ब्लैकमेल होने पर क्या करे - ब्लैकमेलिंग की धारा, सजा और शिकायत प्रक्रिया



ब्लैकमेल होने पर क्या करे - धारा, सजा और शिकायत प्रक्रिया

मोबाइल, इंटरनेट और सोशल मीडिया के बढ़ते इस्तेमाल के चलते आजकल ब्लैकमेलिंग के मामले बहुत बढ़ गए हैं। ब्लैकमेलर किसी की निजी फोटो, वीडियो या संवेदनशील जानकारी का इस्तेमाल करके पीड़ित को धमकी देते हैं और अक्सर पीड़ित से पैसे या अन्य फायदे की मांग करते हैं। मांग पूरी ना होने पर जानकारी को सार्वजनिक करने की धमकी देते हैं।

भारतीय कानून के अनुसार, किसी को इस तरह डराकर पैसे या कोई काम करवाना ब्लैकमेल और जबरन वसूली में आता है, जिस पर BNS की धारा 308 (जबरन वसूली) और धारा 351 (आपराधिक धमकी) लग सकती है - और इसमें जेल और जुर्माना दोनों का प्रावधान है।

इस आर्टिकल में आप आसान भाषा में जानेंगे कि ब्लैकमेलिंग क्या होती है? बॉयफ्रेंड या गर्लफ्रेंड ब्लैकमेल करें तो क्या करें? ​ब्लैकमेलर पर लगने वाली कानूनी धारा, सजा, रिपोर्ट दर्ज करने की प्रक्रिया और बचाव की जानकारी।


विषयसूची

  1. ​ब्लैकमेलिंग क्या है - ब्लैकमेल का अपराध कब और कैसे किया जाता है?
  2. बॉयफ्रेंड या गर्लफ्रेंड द्वारा ब्लैकमेलिंग कैसे की जाती है
  3. ब्लैकमेल करने वाले पर लागू होने वाली कानूनी धाराएं
  4. अगर आपका पार्टनर (बॉयफ्रेंड गर्लफ्रेंड) ब्लैकमेल कर रहा है तो क्या करें?
  5. ब्लैकमेलिंग​ की शिकायत कहाँ व कैसे दर्ज करें?
  6. ब्लैकमेलिंग करने के तरीके?
  7. 1. निजी जानकारी या सामग्री का गलत उपयोग करना
  8. 2. साइबर (ऑनलाइन) ब्लैकमेल करना
  9. 3. वीडियो रिकॉर्डिंग करके गलत इस्तेमाल करना
  10. 4. भावनात्मक कमजोरियों का फायदा उठाना
  11. 5. वित्तीय जानकारी का इस्तेमाल करना
  12. 6. ब्लैकमेल करने के लिए नकली सबूत बनाना
  13. 1. फोटो और वीडियो का गलत इस्तेमाल
  14. 2. प्राइवेट चैट्स और मैसेजे का इस्तेमाल
  15. 3. ऑडियो रिकॉर्डिंग कर ब्लैकमेल करना
  16. 4. जबरदस्ती का दबाव बनाना
  17. 1. भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 308
  18. 2. भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 308 (7)
  19. 3. भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 351
  20. 4. धारा 66E (सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम - आईटी एक्ट)
  21. ब्लैकमेलिंग से बचने के लिए क्या करे?
  22. 1. ब्लैकमेलिंग के सबूत जुटाएं
  23. 2. नजदीकी पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज करें
  24. 3. साइबर क्राइम पोर्टल का उपयोग करें
  25. 4. महिला और बच्चों के लिए विशेष हेल्पलाइन का उपयोग
  26. 5. सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर शिकायत या रिपोर्ट करें
  27. अक्सर पूछे जाने वाले सवाल

Property Dispute



​ब्लैकमेलिंग क्या है - ब्लैकमेल का अपराध कब और कैसे किया जाता है?

ब्लैकमेल ऐसे अपराध को कहा जाता है, जिसमें कोई अपराधी (बॉयफ्रेंड, गर्लफ्रेंड या अन्य) किसी व्यक्ति को उसकी निजी जानकारी, भावनात्मक कमजोरियों, या संवेदनशील जानकारियों का उपयोग करके धमकाता है और उससे पैसे या अन्य फायदा प्राप्त करने के लिए मजबूर करता है। ऐसे आपराधिक कार्य को "ब्लैकमेलिंग" कहा जाता है।

इसे आसान भाषा में समझे तो, अगर किसी व्यक्ति के पास आपकी कोई ऐसी फोटो है या कोई गुप्त जानकारी पता है। जिसे आप नहीं चाहते कि दुनिया देखे या जाने तो वह व्यक्ति आपको ब्लैकमेलिंग के जरिए डराकर आपसे पैसे या अन्य किसी फायदे की मांग कर सकता है।



ब्लैकमेलिंग करने के तरीके?

इस अपराध को अंजाम देने के लिए अपराधी कई तरीके अपनाते हैं, जिनका उद्देश्य पीड़ित  पर मानसिक दबाव बनाना और अपने फायदे के लिए उनका इस्तेमाल करना होता है।



1. निजी जानकारी या सामग्री का गलत उपयोग करना

इस अपराध को करने के लिए अपराधी पीड़ित की निजी जानकारी जैसे निजी फोटो, वीडियो, या मैसेज को चुरा लेता है। ऐसे कार्य बहुत बार हमारे दोस्त, प्रेमी-प्रेमिका, परिवार के सदस्य, या अन्य लोगों के द्वारा हमारे विश्वास का गलत फायदा उठाकर अंजाम दिए जाते है।



2. साइबर (ऑनलाइन) ब्लैकमेल करना

इस प्रकार की ब्लैकमेलिंग में अपराधी इंटरनेट या सोशल मीडिया से हमारे फोटो वीडियो या अन्य गुप्त यानि आवश्यक डाटा को चुराकर हमें ब्लैकमेल कर सकते है। इस तरह अपराध को करने के कई तरीके हो सकते है।
 

  • फिशिंग ईमेल: धोखाधड़ी वाले ईमेल भेजकर पीड़ित से उसकी खुफिया जानकारी प्राप्त करना।
  • मैलवेयर इंस्टॉल करना: पीड़ित के फोन में वायरस डालकर उसकी विडियो, फोटो या अन्य कोई फाइल को प्राप्त कर लेना।
  • कैट फिशिंग: फर्जी पहचान बनाकर पीड़ित से बात कर सारी जानकारी प्राप्त करना और बाद में उसके जज्बातों का फायदा उठाकर उसे परेशान करना।


3. वीडियो रिकॉर्डिंग करके गलत इस्तेमाल करना

इस ब्लेकमेलिंग में अपराधी पीड़ित की निजी या शारीरिक संबंध बनाते समय की वीडियो रिकार्ड कर लेते है। ऐसे कार्य अक्सर छिपे हुए कैमरे का इस्तेमाल करके किए जाते है।



4. भावनात्मक कमजोरियों का फायदा उठाना

इसमें अपराधी पीड़ित से जुड़ी सभी आवश्यक बातों को जानकर उसकी भावनाओं का गलत फायदा उठाता है। जैसे पीड़ित के घरेलू रिश्तों, स्वास्थ्य, या अवैध संबंधों जैसी बातों का उपयोग कर उसे मानसिक रूप से परेशान करना।  

उदाहरण: किसी शादीशुदा व्यक्ति को उसकी निजी बातचीत या किसी अन्य व्यक्ति के साथ अवैध संबंध को सबके सामने लाने की धमकी देना।



5. वित्तीय जानकारी का इस्तेमाल करना

इसमें अपराधी पीड़ित की वित्तीय जानकारी को प्राप्त कर उसे धमकाता है। जैसे बैंक खाते, क्रेडिट कार्ड डिटेल्स, या वित्तीय लेन-देन की जानकारी चोरी करके।



6. ब्लैकमेल करने के लिए नकली सबूत बनाना

कई बार अपराधी किसी व्यक्ति की नकली फोटो, वीडियो, या दस्तावेज बनाकर फंसाने की कोशिश करता है। इसके लिए वे एडिटिंग सॉफ्टवेयर का उपयोग करके फोटो या वीडियो में छेड़छाड़ करते है। Artificial intelligence (AI) के आने के बाद से इस तरह के मामलो में काफी तेज़ी आई है। 



बॉयफ्रेंड या गर्लफ्रेंड द्वारा ब्लैकमेलिंग कैसे की जाती है

ब्लैकमेलिंग एक गंभीर कानूनी समस्या है, जो रिश्तों में विश्वास और भावनाओं को ठेस पहुंचाती है। खासकर बॉयफ्रेंड और गर्लफ्रेंड के बीच यह समस्या तब सामने आती है जब कोई व्यक्ति रिश्ते के विश्वास का फायदा उठाकर ब्लैकमेल का अपराध करता है।

यहाँ ब्लेकमैलिंग के उन सभी कार्यों के बारे में बताया गया है, जो अक्सर बॉयफ्रेंड और गर्लफ्रेंड के बीच देखने को मिलते हैं।



1. फोटो और वीडियो का गलत इस्तेमाल

यह ब्लैकमेलिंग का सबसे आम और खतरनाक तरीका है। इसमें अपने पार्टनर के साथ निजी पलो की तस्वीरें या वीडियो बिना उनकी अनुमति के रिकार्ड कर ली जाती हैं। जिसके बाद उनकी तस्वीरों या वीडियो को सभी लोगों के दिखाने या सोशल मीडिया पर डालने की बात कहकर ब्लैकमेल किया जाता है। इससे पीड़ित व्यक्ति मानसिक रुप से दबाव में आ जाता है और डरकर ब्लैकमेलर की मांगों को मानने पर मजबूर हो जाता है।



2. प्राइवेट चैट्स और मैसेजे का इस्तेमाल

बहुत बार कई लड़के व लड़की अपने पार्टनर के साथ की जाने वाली निजी बातचीत या चैट्स को सभी को दिखाने की बात कहकर एक दूसरे को ब्लैकमेल करते है। जिसके कारण वो व्यक्ति अपने परिवार और समाज में बदनामी के डर से ब्लैकमेलर के इशारों पर चलने लगता है।



3. ऑडियो रिकॉर्डिंग कर ब्लैकमेल करना

कई बार बॉयफ्रेंड और गर्लफ्रेंड एक दूसरे की ऐसी बातों को भी चुपचाप रिकार्ड कर लेते है, जिसके सामने आने से उनकी जिंदगी खराब हो सकती है। ऐसी कॉल रिकॉर्डिंग रिकार्डिंग का फायदा उठाकर परेशान करना भी आजकल बहुत ही आम बात हो गई है।



4. जबरदस्ती का दबाव बनाना

कई मामलों में बॉयफ्रेंड और गर्लफ्रेंड अपने पार्टनर को मानसिक रुप से परेशान करके किसी काम को करवाने के लिए ब्लैकमेल करते है। जैसे ब्रेकअप के बाद बदला लेने के लिए धमकी देना, जबरदस्ती पैसे मांगना या किसी अन्य काम को करवाने के लिए मजबूर करना।



ब्लैकमेल करने वाले पर लागू होने वाली कानूनी धाराएं

ब्लैकमेलिंग करना भारतीय कानून के तहत एक गंभीर अपराध माना जाता है। भारतीय न्याय संहिता (BNS) और सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम (IT Act) के तहत ब्लैकमेल करने वाले व्यक्ति पर कई धाराएं लागू की जा सकती हैं। आइए इन्हें आसान भाषा में विस्तार से समझते हैं।



1. भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 308

यह धारा उन मामलों में लागू होती है जब कोई व्यक्ति किसी को डराकर, धमकी देकर, या मानसिक दबाव डालकर उससे पैसा या कोई अन्य लाभ लेने की कोशिश करता है। इस धारा के तहत दोषी पाए जाने पर 7 साल तक की सजा हो सकती है। इसके साथ जुर्माना भी लगाया जा सकता है।



2. भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 308 (7)

अगर ब्लैकमेलिंग के दौरान कोई व्यक्ति किसी को जान से मारने या शारीरिक नुकसान पहुंचाने की धमकी देता है, तो यह अपराध और भी गंभीर हो जाता है। जिसके दोषी व्यक्ति को 10 साल तक की सजा हो सकती है।



3. भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 351

यदि कोई व्यक्ति किसी को मानसिक या शारीरिक नुकसान पहुँचाने की धमकी देता है, तो यह धारा लागू होती है। जिसमें दोषी पाये गए व्यक्ति को 2 साल तक की सजा हो सकती है। इसके अलावा जुर्माना भी लगाया जा सकता है।



4. धारा 66E (सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम - आईटी एक्ट)

यदि किसी व्यक्ति ने आपकी सहमति के बिना आपकी तस्वीरें या वीडियो रिकॉर्ड किए और इन्हें ऑनलाइन शेयर किया है, तो यह सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम के तहत अपराध माना जाता है। इस कानून के तहत दोषी को 3 साल तक की सजा हो सकती है। इसके साथ भारी जुर्माना भी लगाया जा सकता है।



अगर आपका पार्टनर (बॉयफ्रेंड गर्लफ्रेंड) ब्लैकमेल कर रहा है तो क्या करें?

जब आपका पार्टनर आपको ब्लैकमेल करना शुरू कर दे, तो ऐसे में घबराने की बजाय समझदारी से कदम उठाना जरूरी है। आइए जानते हैं कि इस स्थिति में आपको क्या करना चाहिए।

1. शांत रहें और स्थिति को समझें

जब आपको महसूस हो कि आपका पार्टनर आपको ब्लैकमेल कर रहा है, तो घबराने के बजाय स्थिति को समझे और गुस्से में कोई भी गलत फैसला ना ले।

2. सबूत इकट्ठा करें

ऐसी स्थिति में फंसने पर ज्यादा से ज्यादा सबूत इकट्ठा करें, आपके पास जितने सबूत होंगे उतना ही कानूनी रुप से आपको मदद मिलेगी। ऐसे मामलों में सभी धमकी भरे मैसेज और कॉल रिकॉर्ड करें सभी टेक्स्ट मैसेज, व्हाट्सएप चैट, ईमेल, और कॉल रिकॉर्डिंग को सुरक्षित रखें।

3. भरोसेमंद व्यक्ति से बात करें

इस समस्या को अकेले संभालने की कोशिश न करें, बल्कि अपने किसी भरोसेमंद परिवार के  सदस्य या करीबी दोस्त से इस बारे में बात करें। यदि आप बहुत ज्यादा तनाव या डर महसूस कर रहे हैं, तो किसी काउंसलर या मनोवैज्ञानिक  की मदद लें।

4. कानूनी सलाह लें

किसी अनुभवी वकील से मिलकर अपने साथ हो रहे अपराध के बारे में बताए व आगे की कानूनी कार्यवाही के लिए कानूनी सलाह ले। यदि स्थिति बहुत गंभीर हो तो नजदीकी पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज करें।

5. साइबर क्राइम विभाग से संपर्क करें

अगर ब्लैकमेलिंग डिजिटल माध्यम (जैसे सोशल मीडिया, ईमेल, या चैट) के जरिए हो रही है, तो तुरंत साइबर क्राइम विभाग से संपर्क करें।



ब्लैकमेलिंग से बचने के लिए क्या करे?

ब्लैकमेलिंग के अपराध को रोकने और इससे बचने के लिए हमें सतर्क और जागरूक रहना चाहिए। ब्लैकमेल से बचने के लिए हमारे द्वारा नीचे कुछ उपयोगी उपाय दिए गए हैं:

1. अपनी निजी जानकारी को सुरक्षित रखें

सोशल मीडिया के इस समय में निजी जानकारी को सुरक्षित रखना सबसे महत्वपूर्ण है। इसलिए सोशल मीडिया का इस्तेमाल करते वक्त सावधानी बरतें अपने निजी जीवन से संबंधित जानकारी, तस्वीरें, या वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर करते समय सतर्क रहें।

2. समझदारी से रिश्ते निभाएं

किसी भी रिश्ते में विश्वास होना बहुत ही जरूरी है, लेकिन अपने रिश्तों में भी निजी जानकारी शेयर करने से भी सावधानी बरतें। किसी भी व्यक्ति को अपनी आपत्तिजनक तस्वीरें, वीडियो, या उपयोगी जानकारी कभी भी शेयर न करें।

3. संदिग्ध गतिविधियों पर ध्यान दें

ब्लैकमेलिंग की शुरुआत अक्सर छोटी-छोटी गतिविधियों से होती है। यदि कोई व्यक्ति आपको किसी भी प्रकार की धमकी देता है, तो इसे हल्के में न लें। अगर आपका पार्टनर आपके बारे में जानकारी इकट्ठा कर रहा है, तो समय रहते सतर्क हो जाएं।

4. मजबूत पासवर्ड का उपयोग करें

डिजिटल सुरक्षा आपके ऑनलाइन जीवन को सुरक्षित रखने में अहम भूमिका निभाती है। अपने सभी ऑनलाइन अकाउंट के लिए मुश्किल से मुश्किल और अलग-अलग पासवर्ड बनाएं।

5. साइबर जागरूकता बढ़ाएं

साइबर क्राइम के खतरों को समझना और उससे बचने के तरीके सीखना भी बहुत ही जरूरी है। किसी भी अनजान लिंक पर क्लिक न करें और संदिग्ध ईमेल या संदेशों का जवाब न दें। अपने फोन व कंप्यूटर को सुरक्षित रखने के लिए एंटीवायरस का उपयोग करें।



ब्लैकमेलिंग​ की शिकायत कहाँ व कैसे दर्ज करें?

ब्लैकमेल की शिकायत दर्ज (Complaint Register) करना एक महत्वपूर्ण कदम होता है, जो न केवल आपको न्याय दिला सकता है बल्कि अन्य लोगों को इसी प्रकार के अपराधों से बचाने में भी मदद कर सकता है। हमारे द्वारा नीचे दी गई जानकारी में ब्लैकमेल की शिकायत करने की प्रक्रिया को विस्तार से समझाया गया है:-



1. ब्लैकमेलिंग के सबूत जुटाएं

शिकायत करते समय आपको ब्लैकमेल से जुड़े सभी सबूतों को इकट्ठा करना होगा, जैसे - ब्लैकमेलर द्वारा भेजे गए व्हाट्सएप मैसेज, तस्वीरें, वीडियो जिनका इस्तेमाल ब्लैकमेल के लिए किया जा रहा है।



2. नजदीकी पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज करें

इसके बाद आपको अपनी शिकायत दर्ज कराने के लिए पास के पुलिस स्टेशन जाना होगा। पुलिस स्टेशन जाकर आप प्रथम सूचना रिपोर्ट दर्ज करवा सकते है। FIR दर्ज करवाते समय घटना की पूरी जानकारी दे, जैसे ब्लैकमेल कब और कैसे शुरू हुआ, अपराधी ने क्या मांगा, और आपके पास क्या सबूत हैं।



3. साइबर क्राइम पोर्टल का उपयोग करें

यदि ब्लैकमेल डिजिटल माध्यम से किया जा रहा है, तो आप भारत सरकार के साइबर क्राइम पोर्टल पर शिकायत दर्ज कर सकते हैं।

ब्लैमेलिंग की आनलाइन शिकायत दर्ज करने की प्रक्रिया:-  
 

  • सबसे पहले अपने मोबाइल या लैपटॉप में www.cybercrime.gov.in वेबसाइट पर जाए।
  • इसके बाद इस पोर्टल पर लॉग इन के बटन पर क्लिक करें।
  • फिर आपको वही पर "Report a Crime" का बटन दिखाई देगा उस पर क्लिक कर दे।  
  • अपराध की श्रेणी के रूप में "ब्लैकमेल/धमकी" का चयन करें।
  • आपके साथ हुए अपराध की पुरी जानकारी और अपराध से जुड़े सभी सबूत अपलोड करके अपनी शिकायत सबमिट बटन पर क्लिक करें।
  • इसके बाद आगे की कार्यवाही के लिए साइबर क्राइम टीम आपकी शिकायत की जांच करेगी।
 

4. महिला और बच्चों के लिए विशेष हेल्पलाइन का उपयोग

यदि ब्लैकमेल का मामला किसी महिला या बच्चे से संबंधित है, तो आप इन विशेष हेल्पलाइन नंबरों का उपयोग कर सकते हैं:
 

  • महिला हेल्पलाइन (181): महिलाओं की सुरक्षा के लिए यह नंबर 24 घंटे उपलब्ध रहता है।
  • चाइल्ड हेल्पलाइन (1098): बच्चों के मामलों के लिए यह हेल्पलाइन काम करती है।
 

5. सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर शिकायत या रिपोर्ट करें

यदि ब्लैकमेल सोशल मीडिया के माध्यम से हो रहा है, तो उस प्लेटफॉर्म (जैसे, फेसबुक, इंस्टाग्राम, ट्विटर) पर ब्लैकमेलर को रिपोर्ट करें। प्रत्येक प्लेटफॉर्म में "Report" विकल्प होता है, जहां आप समस्या की जानकारी दे सकते हैं। जिसके बाद कार्रवाई करते हुए ब्लैकमेलर का अकाउंट सस्पेंड किया जा सकता है।

निष्कर्ष- अगर आप ब्लैकमेल के अपराध का सामना कर रहे हैं, तो यह अत्यंत महत्वपूर्ण है कि आप तुरंत कानूनी मदद प्राप्त करें। हमारे विशेषज्ञ वकील आपके मामले में पूरी सहायता प्रदान करने के लिए तैयार हैं। वे आपको सही कानूनी मार्गदर्शन देंगे और आपको न्याय दिलाने के लिए आवश्यक कदम उठाएंगे। नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करके सीधे हमारे वकीलों से परामर्श लें सकते हैं।



अपने कानूनी मुद्दे के लिए अनुभवी अपराधिक वकीलों से सलाह प्राप्त करें

अक्सर पूछे जाने वाले सवाल


ब्लैकमेलिंग क्या है?

ब्लैकमेलिंग एक ऐसा अपराध है जिसमें अपराधी किसी व्यक्ति की निजी जानकारी, तस्वीरें, वीडियो या अन्य उपयोगी जानकारियों का गलत इस्तेमाल करके उसे धमकाता है। ऐसे अपराधों में यह धमकी दी जाती है कि यदि व्यक्ति की मांगें पूरी नहीं की जातीं, तो वह उक्त सामग्री को सार्वजनिक कर देगा या अन्य नुकसान पहुँचाएगा।



ब्लैकमेलिंग करने पर कितनी सजा होती है?

भारत में ब्लैकमेलिंग को भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 308 के तहत दंडनीय अपराध माना जाता है। इसके तहत अपराधी को 7 साल की सजा या जुर्माना या दोनों हो सकते हैं।



क्या ब्लैकमेलिंग का मामला बिना सबूत के भी दर्ज हो सकता है?

ऐसे मामलों में वैसे तो सबूत होना जरूरी है, लेकिन अगर आपके पास सबूत नहीं हैं, तो भी आप पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कर सकते हैं। पुलिस मामले की जांच करेगी और आवश्यकता पड़ने पर अन्य सबूत इकट्ठा करेगी।



ब्लैकमेलिंग की शिकायत कैसे की जा सकती है?

आप सीधे अपने स्थानीय पुलिस स्टेशन, साइबर क्राइम सेल या महिला हेल्पलाइन जैसी संस्थाओं से संपर्क कर सकते हैं। इसके अलावा, यदि आपको किसी ऑनलाइन ब्लैकमेलिंग का सामना करना है, तो आप संबंधित सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर भी शिकायत दर्ज कर सकते हैं।