एकतरफा तलाक कैसे ले? नियम, आधार और आसान प्रक्रिया



जब पति या पत्नी में से कोई एक तलाक के लिए तैयार हो, लेकिन दूसरा पक्ष मानने से इंकार कर दे, तो इसे एकतरफा या विवादित तलाक (Contested Divorce) कहा जाता है। इस तरह का तलाक केवल कुछ खास कानूनी वजहों (जैसे मानसिक/शारीरिक क्रूरता या व्यभिचार) पर ही मिल सकता है, जिसका ज़िक्र हिंदू विवाह अधिनियम की धारा 13 में है। चूँकि इसमें एक पक्ष राज़ी नहीं होता, इसलिए एकतरफा तलाक की प्रक्रिया में समय ज्यादा लगता है। इस लेख में हम आसान भाषा में समझेंगे कि एकतरफा तलाक (One Sided Divorce) कैसे लेते है - इस तरह के डिवोर्स के नियम, आधार और पूरी प्रक्रिया? Ex-Parte Divorce कब और कैसे लिए जाता है?




एकतरफा तलाक (Contested Divorce) क्या है?

एकतरफा तलाक एक ऐसी कानूनी स्थिति है जहाँ शादी को खत्म करने के लिए सिर्फ़ एक साथी (पति या पत्नी) तैयार होता है, जबकि दूसरा राज़ी (सहमत) नहीं होता। यह तलाक आपसी सहमति वाले तलाक से पूरी तरह अलग होता है, क्योंकि इसमें कोर्ट में साबित करना पड़ता है कि शादी क्यों नहीं चल सकती।

एकतरफा तलाक लेने के लिए ज़रूरी शर्तें

  • विवाद अनिवार्य: सबसे पहली शर्त यह है कि दोनों पक्षों के बीच तलाक पर सहमति न हो।
  • वजह (आधार) ज़रूरी: याचिकाकर्ता को ठोस कानूनी वजह (Grounds) साबित करना बहुत ज़रूरी होता है। बिना मजबूत वजह के कोर्ट तलाक नहीं देता।
  • सबूतों का महत्व: इस तलाक में सबूत (Evidence) ही सबसे बड़ी भूमिका निभाते हैं। आपको अपने आरोपों को साबित करने के लिए दस्तावेज़, गवाह, और रिकॉर्ड पेश करने होते हैं।


एकतरफा तलाक के कानूनी आधार क्या हैं? (धारा 13 HMA)

एकतरफा तलाक पाने के लिए, याचिकाकर्ता को यह साबित करना होता है कि दूसरा पक्ष इनमें से किसी एक कानूनी गलती का दोषी है। ये वजहें हिंदू विवाह अधिनियम, 1955 की धारा 13 में दी गई हैं।
 

  1. क्रूरता (Cruelty): पति या पत्नी में से किसी एक ने दूसरे के साथ मारपीट या मानसिक क्रूरता का व्यवहार किया हो। तलाक का आधार बनने के लिए क्रूरता इतनी गंभीर होनी चाहिए कि साथ रहना असंभव हो जाए। इसमें लगातार अपमान, मौखिक दुर्व्यवहार, या झूठे केस दर्ज करना भी मानसिक क्रूरता माना जाता है।
  2. व्यभिचार (Adultery): शादी के बाद, पति या पत्नी ने अपने जीवनसाथी के अलावा किसी अन्य व्यक्ति के साथ शारीरिक संबंध बनाए हों।
  3. परित्याग (Desertion): पति या पत्नी में से कोई एक कम से कम दो साल या उससे ज़्यादा समय तक, बिना सहमति या उचित कारण के याचिकाकर्ता को छोड़कर अलग रह रहा हो।
  4. धर्म परिवर्तन (Conversion): पति या पत्नी में से किसी एक ने हिंदू धर्म को छोड़कर कोई दूसरा धर्म अपना लिया हो।
  5. मानसिक/शारीरिक बीमारी: पति या पत्नी में से कोई एक पागलपन या बिना इलाज वाली गंभीर बीमारी (जैसे संक्रामक रोग) से पीड़ित है, जिसके साथ याचिकाकर्ता का रहना संभव नहीं है।
  6. संन्यास लेना या लापता होना: यदि पति या पत्नी में से किसी एक ने सन्यास लेकर दुनिया का त्याग कर दिया हो, या सात साल से अधिक समय तक उनके जीवित होने की खबर न मिली हो।


एकतरफा तलाक कैसे लेते है - प्रक्रिया

भारत में एकतरफा तलाक की प्रक्रिया जटिल और समय लेने वाली हो सकती है, जिसके लिए सावधानीपूर्वक योजना और धैर्य की आवश्यकता होती है।



1. दस्तावेज़ और वकील चुनना

  • दस्तावेज़ इकट्ठा करें: सबसे पहले सभी आवश्यक दस्तावेज (विवाह प्रमाण पत्र, निवास प्रमाण, और क्रूरता/परित्याग के सबूत) इकट्ठा करें।
  • वकील: एक अनुभवी वकील (एडवोकेट) ढूंढना बहुत आवश्यक है जो आपको प्रक्रिया के माध्यम से सही मार्गदर्शन दे सके।


2. याचिका दायर करना और नोटिस जारी करना

  • याचिका का मसौदा: वकील तलाक के कारण बताते हुए याचिका (Divorce Petition) का मसौदा तैयार करता है, इस तलाक की अर्जी को फैमिली कोर्ट में दायर किया जाता है
  • दूसरे पक्ष को नोटिस: कोर्ट दूसरे पक्ष (प्रतिवादी) को समन (Notice) जारी करती है, जिसमें उन्हें जवाब देने और कार्यवाही में शामिल होने की आवश्यकता होती है।


3. नोटिस जारी होने में लगने वाला समय

  • नोटिस में देरी: नोटिस जारी करने की प्रक्रिया समय लेने वाली हो सकती है। अगर दूसरा पक्ष जानबूझकर नोटिस लेने से बचता है या पता बदल देता है, तो नोटिस जारी होने में कई महीने भी लग सकते हैं।
  • अदालत की भूमिका: नोटिस प्राप्त होने के बाद, प्रतिवादी को अदालत में जवाब (Reply) दाखिल करना होता है। अदालत फिर दोनों पक्षों द्वारा दिए गए साक्ष्य (Evidence) की जांच करती है।


4. साक्ष्य, जिरह और फ़ैसला

  • साक्ष्य: याचिकाकर्ता को अपने आरोपों को साबित करने के लिए ठोस सबूत (तस्वीरें, ऑडियो, दस्तावेज़, गवाह की गवाही) प्रस्तुत करने होते हैं।
  • डिस्कवरी (Discovery): कुछ मामलों में, एक साथी अदालत के माध्यम से दूसरे साथी से वित्तीय जानकारी या संपत्ति से जुड़े दस्तावेज़ की मांग कर सकता है (जिसे डिस्कवरी कहते हैं)।
  • फ़ैसला: अदालत सभी साक्ष्यों की जांच के बाद यदि संतुष्ट होती है कि तलाक का आधार वैध है, तो तलाक की डिक्री दे दी जाती है।
 

Ex-Parte Divorce (एकतरफा तलाक फैसला) कब और कैसे होता है?

एक्स पार्टी तलाक का मतलब है 'एक पक्षीय तलाक'। यह स्थिति तब आती है जब कोर्ट में सिर्फ़ एक पक्ष (याचिकाकर्ता) ही हाज़िर होता है और दूसरा पक्ष (प्रतिवादी) जानबूझकर या लापरवाही के कारण कार्यवाही में शामिल नहीं होता।



Ex-Parte Divorce की प्रक्रिया

  • समन जारी करना: तलाक की अर्जी डालने के बाद, कोर्ट दूसरे पक्ष को समन भेजता है।
  • हाज़िर न होना: अगर दूसरा पक्ष कानूनी नोटिस या समन मिलने के बावजूद कोर्ट की तारीखों पर लगातार हाज़िर नहीं होता है, तो कोर्ट मान लेता है कि वे केस नहीं लड़ना चाहते।
  • एकतरफा आदेश: कोर्ट फिर Ex-Parte आदेश जारी करके सिर्फ़ याचिकाकर्ता के सबूतों और बयानों के आधार पर मामले की सुनवाई आगे बढ़ाता है और तलाक का फ़ैसला दे सकता है।
  • फ़ैसला लागू: इस तरह के तलाक का फ़ैसला भी कानूनी रूप से मान्य होता है, भले ही प्रतिवादी कोर्ट में पेश न हुआ हो।


एक्स पार्टी तलाक को रद्द कैसे कराएं?

अगर प्रतिवादी को लगता है कि उसे जानबूझकर गलत पते पर समन भेजा गया था या उसे कोर्ट की कार्यवाही की सही जानकारी नहीं मिली, तो वह Ex-Parte आदेश रद्द कराने के लिए अर्जी डाल सकता है। यह अर्जी विशेष परिस्थितियों में ही स्वीकार की जाती है और प्रतिवादी को संतोषजनक कारण बताना होता है कि वह कोर्ट में हाज़िर क्यों नहीं हुआ।

अगर आप या आपके जानने वाला अपने पति या पत्नी से एकतरफा या विवादित तलाक लेना चाहता है तो डिवोर्स पिटीशन दाखिल करने, अपने तलाक की वजहों को मज़बूती से साबित करने और प्रक्रिया में लगने वाले समय को कम करने के लिए, भारत के शीर्ष तलाक वकीलों से तुरंत कानूनी सलाह लें



अपने कानूनी मुद्दे के लिए अनुभवी तलाक वकीलों से सलाह प्राप्त करें

अक्सर पूछे जाने वाले सवाल


क्या एकतरफा तलाक में गुज़ारा भत्ता (Alimony) देना पड़ता है?

हाँ। तलाक एकतरफा हो या आपसी सहमति से, अगर पत्नी कमा नहीं रही है या कम कमा रही है, तो पति को उसे गुज़ारा भत्ता देना पड़ सकता है। हालाँकि, व्यभिचार (पत्नी के अवैध संबंध) के मामले में पत्नी को गुज़ारा भत्ता नहीं मिलता।



अगर दूसरा पक्ष कोर्ट के नोटिस का जवाब न दे तो क्या होगा?

अगर दूसरा पक्ष (पति या पत्नी) नोटिस का जवाब नहीं देता है, तो कोर्ट एकतरफा कार्रवाई शुरू कर सकती है और दूसरे पक्ष के खिलाफ फ़ैसला सुना सकती है।



तलाक की अर्जी फाइल करने के लिए शादी को कितना समय होना चाहिए?

तलाक की अर्जी फाइल करने से पहले शादी को कम से कम एक साल हो जाना चाहिए (कुछ अपवादों को छोड़कर)।



एकतरफा तलाक में बच्चों की कस्टडी का फ़ैसला कैसे होता है?

विवादित या आपसी सहमति दोनों तरह के तलाक के बाद बच्चों की कस्टडी का फ़ैसला कोर्ट केवल बच्चे के सर्वोत्तम हित को ध्यान में रखकर करता है। अदालत को जो बच्चे के हित में ज्यादा सही लगता है कस्टडी उसी को मिलती है।