या बीमार लोग, को जमानत मिलने की संभावना ज्यादा होती है।

उदाहरण के लिए, अगर कोई महिला गर्भवती (Pregnant) है या कोई व्यक्ति बहुत बीमार है, तो कोर्ट उसे जमानत (Bail) दे सकता है। कोर्ट यह भी देखता है कि क्या आरोपी (Accused) समाज के लिए खतरा है या नहीं। अगर वह खतरा नहीं है, तो जमानत मिल सकती है।


इस धारा के तहत गंभीर अपराध में जमानत कैसे मिलती है?

अगर आरोपी द्वारा किया गया अपराध बहुत गंभीर है (जैसे हत्या, देशद्रोह या बलात्कार), तो जमानत पाना मुश्किल होता है। ऐसे मामलों में कोर्ट पहले सारी जानकारी देखता है, जैसे अपराध के सबूत, आरोपी की पिछली जानकारी, और मामले की गंभीरता।

इसके साथ ही कोर्ट सरकारी वकील से भी बात करता है। जिसके बाद सरकारी वकील को बताना होता है कि जमानत क्यों नहीं दी जानी चाहिए। अगर कोर्ट को लगता है कि जमानत देने से कोई नुकसान नहीं होगा, तो वह जमानत दे सकता है।

जमानत की शर्तें क्या होती हैं?

जमानत मिलने पर आरोपी को एक बंधपत्र (bond) देना होता है। यह एक तरह का लिखित वादा होता है कि वह कोर्ट की शर्तें मानेगा।

शर्तें हो सकती हैं:

  • कोर्ट में हर सुनवाई पर हाजिर होना।
  • वही अपराध दोबारा न करना।
  • पुलिस या कोर्ट के कहने पर जब बुलाया जाए, तब आना।
  • कोर्ट अपने हिसाब से और भी शर्तें जोड़ सकता है।

बीएनएसएस की धारा 480 के मुख्य बिंदु और कानूनी प्रावधान क्या है?

भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 480 के कानूनी प्रावधानों और मुख्य बिंदुओं समझने के लिए नीचे दी गई बातों को ध्यान से समझना बहुत जरुरी है, जोकि इस प्रकार है:-

  • गंभीर अपराधों में जमानत: धारा 480 बताती है कि गंभीर अपराधों (जैसे हत्या, बलात्कार, या 7 साल से ज्यादा सजा वाले मामले) में जमानत कब और कैसे दी जा सकती है।
  • कोर्ट का फैसला: जमानत देना या न देना कोर्ट के अपने फैसले पर निर्भर करता है। कोर्ट अपराध की गंभीरता और आरोपी के पिछले रिकार्ड को देखता है।
  • खास लोगों को राहत: महिलाओं, बच्चों (18 साल से कम), बूढ़ों, या बीमार लोगों को जमानत मिलने की संभावना ज्यादा होती है, अगर अपराध ज्यादा गंभीर न हो।
  • सबूतों की जाँच: कोर्ट सारे सबूत (Evidence) देखता है और यह तय करता है कि क्या आरोपी ने अपराध किया है या वह समाज के लिए खतरा है।
  • सरकारी वकील की राय: गंभीर मामलों में कोर्ट सरकारी वकील से पूछता है कि जमानत क्यों नहीं देनी चाहिए, ताकि फैसला निष्पक्ष हो।
  • बंधपत्र की शर्तें: जमानत मिलने पर आरोपी को एक लिखित वादा (बंधपत्र) देना होता है, जिसमें वह कोर्ट में हाजिर होने और अपराध न करने का वादा करता है।
  • सख्त नियम: अगर अपराध बहुत गंभीर है, जैसे आतंकवाद या देशद्रोह, तो जमानत पाना मुश्किल होता है, क्योंकि समाज की सुरक्षा जरूरी है।

BNSS की धारा 480 के तहत जमानत के लिए कैसे आवेदन करें?

धारा 480 के अनुसार, अगर किसी व्यक्ति को पुलिस बिना वारंट के गिरफ्तार कर लेती है और उस पर ऐसा अपराध लगाया गया है जिसमें जमानत आसानी से नहीं मिलती, तब भी वह कुछ शर्तों के आधार पर जमानत के लिए कोर्ट में अर्जी (Application) दे सकता है।

कौन जमानत के लिए अर्जी दे सकता है?

  • खुद आरोपी व्यक्ति
  • आरोपी का वकील
  • आरोपी का परिवार (वकील की मदद से)
  • अगर आरोपी के पास वकील नहीं है, तो अदालत द्वारा दिया गया सरकारी वकील

जमानत के लिए आवेदन कैसे करें?

1. जमानत अर्जी तैयार करना:

इस आवेदन प्रक्रिया में आरोपी का वकील एक आवेदन (Application) लिख कर तैयार करता है, जिसे जमानत अर्जी (Bail Application) कहा जाता है। जिसमें इन सभी जानकारियों को लिखा जाता है:

  • आरोपी का नाम और पता
  • आरोपी पर लगा आरोप
  • गिरफ्तारी की तारीख
  • उसकी उम्र, तबीयत और पारिवारिक स्थिति
  • जमानत क्यों दी जाए – जैसे आरोपी महिला है, बीमार है, बच्चा है या कोई खास वजह है

2. कोर्ट में अर्जी देना:

यह अर्जी (Application) उस अदालत में दी जाती है जहां केस चल रहा है, जैसे मजिस्ट्रेट या सत्र न्यायालय। अगर मामला बहुत बड़ा है, तो अर्जी उच्च न्यायालय (High Court) में भी दी जा सकती है।

3. सरकारी वकील को सूचना देना:

अगर आरोपी (Accused) पर कोई गंभीर अपराध लगा है (जिसमें 7 साल या उससे ज़्यादा की सजा हो सकती है), तो अदालत सरकारी वकील को भी सुनवाई (Hearing) में शामिल करती है।

4. अदालत में सुनवाई होती है:

अदालत दोनों पक्षों को सुनती है, आरोपी की तरफ से और सरकार की तरफ से। इसके बाद तय करती है कि जमानत दी जाए या नहीं।

5. अदालत का फैसला:

अगर अदालत को लगता है कि आरोपी जमानत पर छोड़ा जा सकता है, तो वह कुछ शर्तों (Conditions) पर उसे जमानत (Bail) दे सकती है, जैसे:

  • कोर्ट में समय पर हाजिर होना
  • किसी गवाह या सबूत से छेड़छाड़ न करना
  • बिना इजाज़त शहर या इलाका न छोड़ना
  • कुछ पैसे या गारंटी देना (जिसे बेल बॉन्ड कहा जाता है)

भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 480 क्यों जरूरी है?

BNSS सेक्शन 480 गंभीर अपराधों में जमानत की प्रक्रिया को आसान, निष्पक्ष बनाती है। यह कोर्ट को सही फैसला लेने की शक्ति देती है और आरोपी व समाज दोनों के हितों का ध्यान रखती है।

  • यह कानून न्याय (Justice) को बढ़ावा देता है, ताकि सही लोगों को जमानत मिले।
  • यह समाज को सुरक्षित रखता है, ताकि खतरनाक लोग जेल से बाहर न आएँ।
  • यह आम लोगों के अधिकारों की रक्षा करता है, जैसे जमानत के लिए आवेदन करने का हक।

क्या गंभीर अपराधो में आरोपी को जमानत मिलना मुश्किल है?

हाँ, गंभीर अपराधों (Serious Offences) में जमानत लेना बहुत ही ज्यादा कठिन हो सकता है, क्योंकि कोर्ट ऐसे मामलों में जमानत देने से पहले बहुत सावधानी बरतती है। गंभीर अपराधों से जुड़े मामलों में सरकारी वकील जमानत का विरोध कर सकता है। जिसके बाद कोर्ट को यह यकीन करना होता है कि आरोपी समाज के लिए खतरा नहीं है। लेकिन छोटे अपराधों या खास परिस्थितियों (जैसे बीमारी) में जमानत मिलना आसान हो सकता है।

निष्कर्ष:- BNSS Section 480 गंभीर अपराधों में जमानत की प्रक्रिया को समझने और लागू करने का एक महत्वपूर्ण कानून है। यह कोर्ट को सही फैसला लेने में मदद करता है और आरोपी व समाज दोनों के हितों का ध्यान रखता है। अगर आप भी सेक्शन 480 के तहत जमानत से जुड़ी जानकारी या सहायता चाहते है, तो अभी हमारे काबिल वकीलों से बात करके कानूनी सलाह व सहायता प्राप्त कर सकते है।



BNSS धारा 480 के लिए अनुभवी वकील खोजें

बीएनएसएस धारा 480 पर अक्सर पूछे जाने वाले सवाल


BNSS Section 480 क्या है?

भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 480 में बताया गया है, कि गंभीर अपराधों में किसी आरोपी को जमानत कब और कैसे दी जा सकती है। इस धारा के तहत भारतीय कानून कोर्ट को यह तय करने की शक्ति देता है कि जमानत देनी है या नहीं।



अगर जमानत की शर्तें न मानी जाएँ, तो क्या होता है?

अगर आरोपी जमानत की शर्तें नहीं मानता, जैसे कोर्ट में हाजिर नहीं होता या फिर अपराध करता है, तो कोर्ट जमानत रद्द कर सकता है। आरोपी को फिर से जेल जाना पड़ सकता है।



क्या भारतीय नागरिक सुरक्षा की धारा 480 के तहत जमानत के लिए वकील जरूरी है?

हाँ, जमानत के लिए एक अच्छे वकील की मदद लेना बेहतर है। वकील कोर्ट में सही तथ्य रख सकता है, दस्तावेज जमा कर सकता है, और जमानत की प्रक्रिया को आसान बना सकता है। लेकिन अगर आपके पास पैसे नहीं हैं, तो सरकार मुफ्त कानूनी सहायता देती है।



बीएनएसएस की धारा 480 के तहत जमानत के लिए क्या करना चाहिए?

जमानत के लिए सबसे पहले एक अनुभवी वकील से संपर्क करें, इसके बाद उस वकील की मदद से कोर्ट में जमानत के लिए आवेदन करें व साथ ही जरूरी दस्तावेज (जैसे मेडिकल रिपोर्ट, अगर बीमार हैं) जमा करें। यदि कोर्ट कोई शर्त लगाती है, तो उन सभी शर्तें मानने के लिए तैयार रहें।