सोशल मीडिया पर बदनामी करना - मानहानि धाराएं, सजा और शिकायत प्रक्रिया
आजकल कई लोग सोशल मीडिया का गलत इस्तेमाल करके दूसरों के खिलाफ झूठी और अपमानजनक बातें फैला देते हैं, जिससे उनकी सामाजिक, मानसिक प्रतिष्ठा को भारी नुकसान होता है। बीते कुछ वर्षों में ऐसे मामलों की संख्या तेजी से बढ़ी है, खासकर तब जब किसी की निजी तस्वीरें वायरल कर दी जाती हैं, या झूठे आरोप लगाकर किसी को बदनाम किया जाता है। इसीलिए हम सभी के लिए यह जानना बेहद जरूरी हो जाता है कि अगर कोई सोशल मीडिया पर हमारी बदनामी करें, तो हम उस व्यक्ति के खिलाफ कानूनी रूप से क्या कार्यवाही कर सकते हैं। आज के इस लेख में हम आपको इसी विषय पर संपूर्ण जानकारी देंगे, कि सोशल मीडिया पर बदनामी क्या होती है और यह कैसे की जाती है? फेसबुक, इंस्टाग्राम, यूट्यूब या ट्विटर पर बदनाम करने पर कौन सी धाराएं लगती हैं? सोशल मीडिया पर बदनामी होने पर मानहानि का केस कैसे करे?
विषयसूची
- सोशल मीडिया पर बदनामी या मानहानि क्या होती है?
- क्या भारत में सोशल मीडिया पर किसी को बदनाम करना कानूनन अपराध है?
- सोशल मीडिया पर बदनाम करने के आम तरीके क्या है?
- ऑनलाइन प्लेटफार्म पर बदनाम करने पर कौन सी कानूनी धारा लगती हैं?
- अन्य साइबर अपराध और उनसे जुड़ी धाराएं:
- सोशल मीडिया पर अगर कोई बदनाम करता है तो उसके खिलाफ कारवाई कैसे�करें?
- सोशल मीडिया पर बदनाम किए जाने पर हर्जाना कैसे मिल सकता है?
- Civil Defamation Suit में हर्जाने की मांग कैसे करें?
- ऑनलाइन मानहानि के केस में आपको कितना हर्जाना मिलता है?
- अक्सर पूछे जाने वाले सवाल
सोशल मीडिया पर बदनामी या मानहानि क्या होती है?
जब कोई व्यक्ति इंटरनेट या सोशल मीडिया जैसे फेसबुक, इंस्टाग्राम, ट्विटर, यूट्यूब, या व्हाट्सएप पर किसी के बारे में झूठी, गलत या गंदी बातें लिखता या बोलता है, जिससे उस व्यक्ति की इज्जत (Honour) को नुकसान होता है, तो इसे ही ऑनलाइन बदनामी या सोशल मीडिया पर मानहानि कहते हैं।
यह मानहानि दो तरह की हो सकती है:
- लिखकर बदनामी: जैसे पोस्ट, कमेंट, ट्वीट, ब्लॉग या मैसेज के ज़रिए।
- बोलकर बदनामी: जैसे वीडियो, ऑडियो या लाइव में गंदे शब्द बोलना।
क्या भारत में सोशल मीडिया पर किसी को बदनाम करना कानूनन अपराध है?
हां, भारत में अगर कोई व्यक्ति सोशल मीडिया या इंटरनेट पर किसी को बदनाम करता है, तो यह कानून के अनुसार अपराध (Crime) माना जाता है। जैसे अगर कोई आपके बारे में फेसबुक, इंस्टाग्राम या व्हाट्सएप जैसे प्लेटफॉर्म पर झूठी, गलत, या अपमानजनक बातें लिखता है या वीडियो में बोलता है, जिससे आपकी इज्जत को ठेस पहुंचे, तो आप उस व्यक्ति के खिलाफ कानूनी शिकायत (Legal Complaint) कर सकते हैं।
सोशल मीडिया पर बदनाम करने के आम तरीके क्या है?
- झूठे पोस्ट या स्टेटस लिखना: कोई व्यक्ति आपके खिलाफ फेसबुक, इंस्टाग्राम या ट्विटर पर ऐसी बात लिखे जो झूठी हो और लोगों को गलतफहमी हो जाए, जैसे – "इसने धोखा दिया", "चोरी की है", आदि।
- आपकी फोटो या वीडियो से छेड़छाड़: आपकी असली फोटो या वीडियो में बदलाव (Edit) करके उसे गलत तरीके से पेश करना, जिससे लोग आपको गलत समझें।
- आपके नाम से नकली अकाउंट बनाना: कई बार लोग दूसरों के नाम से नकली प्रोफाइल बनाकर झूठी बातें या अश्लील चीजें पोस्ट करते हैं, जिससे असली व्यक्ति की इज्जत खराब होती है।
- आपके बारे में गंदे कमेंट्स करना: अगर कोई आपकी पोस्ट, फोटो या वीडियो पर अपमानजनक या शर्मनाक बातें लिखता है, तो वह भी मानहानि में आता है।
- ब्लॉग या वेबसाइट पर गलत जानकारी डालना: अगर कोई आपके बारे में इंटरनेट पर ऐसा लेख या खबर (Article or News) डालता है जिसमें सारी बाते झूठी हो, तो वो भी बदनामी का जरिया हो सकता है।
ऑनलाइन प्लेटफार्म पर बदनाम करने पर कौन सी कानूनी धारा लगती हैं?
अगर कोई व्यक्ति सोशल मीडिया पर झूठी बातें फैलाकर किसी व्यक्ति की इज्जत खराब करता है या भड़काऊ बातें पोस्ट करता है, तो उसके खिलाफ अब भारतीय न्याय संहिता (BNS) और आईटी एक्ट (IT Act) की धाराओं के तहत केस दर्ज (Case Register) हो सकता है।
1. BNS धारा 356 – मानहानि की सज़ा (पहले IPC 500 लगती थी)
अगर कोई व्यक्ति सोशल मीडिया पर झूठी, बदनाम करने वाली बात कहता या लिखता है जिससे किसी की इज्जत को ठेस पहुंचे, तो यह धारा लगती है। यह धारा बताती है कि मानहानि करने पर 2 साल तक की सज़ा, जुर्माना, या दोनों हो सकते हैं।
3. BNS धारा 352 – जानबूझकर अपमान करके झगड़ा भड़काना (पहले IPC 504 लगती थी)
अगर कोई व्यक्ति सोशल मीडिया पर किसी को गुस्सा दिलाने या भड़काने के इरादे से अपमान करने वाली बातें कहता है, जिससे झगड़ा हो सकता है, तो यह धारा लगती है।
4. BNS धारा 353 – अफवाह फैलाना या शांति भंग करना (पहले IPC 505)
अगर कोई व्यक्ति इंटरनेट पर ऐसा झूठ फैलाता है जिससे दंगा, डर या नफरत फैल सकती है, तो यह कानूनी धारा लागू होती है।
IT एक्ट की धाराएं:
IT Act Section 67 – अश्लील सामग्री पोस्ट करना
अगर कोई व्यक्ति इंटरनेट पर अश्लील फोटो, वीडियो या मैसेज पोस्ट करता है, तो ये धारा लगती है।
IT Act Section 69A – आपत्तिजनक पोस्ट या वेबसाइट को ब्लॉक करना
अगर कोई फोटो या वीडियों देश की सुरक्षा या शांति (Security or Peace) के खिलाफ है, तो सरकार इस धारा के तहत उसे ब्लॉक कर सकती है।
अन्य साइबर अपराध और उनसे जुड़ी धाराएं:
IT Act Section 66E – किसी की अनुमति (Permission) के बिना उसकी निजी तस्वीर या वीडियो (Private phots or videos) भेजना।
BNS धारा 78 – पीछा करना (Stalking) (पहले IPC 354D लगती थी)
अगर कोई बार-बार सोशल मीडिया पर परेशान करता है, मैसेज भेजता है या पीछा करता है, तो यह अपराध है।
BNS धारा 74 – महिलाओं की गरिमा (Dignity) को ठेस पहुंचाना (पहले IPC 354 लगती थी)
अगर कोई महिला को सोशल मीडिया पर गंदी, अश्लील या नीची बात कहकर अपमानित करता है।
सोशल मीडिया पर अगर कोई बदनाम करता है तो उसके खिलाफ कारवाई कैसे करें?
आज के समय में सोशल मीडिया पर किसी का अपमान (Insult) करना एक आम बात बनती जा रही है। लेकिन अगर आपके साथ ऐसा होता है, तो घबराने की जरूरत नहीं है। आप कानूनी तरीके से इसका सामना कर सकते हैं। नीचे हमने सरल भाषा में बताया गया है कि आपको क्या-क्या करना चाहिए:
1. सबूत इकट्ठा करें
जिस भी पोस्ट, फोटो, वीडियो या मैसेज के जरिए आपकी बदनामी की जा रही है, उसका स्क्रीनशॉट लें या उसका लिंक को संभाल कर रखें। यदि वीडियो है तो उसे फोन में संभाल कर रख लें। यह सबूत (Proof) आगे की कार्रवाई में काम आएंगे।
2. सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर रिपोर्ट करें
आजकल हर सोशल मीडिया साइट पर शिकायत (Complaint) करने की सुविधा (Facility) होती है। इसलिए आप अपने खिलाफ गई पोस्ट या प्रोफाइल को रिपोर्ट कर सकते हैं ताकि वह जल्दी से जल्दी हटाई जा सके।
3. पुलिस या साइबर सेल में शिकायत करें
अगर मामला ज्यादा गंभीर है जैसे कि अश्लील सामग्री, फोटो से छेड़छाड़, या धमकी, तो आप नजदीकी थाने में जाकर प्राथमिकी भी (FIR) दर्ज करा सकते हैं या साइबर क्राइम सेल में शिकायत दे सकते हैं।
शिकायत में ये जानकारी दें:
- किस तरह से बदनामी की जा रही है
- आपके पास कौन-कौन से सबूत हैं
- आरोपी की जानकारी (अगर हो)
4. ऑनलाइन साइबर क्राइम पोर्टल पर शिकायत करें
अगर आप थाने नहीं जाना चाहते, तो आप ऐसे मामलों के लिए बनाई गई आधिकारिक वेबसाइट (Official Website) www.cybercrime.gov.in पर भी शिकायत कर सकते है।
सबसे पहले उपर दी गई वेबसाइट पर जाएं
इसके बाद “Report Other Cyber Crime” पर क्लिक करें इसके बाद फॉर्म भरें और जरूरी दस्तावेज (Documents) अपलोड करें।
5. कोर्ट में मानहानि का केस दर्ज करें
अगर मामला गंभीर है और बात बातचीत से नहीं सुलझती, तो आप कोर्ट में मानहानि का केस दर्ज कर सकते हैं:
- दीवानी (Civil) मामला: अगर आप केवल मुआवजा (हर्जाना) चाहते हैं, तो दीवानी अदालत (Civil Court) में केस करें।
- फौजदारी (Criminal) मामला: अगर आप चाहते हैं कि सामने वाले को सजा (Punishment) मिले, तो भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 356 के तहत आप फौजदारी अदालत (Criminal Court) में मानहानि (Defamation) का केस दर्ज कर सकते हैं।
वकील से सलाह लें: अगर मामला ज्यादा गंभीर है, तो किसी अनुभवी साइबर कानून विशेषज्ञ वकील (Cyber law expert lawyer) से सलाह लें। वे आपको बताएंगे कि कौन-कौन सी धाराएं लगती हैं और कोर्ट में क्या प्रक्रिया होगी।
सोशल मीडिया पर बदनाम किए जाने पर हर्जाना कैसे मिल सकता है?
अगर किसी ने सोशल मीडिया या इंटरनेट पर झूठी बातें फैलाकर आपकी इज्जत को नुकसान पहुंचाया है, जिससे आपको मानसिक तनाव, समाज में बदनामी या कामकाज में नुकसान हुआ है, तो आप कोर्ट से हर्जाना (Compensation) मांग सकते हैं। इस प्रक्रिया को दीवानी मानहानि का केस (Civil Defamation Suit) कहते हैं।
Civil Defamation Suit में हर्जाने की मांग कैसे करें?
आपको दीवानी अदालत (Civil Court) में एक केस दाखिल (Case filled) करना होता है। इस केस में आप अदालत (Court)से यह कह सकते हैं कि आपके खिलाफ झूठी बातें फैलाई गईं। जिससे समाज में आपकी इज्जत को बहुत नुकसान हुआ व आपको मानसिक तनाव भी झेलना पड़ा।
इसके आधार पर आप हर्जाने की मांग कर सकते हैं, यानी कि कोर्ट से कह सकते हैं कि सामने वाला व्यक्ति आपको नुकसान की भरपाई के तौर पर पैसे दे।
कोर्ट में हर्जाना आपको क्यों मिलना चाहिए इस बात को कैसे साबित करें?
हर्जाना तभी मिलेगा जब आप अदालत में ये बात साबित कर पाएं कि आपको सही में नुकसान हुआ है। इसके लिए कुछ बातें जरूरी हैं:
- पक्के सबूत दें: पोस्ट, वीडियो, कमेंट्स के स्क्रीनशॉट या लिंक को संभाल कर रखें। इसके साथ ही ऐसे गवाह (Witnesses) पेश करें जो बता सकें कि आपको इस बदनामी से कितना नुकसान हुआ है।
- नुकसान का हिसाब दें: मानसिक रुप से हुई परेशानी के लिए डॉक्टर की रिपोर्ट व अगर आपको इस बदनामी के कारण नौकरी से निकाला गया है तो निकाले जाने का पत्र, बिज़नेस घाटे के कागज भी अदालत में दे।
- सच्चाई और इरादा साबित करें: इसमें आपको यह दिखाना होगा कि सामने वाले ने जानबूझकर या लापरवाही से आपके खिलाफ गलत जानकारी फैलाई।
ऑनलाइन मानहानि के केस में आपको कितना हर्जाना मिलता है?
कोर्ट आपके नुकसान के आधार पर तय करता है कि आपको कितने पैसे मिलने चाहिए। ये पैसे कुछ हजार से लेकर लाखों रुपये तक हो सकते है, जो की अपराध की गंभीरता, नुकसान की मात्रा के आधार पर तय होता है।
निष्कर्ष: आज के समय में सोशल मीडिया हर किसी को अपने विचार रखने की आज़ादी है, लेकिन इसी के साथ हमें यह भी याद रखना चाहिए कि इस आज़ादी के साथ जिम्मेदारी भी जुड़ी होती है। अगर कोई आपको सोशल मीडिया पर बदनाम करता है, तो उसे हल्के में न लें। चुप रहना आपकी छवि को और नुकसान पहुंचा सकता है। अगर आप ऐसी किसी भी समस्या का सामना कर रहे है, और किसी वकील की सलाह या सहायता पाना चाहते है, तो आप हमारे वकीलों की टीम से अभी बात कर सकते है।
अक्सर पूछे जाने वाले सवाल
सोशल मीडिया बदनामी का मानहानि केस कितने समय में किया जा सकता है?
आमतौर पर ऐसे मामलों में मानहानि का केस एक साल के अंदर दर्ज किया जाना चाहिए।
क्या फेसबुक, इंस्टाग्राम या व्हाट्सएप पर बदनाम करने पर शिकायत की जा सकती है?
हाँ, आप उस पोस्ट को प्लेटफॉर्म पर रिपोर्ट करने के साथ-साथ साइबर क्राइम पोर्टल पर भी शिकायत कर सकते हैं।
क्या ऑनलाइन बदनामी के खिलाफ FIR दर्ज की जा सकती है?
हाँ, आप अपने नजदीकी थाने या साइबर क्राइम सेल में FIR दर्ज कर सकते हैं।
अगर कोई मेरी फोटो एडिट करके सोशल मीडिया पर डाल दे तो क्या यह बदनामी मानी जाएगी?
हाँ, फोटो के साथ छेड़छाड़ कर उसे सोशल मीडिया पर डालना बदनामी और साइबर अपराध दोनों माना जा सकता है।
क्या नकली अकाउंट से बदनामी करने पर भी केस किया जा सकता है?
हाँ, नकली अकाउंट बनाकर बदनामी करना साइबर अपराध की श्रेणी में आता है और इसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई हो सकती है।