बीएनएस धारा 326 क्या है - सजा जमानत और बचाव | BNS 326 in Hindi


बीएनएस की धारा BNS Section 326 in Hindi

विषयसूची

  1. बीएनएस धारा 326 क्या है और यह कब लागू होती है- BNS Section 326 in Hindi
  2. बीएनएस​ की धारा 326 में जमानत का क्या प्रावधान होता है?
  3. उपखंड (a):- पानी की आपूर्ति में बाधा
  4. उपखंड (b):- सड़क, पुल या जलमार्ग को बाधित करना
  5. उपखंड (c):- जल बाहर निकलने के रास्ते को बंद करना
  6. उपखंड (d):- नेविगेशन संकेतों को नुकसान पहुँचाना
  7. उपखंड (e):- सरकारी भूमि पर बने निशानों को नुकसान पहुँचाना
  8. उपखंड (f):- आग या विस्फोटकों से नुकसान पहुँचाना
  9. उपखंड (g):- पूजा स्थल, घर या संपत्ति को आग से नष्ट करना
  10. BNS 326 के अपराध को साबित करने वाले मुख्य तत्व
  11. भारतीय न्याय संहिता की धारा 326 के दोषियों को मिलने वाली सजा
  12. BNS 326 के आरोपी व्यक्तियों के लिए बचाव के उपाय
  13. बीएनएस धारा 326 पर अक्सर पूछे जाने वाले प्रश्न

हमारे आसपास आए दिन ऐसी घटनाएं होती रहती हैं जो हम सभी को परेशान कर देती हैं। कभी कोई व्यक्ति सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाता है, तो कभी कोई आग लगाकर या विस्फोटक पदार्थों का इस्तेमाल करके लोगों की जान खतरे में डालता है। ये सभी घटनाएं "उपद्रव" की श्रेणी में आती हैं, लेकिन, क्या आप जानते हैं कि कई बार लोग अनजाने में भी इस अपराध को कर बैठते हैं? ऐसा इसलिए होता है क्योंकि उन्हें पता ही नहीं होता कि क्या करना अपराध है और क्या नहीं। आज के इस आर्टिकल में हम चोट, बाढ़, आग या विस्फोटक पदार्थ, के द्वारा शरारत के अपराध की धारा के बारे में जानेंगे कि, बीएनएस की धारा 326 क्या है (BNS Section 326 in Hindi)? धारा 326 के दोषी को मिलने वाली सजा और जमानत का प्रावधान?

कुछ समय पहले तक, अगर कोई व्यक्ति सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाता था, जैसे कि किसी बस को जला देना या किसी सरकारी इमारत में तोड़फोड़ करना, तो उसे भारतीय दंड संहिता (IPC) की धारा 430 से लेकर धारा 436 के अलग-अलग अपराधों के तहत सजा मिलती थी। लेकिन नए कानून लागू होने के बाद आईपीसी को बीएनएस में बदल दिया गया है, इसलिए अब ऐसे अपराध करने वाले व्यक्तियों को बीएनएस की धारा 226 व इसके उपखंडों के तहत सजा दी जाती है। इन बदलावों के बाद हुए नियमों व प्रावधानों को जानने व समझने के लिए इस लेख को पूरा जरुर पढ़े।


बीएनएस धारा 326 क्या है और यह कब लागू होती है- BNS Section 326 in Hindi

भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 326 "गंभीर शरारत" (Grievous Mischief) से संबंधित है। यह उन मामलों में लागू होती है, जहां कोई व्यक्ति किसी अन्य व्यक्ति की संपत्ति (Property) को जानबूझकर नुकसान पहुँचाता है, जिससे सार्वजनिक जीवन, परिवहन, पानी, बाढ़ नियंत्रण, धार्मिक स्थलों, या सार्वजनिक सुरक्षा (Public Safety) को खतरा हो सकता है।

सरल शब्दों में कहे तो, अगर कोई व्यक्ति किसी संपत्ति को इस तरह से नुकसान पहुंचाता है जिससे लोगों के जीवन को खतरा हो सकता है या सार्वजनिक सुविधाओं (Public Facilities) में काम आने वाली वस्तुओं को नुकसान पहुंचाता है, तो उसे बीएनएस सेक्शन 326 के तहत दंडित किया जा सकता है।

इस धारा में कुल 7 उपखंड (Sub Clauses) हैं, जिनमें अलग-अलग प्रकार की शरारत (Mischief) को अपराध माना गया है। जो इस तरह से है:-


उपखंड (a):- पानी की आपूर्ति में बाधा

अगर कोई व्यक्ति किसी नदी, तालाब, पाइपलाइन, या अन्य पानी प्राप्त होने की जगह को नष्ट कर देता है या उसमें रुकावट पैदा करता है, जिससे खेती, इंसानों या जानवरों को पानी मिलने में दिक्कत होती है, तो यह अपराध धारा 326(a) के तहत आएगा।
उदाहरण: किसी ने जानबूझकर एक गाँव की पानी की पाइपलाइन काट दी, जिससे पूरे गाँव को पानी नहीं मिला।


उपखंड (b):- सड़क, पुल या जलमार्ग को बाधित करना

अगर कोई व्यक्ति सड़क, पुल, नदी, नहर या किसी जलमार्ग को नुकसान पहुँचाता है, जिससे लोगों या वाहनों (Vehicles) के आने जाने के रास्ते बंद हो जाते है, तो यह अपराध धारा 326(b) के तहत आएगा।
उदाहरण: कोई व्यक्ति जानबूझकर किसी पुल की रेलिंग तोड़ देता है, जिससे वहाँ दुर्घटनाएँ (Accidents) होने लगती हैं।


उपखंड (c):- जल बाहर निकलने के रास्ते को बंद करना

यदि कोई व्यक्ति नहर, बाँध, या जल बाहर निकलने के रास्ते में रुकावट पैदा करता है, जिससे बाढ़ का खतरा हो सकता है, तो यह धारा 326(c) के तहत अपराध माना जाएगा।
उदाहरण: किसी व्यक्ति ने किसी इलाके के पानी बाहर निकलने के रास्ते को जानबूझकर ब्लॉक कर दिया, जिससे बारिश के बाद बाढ़ आ गई।


उपखंड (d):- नेविगेशन संकेतों को नुकसान पहुँचाना

कोई व्यक्ति अगर समुद्री जहाजों या विमानों को दिशा (Direction) दिखाने वाले नेविगेशन संकेतों (Navigation Signals) को खराब या नष्ट कर देता है, जिससे दुर्घटना हो सकती है, तो ऐसे व्यक्ति पर धारा 326(d) के तहत कार्यवाही की जाएगी।
उदाहरण: किसी ने लाइटहाउस की लाइट बंद कर दी, जिससे समुद्री जहाज को सही रास्ता नहीं मिला और वह दुर्घटना का शिकार हो गया।


उपखंड (e):- सरकारी भूमि पर बने निशानों को नुकसान पहुँचाना

कोई व्यक्ति यदि सरकार द्वारा लगाए गए सीमा चिह्न (Boundary Marks) या अन्य सार्वजनिक भूमि संकेतों (Public Land Signs) को जानबूझकर हटा देता है, तो यह अपराध धारा 326(e) के तहत आएगा।
उदाहरण: किसी ने जानबूझकर एक सरकारी जमीन का निशान मिटा दिया, जिससे वहाँ भूमि विवाद (Land Dispute) हो गया।


उपखंड (f):- आग या विस्फोटकों से नुकसान पहुँचाना

अगर कोई व्यक्ति किसी भी संपत्ति को जानबूझकर आग या विस्फोटक (Fire Or Explosives) से नुकसान पहुँचाता है, तो उस व्यक्ति पर धारा 326(f) लागू कर कार्यवाही की जाएगी।
उदाहरण: किसी व्यक्ति ने एक दुकान को जलाने के लिए उसमें पेट्रोल बम फेंक दिया।


उपखंड (g):- पूजा स्थल, घर या संपत्ति को आग से नष्ट करना

अगर कोई व्यक्ति किसी धार्मिक स्थल, घर, गोदाम, या अन्य महत्वपूर्ण स्थानों को आग या विस्फोटक से नुकसान पहुँचाता, तो उस व्यक्ति के खिलाफ धारा 326(g) लागू कर कार्यवाही होगी।
उदाहरण: किसी ने मंदिर या मस्जिद में आग लगा दी, जिससे वहाँ नुकसान हुआ।


BNS 326 के अपराध को साबित करने वाले मुख्य तत्व

  • गलत कार्य: आरोपी (Accused) ने ऐसा कोई कार्य किया होगा, जिससे किसी दूसरे की संपत्ति (Property) को नुकसान हुआ होगा। यह कार्य किसी वस्तु को नुकसान पहुंचाने, उसमें मिलावट करने, या उसे खराब करने का हो सकता है।
  • इरादा: आरोपी ने यह कार्य जानबूझकर (Intentionally) किया होगा, न कि गलती से या अनजाने में।
  • नुकसान: आरोपी के द्वारा किए गए कार्य से किसी व्यक्ति को या उसकी संपत्ति को नुकसान पहुँचना चाहिए। यह नुकसान शारीरिक, मानसिक या आर्थिक हो सकता है।

भारतीय न्याय संहिता की धारा 326 के दोषियों को मिलने वाली सजा

बीएनएस की धारा 326 कई प्रकार के नुकसान पहुंचाने के अपराध से संबंधित है, और प्रत्येक अपराध के लिए इसके अलग-अलग उप खण्ड़ों में सजा (Punishment) के बारे में बताया गया है। आइये आसान भाषा में इसकी सजा के प्रावधानों को समझते है:

  • उपखंड (a) :- अगर कोई व्यक्ति ऐसा काम करता है जिससे खेती के लिए, पीने के लिए, या जानवरों तक पानी पहुँचने में कमी आती है, तो ऐसे व्यक्ति को दोषी (Guilty) पाये जाने पर 5 साल तक की कैद, या जुर्माना, या दोनों से दंडित किया जा सकता है।
  • उपखंड (b) :- इसके अनुसार यदि कोई व्यक्ति सार्वजनिक सड़क, पुल, नदी, या नहर को इस तरह से बंद कर देता है जिससे लोगों को आने-जाने में या सामान ले जाने में परेशानी हो, तो उसे सजा के तौर पर 5 साल तक की कैद, या जुर्माना, या दोनों दिए जा सकते है।
  • उपखंड (c) : अगर कोई व्यक्ति ऐसा कार्य करता है जिससे बाढ़ (Flood) आने का खतरा हो सकता है या किसी नाले में रुकावट होती है, तो दोषी व्यक्ति को 5 साल तक की कैद, या जुर्माना, या दोनों की सजा दी जा सकती है।
  • उपखंड (d) : अगर कोई व्यक्ति जहाजों या विमानों के लिए इस्तेमाल होने वाले किसी सिग्नल को खराब कर देता है, तो ऐसे अपराध के लिए दोषी को 7 साल तक की कैद, या जुर्माना, या दोनों सजा के तौर पर दिए जा सकते है।
  • उपखंड (e) :- कोई व्यक्ति सरकारी ज़मीन पर लगे किसी निशान को मिटा देता है या हटा देता है, जिससे ज़मीन की पहचान में दिक्कत हो, तो ऐसे अपराध करने के दोषी को 1 साल तक की कैद, या जुर्माना की सजा दी जा सकती है।
  • उपखंड (f) : यदि कोई आग या विस्फोटक का इस्तेमाल करके किसी की संपत्ति को नुकसान पहुंचाता है, तो उसे सजा के तौर पर 7 साल तक की कैद, और जुर्माने से दंडित किया जा सकता है।
  • उपखंड (g) :- कोई व्यक्ति यदि किसी पूजा स्थल या घर को आग या विस्फोटक से नुकसान पहुँचाने का दोषी पाया जाता है तो उसे आजीवन कारावास (Life Imprisonment), या 10 साल तक की कैद, और जुर्माने की सजा दी जा सकती है।

बीएनएस​ की धारा 326 में जमानत का क्या प्रावधान होता है?

बीएनएस सेक्शन 326 के खंड (a) से लेकर (f) तक के सभी अपराधों को जमानतीय व संज्ञेय (Bailable Or Cognizable) यानी गंभीर माना गया है। इसका मतलब यह है कि यदि कोई व्यक्ति इन अपराधों में शामिल पाया जाता है, तो पुलिस उन्हें बिना कोर्ट की अनुमति के गिरफ्तार नहीं कर सकती है, अगर गिरफ्तारी होती भी है तो उन्हें जमानत मिल सकती है।

लेकिन सेक्शन 226 के खंड (g) (पूजा स्थल या आवासीय भवनों का विनाश) के तहत किए जाने वाले अपराध को गैर-जमानती (Non-Bailable) माना गया है। इसका मतलब यह है कि यदि कोई व्यक्ति इन अपराधों में शामिल पाया जाता है, तो उसे जमानत (Bail) नहीं मिलती। उसे अदालत में पेश किया जाना जरूरी होता है, और अदालत इस मामले की गंभीरता के आधार पर जमानत का निर्णय लेती है।

यह अपराध अत्यधिक गंभीर होता है, क्योंकि इससे न केवल संपत्ति को नुकसान होता है, बल्कि समाज और धार्मिक समुदाय पर भी गहरा प्रभाव पड़ता है। इस धारा के सभी मामले प्रथम श्रेणी के मजिस्ट्रेट द्वारा विचारणीय (Triable) होते है।


BNS 326 के आरोपी व्यक्तियों के लिए बचाव के उपाय

अगर किसी व्यक्ति पर BNS 326 के तहत आरोप (Blame) लगाया जाता है, तो उसके पास अपने बचाव के लिए कुछ उपाय होते हैं। यहाँ कुछ मुख्य बचाव के उपाय दिए गए हैं:

  1. वकील से सलाह ले: अगर आप पर सेक्शन 326 के तहत कोई आरोप लगाया गया है, तो आपको घबराने की ज़रूरत नहीं है। सबसे पहले आपको किसी अच्छे वकील (Lawyer) से सलाह लेनी चाहिए। वकील आपको बताएगा कि आपको क्या करना चाहिए और कैसे अपना बचाव करना चाहिए।
  2. गलती से हुआ, जानबूझकर नहीं: आरोपी अपने बचाव में यह कह सकता है कि उसने जो कुछ भी किया, वह गलती से हुआ है, जानबूझकर नहीं।
  3. इस परिणाम की उम्मीद नहीं थी: आरोपी यह कह सकता है कि उसे यह उम्मीद नहीं थी कि उसके द्वारा किए गए काम से इतना बड़ा नुकसान हो जाएगा।
  4. मजबूरी में करना पड़ा: आरोपी यह साबित कर सकता है कि उसने अपनी जान बचाने या किसी और बड़ी मुसीबत से बचने के लिए वह काम करना पड़ा।
  5. गलतफहमी: आरोपी अपने बचाव में यह साबित कर सकता है कि उसे किसी बात की गलतफहमी थी, जिसके कारण उसने वह काम किया। अगर किसी ने सरकारी जमीन पर लगे निशान मिटा दिए, तो वह कह सकता है कि उसे लगा कि वह उसकी जमीन है।
  6. सबूत नहीं हैं: आरोपी यह साबित सकता है कि पुलिस के पास उसे दोषी साबित करने के लिए पर्याप्त सबूत (Sufficient Evidence) नहीं हैं। अगर किसी पर किसी जगह को आग लगाने का आरोप है, तो पुलिस को यह साबित करना होगा कि उसने ही आग लगाई।
  7. कानूनी छूट: कुछ मामलों में, कानून के तहत कई लोगों को कुछ कामों को करने की छूट होती है। जैसे अगर किसी पुलिस वाले ने किसी अपराधी को पकड़ने के लिए किसी की संपत्ति को नुकसान पहुंचाया, तो उसे कानूनी छूट मिल सकती है।

यदि आप BNS Section 326 से संबंधित किसी कानूनी मामले में फंसे हैं या आपको इस धारा से संबंधित कोई सवाल है, तो आप हमारे अनुभवी वकीलों से तुरंत संपर्क कर सकते हैं। अभी हमारे विशेषज्ञ वकीलों से बात करने के लिए नीचे दिए लिंक पर क्लिक करें और अपनी कानूनी समस्याओं का समाधान पाएं!




BNS धारा 326 के लिए अनुभवी वकील खोजें

बीएनएस धारा 326 पर अक्सर पूछे जाने वाले सवाल


बीएनएस सेक्शन 326 क्या है?

BNS धारा 326 एक गंभीर अपराध से संबंधित है, जिसमें जानबूझकर या लापरवाही से किसी सार्वजनिक या व्यक्तिगत संपत्ति को नुकसान पहुँचाया जाता है, जैसे जल आपूर्ति, सड़कों, पुलों, और अन्य सार्वजनिक संपत्ति को। 



क्या BNS Section 326 के तहत अपराध संज्ञेय है?

बीएनएस सेक्शन 326 के तहत आने वाले अपराध संज्ञेय हैं या नहीं, यह अपराध की प्रकृति और गंभीरता पर निर्भर करता है। कुछ अपराध संज्ञेय होते हैं, जबकि कुछ गैर-संज्ञेय।



क्या BNS 326 के तहत आरोपी को जमानत मिल सकती है?

सेक्शन 326 के तहत कम गंभीर अपराध होने पर जमानत मिल सकती है। यानि अगर अपराध गंभीर नहीं है, तो आरोपी को जमानत मिल सकती है, लेकिन गंभीर अपराधों, जैसे पूजा स्थल या आवासीय भवनों का नुकसान, के मामलों में जमानत मिलना मुश्किल हो सकता है।



क्या भारतीय न्याय संहिता की धारा 326 के तहत कोई अपील की जा सकती है?

हां, अगर किसी आरोपी को सेक्शन 326 के तहत सजा मिलती है, तो वह उच्च न्यायालय में अपील कर सकता है। अगर आरोप और सजा को लेकर कोई विवाद है, तो अपील की प्रक्रिया के दौरान मामले की पुनः जांच की जा सकती है।