भारत में कंपनी रजिस्ट्रेशन कैसे करे - नियम, फीस, डाक्यूमेंट्स और ऑनलाइन प्रक्रिया



​आज के समय में जहाँ हर व्यक्ति अपना खुद का व्यापार (Business) करने की सोचता है, वही कंपनी रजिस्ट्रेशन के नाम पर होने वाले धोखाधड़ी के मामले भी रोजाना बहुत तेजी से सामने आ रहे हैं। नकली दस्तावेज़ बनाकर, फर्जी कंपनियाँ दिखाकर और अवैध तरीकों से रजिस्ट्रेशन कराने जैसे अपराध के कारण लोगों को बहुत परेशानियों का सामना करना पड़ता है। अगर आप भी अपना कोई नया बिज़नस शुरू करने की सोच रहे हैं और चाहते हैं कि सब कुछ कानूनी तरीके से बिना किसी गड़बड़ के हो, तो आपको Company Registration के बारे में जानना व समझना बहुत ज़रूरी है। इस लेख हम इस विषय से जुड़ी हर जानकारी देंगे कि, कंपनी रजिस्ट्रेशन क्या होता है, और यह क्यों ज़रूरी है? कंपनी रजिस्ट्रेशन के प्रकार नियम, कानून, डाक्यूमेंट्स और ऑनलाइन प्रक्रिया?

चाहे आप पहली बार बिजनेस शुरू कर रहे हों या पहले से ही कोई बिजनेस चला रहे हों, कंपनी रजिस्ट्रेशन आपके लिए फायदेमंद साबित होगा। इस लेख में हम आपको यह भी बताएंगे कि अलग-अलग तरह की कंपनियों के लिए क्या नियम हैं और आपको किन बातों का ध्यान सबसे ज्यादा रखना चाहिए।




कंपनी रजिस्ट्रेशन क्या होता है?

जब आप कोई नया व्यापार (Business) शुरू करते हैं, तो सरकार चाहती है कि आप उस व्यापार के बारे में बताएं कि आप क्या काम शुरु कर रहे हैं। इसे ही कंपनी रजिस्ट्रेशन कहते हैं। यह एक तरह का लाइसेंस है जो सरकार आपको देती है, जिससे आपका व्यापार कानूनी रूप से वैध (Valid) हो जाता है।

सरल भाषा में कहें तो, जब भी आप अपना कोई काम या धंधा शुरु करते है तो आपको अपनी कंपनी को कानूनी मान्यता (Legal Recognition) दिलवाने के लिए रजिस्ट्रेशन करवाना आवश्यक होता है।



कंपनी रजिस्ट्रेशन करना क्यों जरूरी है?

1. कानूनी पहचान और सुरक्षा: जैसे हमारा आधार कार्ड आपकी पहचान है, वैसे ही कंपनी रजिस्ट्रेशन हमारे धंधे (Business) को एक कानूनी पहचान (Legal Identity) देता है। अगर कोई व्यक्ति हमारे धंधे को नुकसान पहुँचाता है, तो हम कानूनी रूप से अपनी व अपने व्यापार की रक्षा कर सकते हैं।

उदाहरण: मान लीजिए, कोई अन्य कंपनी आपकी कंपनी के नाम से नकली सामान (Fake Product) बेच रही है, ऐसे में अगर आपकी कंपनी रजिस्टर्ड है, तो आप उस पर कानूनी कार्रवाई कर सकते हैं।

2. व्यापार में विश्वास मिलता है: आज के समय में लोग रजिस्टर्ड कंपनियों पर ज्यादा भरोसा करते हैं। अगर आपकी कंपनी रजिस्टर्ड है, तो ग्राहक (Customer) और दूसरे व्यापारी (Businessman) आपके साथ काम करने के लिए आसानी से तैयार हो जाते है।

3. बैंक से लोन लेना आसान होता है: बैंक वाले रजिस्टर्ड धंधों (Registered Business) को जल्दी लोन (Loan) देते हैं। अगर आपको अपने व्यापार को बढ़ाने के लिए पैसे चाहिए, तो रजिस्ट्रेशन आपके बहुत काम आएगा।

4. कानूनी विवादों से बचाव: रजिस्ट्रेशन आपकी कंपनी के नाम और ब्रांड को सुरक्षित रखता है। एक बार रजिस्ट्रेशन होने के बाद कोई और व्यक्ति आपके नाम का गलत इस्तेमाल नहीं कर सकता।

5. टैक्स और सरकारी योजनाओं का लाभ: सरकार रजिस्टर्ड कंपनियों को टैक्स में छूट के साथ कई सरकारी योजनाओं (Govt. Schemes) का भी फायदा देती है। इससे आपके व्यापार को बहुत ज्यादा मदद मिलती है।



भारत में कंपनी रजिस्ट्रेशन के प्रकार - पब्लिक, प्राइवेट और अन्य

भारत में कई तरह की कंपनियां पंजीकरण की जा सकती हैं, जिसमें हर एक का अपना अलग कार्य और नियम होता है। चलिए इसे आसान भाषा में समझते हैं:

1. प्राइवेट लिमिटेड कंपनी (Private Limited Company)

यह सबसे ज्यादा चलने वाली कंपनी है। इसमें कम से कम 2 और ज्यादा से ज्यादा 200 लोग मालिक (Owner) बन सकते हैं। इसमें मालिकों की अपनी निजी संपत्ति (Private property) कंपनी के कर्जों (Loans) से सुरक्षित रहती है।  इसका मतलब है, अगर कभी कंपनी को नुकसान होता है, तो मालिकों के घर या गाड़ी जैसी चीजों पर आंच नहीं आएगी।

इस प्रकार की कंपनी उन लोगों के लिए बहुत अच्छी है जो मिलकर बिजनेस करना चाहते हैं और अपनी निजी संपत्ति को भी बचाना चाहते हैं।

2. पब्लिक लिमिटेड कंपनी (Public Limited Company)

ये बड़ी कंपनियां होती हैं जो शेयर बाजार (Share Market) में अपने शेयर बेचती हैं। कोई भी आम आदमी इनके शेयर खरीदकर कंपनी का मालिक बन सकता है। इन कंपनियों को बहुत ज्यादा नियमों का पालन करना पड़ता है। ये कंपनियां उन बड़े बिजनेस के लिए होती हैं जिन्हें बहुत ज्यादा पैसे की जरूरत होती है।

3. एक व्यक्ति की कंपनी (One Person Company - OPC)

जैसा कि नाम से ही पता चलता है, इसे सिर्फ एक ही आदमी चला सकता है। अगर आप अकेले बिजनेस करना चाहते हैं, लेकिन प्राइवेट लिमिटेड कंपनी के फायदे भी चाहते हैं, तो यह आपके लिए सही तरीका है।

4. एलएलपी (Limited Liability Partnership - LLP)

सीमित देयता भागीदारी (Limited Liability Partnership - LLP) ऐसे लोगों के लिए होती है जो साथ मिलकर कोई व्यापार शुरू करना चाहते हैं, लेकिन चाहते हैं कि अगर बिजनेस में कोई नुकसान या कर्ज हो जाए तो उसकी भरपाई केवल बिजनेस की संपत्ति से हो, न कि उनकी अपनी निजी (Personal) संपत्ति से।

आसान शब्दों में कहें तो – LLP एक ऐसा तरीका है जिसमें पार्टनर मिलकर व्यापार करते हैं, लेकिन अगर व्यापार में कोई परेशानी आती है, तो उनकी खुद की ज़मीन, घर या बैंक बैलेंस को नुकसान नहीं होता।

एलएलपी में हर पार्टनर सिर्फ अपने कामों के लिए जिम्मेदार होता है, दूसरे पार्टनर के गलत कामों के लिए नहीं। इसका मतलब है कि अगर आपका कोई साथी गलती करता है, तो आपको उसकी सजा (Punishment) नहीं भुगतनी पड़ेगी।

5. एकल स्वामित्व (Sole Proprietorship)

यह सबसे आसान तरीका है बिजनेस शुरू करने का। इसमें सिर्फ एक ही मालिक होता है। लेकिन इसमें मालिक और बिजनेस दोनों एक ही माने जाते हैं, यानी अगर बिजनेस में नुकसान होता है तो मालिक की निजी संपत्ति भी खतरे में आ सकती है।

6. एनजीओ या सेक्शन 8 कंपनी (NGO or Section 8 Company)

ये कंपनियां पैसे कमाने के लिए नहीं, बल्कि समाज की भलाई के लिए काम करती हैं। जैसे कि गरीबों की मदद करना, शिक्षा को बढ़ावा देना या पर्यावरण की रक्षा करना।

जाने - भारत में कॉपीराइट कानून और नियम



इंडिया में कंपनी रजिस्ट्रेशन के नियम और कानून

भारत में कंपनी रजिस्ट्रेशन कंपनी अधिनियम, 2013 (Companies Act, 2013) के तहत किया जाता है। नीचे कंपनी रजिस्ट्रेशन से संबंधित महत्वपूर्ण नियम (Rules) दिए गए हैं आइये इन्हें विस्तार से समझते है:

कंपनी का अलग नाम: आपकी कंपनी का नाम ऐसा होना चाहिए जो पहले से किसी और कंपनी ने न लिया हो। इसके अलावा नाम ऐसा होना चाहिए, जिसके द्वारा आसानी से पता चले कि आपकी कंपनी क्या काम करती है।

कंपनी के मालिक (डायरेक्टर): बनाए गए कानून व नियम के अनुसार हर मालिक के पास एक खास नंबर होना चाहिए जिसे DIN (Director’s Identity Number) कहते हैं। यह नंबर सरकार देती है।

कंपनी के मालिकों से जुड़े नियम

  • प्राइवेट कंपनी में कम से कम 2 और ज्यादा से ज्यादा 15 मालिक हो सकते हैं।
  • पब्लिक कंपनी में कम से कम 3 मालिक होने चाहिए, ज्यादा की कोई गिनती नहीं।
  • एक आदमी की कंपनी (OPC) में 1 ही मालिक होता है।
  • नियम के अनुसार कम से कम 1 मालिक भारत का रहने वाला होना चाहिए।
  • मालिक की उम्र 18 साल से ऊपर होनी चाहिए। मालिकों को आधार कार्ड, पैन कार्ड जैसे कागज देने होंगे।

कंपनी के हिस्सेदार (Share Holders):

  • प्राइवेट कंपनी में कम से कम 2 और ज्यादा से ज्यादा 200 हिस्सेदार (Share Holders) हो सकते हैं।
  • पब्लिक कंपनी में कम से कम 7 हिस्सेदार होने चाहिए, ज्यादा की कोई गिनती नहीं।
  • एक आदमी की कंपनी (OPC) में 1 ही हिस्सेदार होता है।

कंपनी में लगा पैसा: पहले के नियमों के अनुसार कम से कम 1 लाख या 5 लाख रुपये लगाने पड़ते थे, पर अब ऐसा कोई नियम नहीं है। जितना पैसा आप लगाएंगे उतना ही पैसा कंपनी के बैंक खाते (Bank Account) में जमा करना होगा।

कुछ खास बिजनेस के लिए लाइसेंस: अगर आप खाने (Food) का बिजनेस कर रहे हैं, तो आपको FSSAI लाइसेंस की ज़रूरत होगी। इसी तरह, बैंकिंग या इंश्योरेंस कंपनी खोलने के लिए आपको RBI या IRDA से अनुमति लेनी होगी।

ज़रूरी कागज़: कंपनी क्या काम करेगी इस बात की जानकारी को एक कागज़ जिसे MOA (Memorandum of Association) कहा जाता है, के अंदर लिखना होता है। कंपनी को चलाने के नियम क्या होंगे यह दूसरे कागज़ यानि AOA (Article of Association) में लिखने होते हैं। इसके अलावा मालिकों और हिस्सेदारों के पहचान पत्र और पते (Address) के कागज़ भी देने होते हैं।

कंपनी बंद करना: अगर कभी किसी कारण से कंपनी बंद करनी पड़ जाती है, तो सरकार को कंपनी बंद करने की अर्जी (Company Closing Application) देनी होगी। इसके अलावा कंपनी बंद करने से पहले आपको सारे कर्ज़ भी चुकाने होंगे।
 



कंपनी रजिस्ट्रेशन के लिए किन-किन चीजों की आवश्यकता पड़ती है?

अगर आप कंपनी रजिस्ट्रेशन करवाना चाहते हैं, तो आपको कुछ ज़रूरी दस्तावेज़, जानकारियां और कानूनी प्रक्रियाओं का पालन करना होगा। यहां इससे जुड़ी सभी उपयोगी जानकारी दी गई है, जिससे आप बिना किसी परेशानी के अपनी कंपनी रजिस्टर करवा सकें।

1. कंपनी रजिस्ट्रेशन के लिए ज़रूरी कागज़ (Required Documents):

मालिकों और हिस्सेदारों के कागज़:

  • पहचान का सबूत जैसे पैन कार्ड, आधार कार्ड, वोटर कार्ड पासपोर्ट या ड्राइविंग लाइसेंस में से कोई एक।
  • पते का सबूत: बिजली का बिल, बैंक स्टेटमेंट या मोबाइल बिल (पिछले 2 महीने का)।
  • फोटो: पासपोर्ट साइज फोटो (पीछे का बैकग्राउंड सफेद होना चाहिए)।
  • ईमेल और मोबाइल नंबर: ओटीपी (OTP) से वेरिफिकेशन के लिए चाहिए।
  • कंपनी के नाम: 2-3 नाम सोच कर रखिए, ताकि एक ना मिले तो दूसरा काम आ जाए। ये सभी नाम एकदम अलग होना चाहिए, किसी और कंपनी से मिलता जुलता नहीं होना चाहिए।
  • ऑफिस का पता: ऑफिस के पते का प्रूफ, जैसे कि बिजली का बिल या किराए की रसीद। अगर किराए की जगह है तो मकान मालिक से NOC भी चाहिए।

2. ज़रूरी सरकारी काम और सर्टिफिकेट:

  • डिजिटल सिग्नेचर (DSC): ये डिजिटल साइन है, जिससे आप ऑनलाइन कागजों पर साइन कर सकते हैं। ये हर मालिक के पास होना चाहिए।
  • डायरेक्टर नंबर (DIN): ये नंबर कंपनी के मालिकों को सरकार से लेना होता है।
  • GST नंबर (अगर ज़रूरी हो): अगर आपकी कंपनी साल में 40 लाख से ज्यादा कमाती है, तो GST नंबर लेना होगा।
  • पैन और टैन: ये भी सरकार से लेना होता है, ये टैक्स के लिए ज़रूरी है।
  • बैंक खाता: कंपनी शुरू होने के बाद, कंपनी के नाम से बैंक में खाता खुलवाना होगा।
 

ऑनलाइन कंपनी रजिस्ट्रेशन कैसे करे - पूरी प्रक्रिया

भारत में कंपनी रजिस्ट्रेशन की पूरी प्रक्रिया अब MCA यानि Ministry of Corporate Affairs के पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन हो चुकी है। इसका मतलब है कि अब आपको सरकारी दफ्तरों के चक्कर काटने की जरूरत नहीं है, आप घर बैठे ही अपनी कंपनी रजिस्टर कर सकते हैं।

स्टेप 1: कंपनी का नाम चुनें और सुरक्षित करें (Reserve a Unique Company Name):

सबसे पहले आपको अपनी कंपनी का नाम तय करना होगा और यह ध्यान रखना होगा कि यह नाम पहले से किसी और कंपनी के नाम से ना मिलता हो। इसके लिए आपको MCA की वेबसाइट पर जाकर RUN (Reserve Unique Name) Service का उपयोग करना होगा।

  1. इसके लिए सबसे पहले MCA पोर्टल पर लॉग इन करें और RUN के Option पर क्लिक करें।
  2. अब अपनी कंपनी का नाम उसमें दर्ज (Register) करें और मंजूरी (Approval) पाने के लिए आवेदन करें।
  3. जो नाम आपने उस में लिखा होगा अगर वो नाम उपलब्ध (Available) होगा, तो MCA इसे मंजूर कर देगा।
  4. इसके बाद यह नाम MCA पोर्टल पर 60 दिनों के लिए सुरक्षित (Reserve) हो जाएगा।

स्टेप 2: डिजिटल सिग्नेचर सर्टिफिकेट (DSC) बनवाएं:

ऑनलाइन आवेदन के लिए सभी मालिकों और शेयरधारकों को Digital Signature Certificate (DSC) बनवाना जरूरी होता है। DSC एक इलेक्ट्रॉनिक सिग्नेचर होता है, जो आपके आवेदन को सुरक्षित और वैध (Secure Or Valid) बनाता है। आप डिजिटल सिग्नेचर सर्टिफिकेट (DSC) उन कंपनियों से बनवा सकते हैं जिन्हें सरकार ने इसके लिए मान्यता दी है।

DSC बनवाने के लिए आपको इन दस्तावेजों की जरूरत होगी जैसे, आधार कार्ड, पैन कार्ड, ईमेल आईडी, मोबाइल नंबर और पासपोर्ट साइज फोटो आदि।  

स्टेप 3: निदेशक पहचान संख्या (DIN) प्राप्त करें:

सभी निदेशकों (Directors) को Director Identification Number (DIN) लेना जरूरी है। नया DIN लेने के लिए आपको SPICe+ (Simplified Proforma for Incorporating Company Electronically) नाम का एक फॉर्म भरना होगा। यह फॉर्म MCA के पोर्टल पर ही आपको आसान से मिल जाता है। जिसके बाद आपको सभी निदेशकों के KYC दस्तावेज अपलोड करने होंगे और आवेदन जमा करना होगा। इसके बाद आगे की प्रक्रिया को पूरा करते हुए अन्य सभी आवश्यक दस्तावेज अपलोड करें और DSC के द्वारा डिजिटल हस्ताक्षर करके, आवेदन शुल्क (Application Fee) का भुगतान (Payment) करें।

स्टेप 5: आवश्यक दस्तावेज़ अपलोड करें

आपको कंपनी के मालिकों के पैन कार्ड, आधार कार्ड, पासपोर्ट साइज फोटो, बैंक स्टेटमेंट और कंपनी के Memorandum of Association (MOA), Articles of Association (AOA), जैसे सभी जरुरी दस्तावेज भी अपलोड करने होंगे।

स्टेप 6: पंजीकरण शुल्क और स्टांप ड्यूटी जमा करें

MCA पोर्टल पर ऑनलाइन पंजीकरण शुल्क और स्टांप ड्यूटी जमा करें।

स्टेप 7: आवेदन जमा करें और प्रमाणपत्र प्राप्त करें

अगर आपके सभी दस्तावेज (Documents) सही पाए जाते हैं, तो Registrar of Companies (ROC) कंपनी को मंजूरी देगा। इसके बाद आपको Certificate of Incorporation (COI) प्राप्त होगा, जिसमें Corporate Identity Number (CIN) होगा। यह प्रमाणपत्र बताता है कि आपकी कंपनी कानूनी रूप से रजिस्ट्रर चुकी है।

स्टेप 8: अन्य कानूनी पंजीकरण कराएं

कंपनी रजिस्ट्रेशन के बाद, आपको GST रजिस्ट्रेशन, PAN और TAN प्राप्त करना होगा। इसके अलावा ESI और EPF रजिस्ट्रेशन, MSME (Udyam) रजिस्ट्रेशन जैसे कुछ अन्य महत्वपूर्ण पंजीकरण भी करवाने होंगे।

स्टेप 9: कंपनी का बैंक खाता खोलें

पंजीकरण प्रमाणपत्र (COI) व मालिक के PAN कार्ड के साथ कंपनी का खाता (Account) किसी भी बैंक में खोलें। जिसके बाद सभी व्यावसायिक लेन-देन (Business Transactions) इस बैंक खाते से ही किए जाएंगे।

जाने - ट्रेडमार्क क्या होता है - रजिस्ट्रेशन की पूरी प्रक्रिया



कंपनी रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया कितने दिनों में पूरी होती है?

अगर सभी दस्तावेज़ सही हैं और आवेदन बिना किसी गलती के किया गया है, तो कंपनी रजिस्ट्रेशन की पूरी प्रक्रिया आमतौर पर 7 से 10 कार्य दिवसों (Working Days) में पूरी हो जाती है।



कंपनी कौन शुरू कर सकता है और कौन नहीं?

सबसे अच्छी बात यह है कि भारत में कंपनी शुरू करना बहुत ही आसान है। चाहे आप भारतीय नागरिक हों या विदेशी, आप अपनी कंपनी रजिस्टर करवा सकते हैं। कंपनी शुरू करने के लिए आपकी उम्र कम से कम 18 साल होनी चाहिए। अगर आप नाबालिग हैं, तो आप कंपनी के मालिक नहीं बन सकते।

18 साल से कम उम्र के लोग, दिवालिया घोषित (Bankrupt Declared) हो चुके लोग, किसी गंभीर अपराध में दोषी (Guilty) लोग या सरकार द्वारा ब्लैकलिस्ट किए गए लोग कंपनी नहीं खोल सकते।

निष्कर्ष:- इस लेख में हमने सरल भाषा में कंपनी रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया, इसके उपयोग और उससे जुड़े जरूरी दस्तावेज़ों के बारे में आपको जानकारी देने का प्रयास किया है। अगर आपको इस विषय से जुड़ी कोई भी कानूनी सलाह या वकीलों की सहायता चाहिए, तो अभी हमारे वकीलों की टीम से बात करें। वे आपके सभी सवालों का समाधान करने में और आगे की प्रक्रिया में आपकी मदद करेंगे।



अपने कानूनी मुद्दे के लिए अनुभवी ट्रेडमार्क और कॉपीराइट वकीलों से सलाह प्राप्त करें

अक्सर पूछे जाने वाले सवाल


कंपनी का रजिस्ट्रेशन करवाने में कितना खर्चा होता है?

कंपनी रजिस्ट्रेशन का खर्च कई बातों पर निर्भर करता है, जैसे कि आप किस तरह की कंपनी रजिस्टर कर रहे हैं, आप किसी प्रोफेशनल की मदद ले रहे हैं या नहीं। आमतौर पर, एक प्राइवेट लिमिटेड कंपनी को रजिस्टर करने में 7,000 से 20,000 रुपये तक का खर्च आ सकता है।



कंपनी का पंजीकरण कितने दिन में होता है?

अगर आपके सभी दस्तावेज़ सही हैं और कोई गड़बड़ी नहीं है, तो कंपनी रजिस्ट्रेशन 7 से 15 दिनों में पूरा हो सकता है।



कंपनी रजिस्ट्रेशन के लिए किया गया आवेदन नामंजूर (Reject) होने पर क्या करें?

अगर आपका कंपनी रजिस्ट्रेशन रिजेक्ट हो जाता है, तो आपको MCA द्वारा बताई गई कमियों को दूर करना होगा और दोबारा से आवेदन करना होगा।



क्या पंजीकरण के लिए किए गए आवेदन के स्टेटस को ऑनलाइन चेक कर सकते हैं?

हाँ, आप मिनिस्ट्री ऑफ कॉरपोरेट अफेयर्स (MCA) की वेबसाइट पर जाकर अपनी कंपनी का रजिस्ट्रेशन स्टेटस ऑनलाइन चेक कर सकते हैं।