बीएनएस धारा 77 क्या है | BNS Section 77 in Hindi - सजा और जमानत


महिला ताक झांक बीएनएस धारा BNS Section 77 in Hindi

आज के डिजिटल युग में जहां हर कोई कैमरे का इस्तेमाल करता है, जिससे हमारी निजता लगातार खतरे में है। आजकल लोग बिना हमारी सहमति के हमारे निजी पलों को कैद करके इंटरनेट पर सार्वजनिक कर देते है। चाहे वह बाथरूम हो, बेडरूम हो या कोई अन्य निजी स्थान, बिना अनुमति के किसी को देखना या रिकॉर्ड करना एक गंभीर अपराध है। इस तरह के कार्यों के कारण किसी भी इंसान का पूरा जीवन खराब हो सकता है। ऐसे ही अपराधों को रोकने के लिए भारतीय न्याय संहिता की धारा 77 बनाई गई है। इस लेख में हम जानेंगे, की बीएनएस की धारा 77 क्या है, यह कब लगती है (BNS Section 77 in Hindi)? इस धारा के तहत आरोपी को कितनी सजा होती है और धारा 77 में जमानती है या गैर-जमानती?

किसी भी महिला को नहाते समय या कोई भी निजी कार्य करते समय देखना या फोटो लेने के इस अपराध के आरोपी व्यक्तियों पर पहले Indian Penal Code (IPC) की धारा 354C के तहत कार्यवाही कर सजा दी जाती थी। जिसे अब BNS के लागू होती ही Bhartiya Nyaya Sanhita की धारा 77 से बदल दिया गया है। अब से जो कोई भी व्यक्ति इस प्रकार के अपराध को करेगा उस पर धारा 77 के तहत ही कार्यवाही की जाएगी। इसलिए इस प्रकार के अपराधों से जुड़ी प्रत्येक उपयोगी जानकारी प्राप्त करने के लिए इस लेख को अंत तक पढ़े।


बीएनएस की धारा 77 क्या है व यह कब लागू होती है - BNS Section 77 in Hindi

भारतीय न्याय संहिता की धारा 77 ताक-झांक (Voyeurism) के अपराध से संबंधित है। जिसमें किसी महिला की निजी गतिविधियों (Private Activities) को बिना उनकी जानकारी और अनुमति के देखने, रिकॉर्ड करने, या उनकी तस्वीर लेना अपराध माना जाता है। यह धारा किसी भी पुरुष को एक महिला को ऐसी स्थिति में देखना या उसकी तस्वीर लेना अपराध मानती है। जिसमें महिला को यह अपेक्षा हो कि उसे नहीं देखा जा रहा है, और उसने इसके लिए सहमति नहीं दी है।

इसका मतलब है कि जब कोई व्यक्ति किसी महिला को कोई निजी कार्य करते देखता है व उसकी फोटो या वीडियो बनाता है। जिस समय महिला कुछ ऐसा निजी कार्य कर रही होती है या ऐसी स्थिति में होती है। जिसमें किसी के भी द्वारा उसे देखा नहीं जाना चाहिए तो वह एक अपराध माना जाता है।

उदाहरण:- जैसे यदि कोई व्यक्ति किसी महिला की नहाते हुए या कपड़े बदलते समय बिना उस महिला की अनुमति के छिपकर वीडियों बनाता है तो उस पर BNS की धारा 77 के तहत कार्यवाही की जा सकती है।

"निजी कार्य" की परिभाषा

धारा 77 के तहत "निजी कार्य" का मतलब होता है जिसको करते समय किसी महिला के जननांग (Genitals), पीछे का हिस्सा या स्तन (Breast) दिखाई देते हो। या केवल अंडरवियर में ढके होते हैं, या वह किसी व्यक्ति के साथ शारीरिक संबंध बना रही होती है। जैसे कोई महिला शौचालय का उपयोग कर रही है तो उसे गोपनीयता की आवश्यकता होती है।


बीएनएस धारा 77 लगने के लिए मुख्य बिंदु

  • किसी महिला को बिना उसकी सहमति (Consent) के निजी क्षणों (Private Moments) में रिकॉर्ड करना, चाहे वह वीडियो या फोटो के रूप में हो।
  • किसी व्यक्ति को बिना उसकी सहमति के ऐसे स्थान पर देखना जिसे वह पूरी तरह से निजी समझता हो, जैसे कि बाथरूम या बेडरूम।
  • किसी महिला की अनुमति के बनाई गई रिकॉर्डिंग को दूसरों के साथ साझा करना।
  • धारा 77 के तहत दोषी पाये जाने वाले व्यक्ति को कैद व जुर्माने की सजा से दंडित किया जा सकता है।

धारा 77 के तहत कौन से कार्य अपराध माने जाते हैं?

  • किसी महिला की कपड़े बदलते समय तस्वीरें लेना।
  • किसी महिला की सहमति के बिना उसकी व्यक्तिगत तस्वीरों (Personal Photos) को इंटरनेट पर अपलोड करना।
  • वॉशरूम में छिपे हुए कैमरे (Hidden Camera) से उसकी रिकॉर्डिंग करना।
  • स्वीमिंग पूल या घर में नहा रही महिला छिपकर देखना या रिकॉर्ड करना।
  • किसी महिला के दफ्तर (Office) के चेंजिंग रूम में छिपकर उसकी तस्वीर लेना।
  • शौचालय में महिला की छिपे हुए कैमरे से फोटो लेना।
  • किसी महिला के घर की खिड़की से उसको किसी व्यक्ति के साथ शारीरिक संबंध (Physical Relation) बनाते समय देखना।

बीएनएस सेक्शन 77 के जुर्म का उदाहरण

रिया एक कॉलेज की छात्रा थी जो कुछ सालों से अपने हॉस्टल में रहती थी। एक दिन जब रिया अपने कमरे में कपड़े बदल रही थी तब रिया को यह नहीं पता था कि उसके कमरे के वेंटिलेशन में अमित नाम के एक लड़के ने एक छोटा कैमरा छिपा रखा था। अमित जो उसी कॉलेज का छात्र था, उसने इस कैमरे के जरिए रिया के बहुत से निजी पलों को रिकॉर्ड कर लिया। जिसके बाद में अमित ने यह वीडियो अपने दोस्तों को दिखाया और सोशल मीडिया पर भी अपलोड कर दिया।

इस मामले में अमित ने रिया की सहमति के बिना उसकी गोपनीयता का उल्लंघन किया, जो कि BNS Section 77 के तहत एक गंभीर अपराध है। रिया को जब इस बात का पता चला तो उसने अमित की शिकायत पुलिस में कर दी। जिसके बाद पुलिस ने अमित को गिरफ्तार कर लिया व उस पर धारा 77 के तहत केस दर्ज कर कार्यवाही की गई।


भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 77 के तहत सजा

भारतीय न्याय संहिता की धारा 77 के तहत महिलाओं की गोपनीयता (Women’s Privacy) का उल्लंघन करने वाले दोषी (Guilty) व्यक्तियों के लिए सख्त से सख्त सजा का प्रावधान किया गया है। इसलिए यदि कोई व्यक्ति इस अपराध को करने का दोषी पाया जाता है, तो उसे पहली बार इस अपराध को करने की सजा के तौर पर कम से कम 1 साल की कैद जिसे अधिकतम 3 साल तक बढ़ाया जा सकता है। इसके साथ ही दोषी व्यक्ति पर जुर्माना भी लगाया जा सकता है, जिसकी राशि न्यायालय द्वारा निर्धारित की जाती है।

लेकिन यदि वही व्यक्ति दोबारा इस अपराध को करता है और धारा 77 के तहत दोषी पाया जाता है तो उसे कम से कम 3 साल की कैद की सजा (Punishment) दी जाएगी, जिसे 7 साल तक बढ़ाया जा सकता है। इसके साथ ही दोषी व्यक्ति पर जुर्माना (Fine) भी लगाया जा सकता है।


बीएनएस​ की धारा 77 में जमानत का प्रावधान

BNS Section 75 के तहत दर्ज किए गए अपराध संज्ञेय (Cognizable) और जमानतीय (Bailable) होते हैं। इसका मतलब यह है कि पुलिस इस अपराध में आरोपी व्यक्ति को बिना वारंट (Warrant) के गिरफ्तारी कर सकती है। जिसके बाद आरोपी को मजिस्ट्रेट के सामने पेश किया जा सकता है। आरोपी व्यक्ति जमानत (Bail) के लिए अपने वकील की सहायता से मजिस्ट्रेट के सामने जमानत के लिए आवेदन कर जमानत प्राप्त कर सकता है। इस अपराध से संबंधित केस सत्र न्यायालय (Sessions Court) द्वारा विचारणीय (Triable) होते है।


BNS 77 के तहत आरोपी व्यक्तियों के लिए कुछ आवश्यक बचाव

  • यदि आरोपी यह साबित कर सकता है कि महिला ने आरोपी (Accused) के द्वारा किए गए कार्यों के करने के लिए सहमति दी थी, तो इस अपराध में बचाव हो सकता है।
  • अगर किसी महिला ने आरोपी व्यक्ति को फंसाने के लिए झूठे आरोप (False Blame) लगाए है और आरोपी के पास खुद को बेगुनाह साबित करने के लिए सबूत (Evidence) है तो उन्हें वह अपने बचाव के लिए इस्तेमाल कर सकता है।
  • यदि आरोपी व्यक्ति यह साबित कर सके कि किसी अन्य व्यक्ति ने उसके मोबाइल या कैमरा का इस्तेमाल करके इस अपराध को किया है तो इससे भी उसका बचाव हो सकता है।
  • अगर आरोपी घटना के समय घटना स्थल पर मौजूद नहीं था और उसके पास उसके उस जगह उपस्थित ना होने के आवश्यक सबूत है तो भी बचाव हो सकता है।
  • आरोपी के पास अगर कोई गवाह (Witness) हैं जो अदालत में यह साबित कर सकें कि आरोपी निर्दोष है या उसके खिलाफ लगाए गए आरोप झूठे हैं।
  • ऐसे मामलों में आरोपी व्यक्ति को एक वकील की सहायता जरुर लेनी चाहिए, जो आपके केस को अच्छे से समझकर व आप पर लगे आरोपों की जांच करके बचाव के उपायों को इस्तेमाल करेगा।


निष्कर्ष:- BNS Section 77 महिलाओं की गोपनीयता और सम्मान की रक्षा के लिए एक महत्वपूर्ण प्रावधान है। यह धारा महिलाओं के खिलाफ होने वाले ताका झांकी जैसे गंभीर अपराधों को रोकने और दोषियों को सजा दिलाने में सहायक है। ऐसे किसी भी कानूनी समस्या से जुड़े मामलों में कानूनी सलाह प्राप्त करने के लिए आज ही आप हमारे वकीलों से बात कर सकते है।


LawRato




BNS धारा 77 के लिए अनुभवी वकील खोजें

बीएनएस धारा 77 पर अक्सर पूछे जाने वाले सवाल


बीएनएस धारा 77 के तहत ताका झांकी का अपराध क्या है यह धारा कब लागू होती है?

भारतीय न्याय संहिता की धारा 77 महिलाओं की गोपनीयता की रक्षा के लिए बनाई गई है। इसके अंतर्गत बिना सहमति के किसी महिला की निजी गतिविधियों को देखना, रिकॉर्ड करना, या उसकी तस्वीर लेना अपराध है। जब कोई व्यक्ति इन सभी बताई गई बातों में से कोई कार्य करता है तो उस पर इस धारा को लागू कर कार्यवाही की जा सकती है।



क्या BNS की धारा 77 में जमानत मिल सकती है?

हां, बीएनएस की धारा 77 के तहत दर्ज अपराध जमानतीय होते हैं, और आरोपी को मजिस्ट्रेट की अनुमति से जमानत मिल सकती है।



धारा 77 का अपराध संज्ञेय है या गैर-संज्ञेय?

बीएनएस सेक्शन 77 का अपराध संज्ञेय है, यानी पुलिस बिना वारंट के आरोपी को गिरफ्तार कर सकती है।



क्या महिला की सहमति से किया गया रिकॉर्डिंग भी धारा 77 के तहत आएगा?

नहीं, यदि महिला ने खुद की मर्जी से सहमति दी है, तो वह BNS 77 के तहत अपराध नहीं होगा। इस अपराध में सहमति बहुत ही जरुरी होती है। 



BNS Section 77 में सजा का प्रावधान क्या है?

BNS की धारा 77 के तहत पहली बार इस अपराध को करने पर 1 से 3 साल तक की कैद और जुर्माना, और दोबारा से इसी अपराध को करने पर 3 से 7 साल तक की कैद और जुर्माना हो सकता है।