BNSS धारा 57 - गिरफ्तारी के 24 घंटे के अंदर मजिस्ट्रेट के सामने पेशी के नियम


भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 57 यह सुनिश्चित करती है कि बिना वारंट गिरफ्तार किए गए किसी भी व्यक्ति को पुलिस 24 घंटे से अधिक समय तक अपनी हिरासत में नहीं रख सकती। यदि पुलिस को और समय चाहिए, तो उसे मजिस्ट्रेट से विशेष अनुमति (रिमांड) लेनी होगी। इस आर्टिकल में हम विस्तार से चर्चा करेंगे कि BNSS Section 57 के तहत किसी व्यक्ति के गिरफ्तार के बाद मजिस्ट्रेट के सामने पेशी के क्या नियम है? गिरफ्तार व्यक्ति के अधिकार क्या है और यदि पुलिस इस नियम का उल्लंघन करे तो आप 'हबीअस कॉर्पस' रिट का इस्तेमाल कैसे कर सकते हैं?

सरल शब्दों में समझे तो पुलिस किसी को भी 'उठाकर' थाने में लंबे समय के लिए नहीं बैठा सकती। कानून कहता है कि हर गिरफ्तारी की न्यायिक जांच (Judicial Review) ज़रूरी है। आइए, इस धारा के हर पहलू को बारीकी से समझते हैं।


BNSS की धारा 57 क्या है?

BNS की धारा 57 के अनुसार, बिना वारंट के गिरफ्तार किए गए व्यक्ति को बिना किसी देरी के मजिस्ट्रेट के सामने या संबंधित पुलिस स्टेशन के प्रभारी अधिकारी के पास ले जाना अनिवार्य है। नीचे हमने इस धारा के नियमो के बारे में बताया है।

1. बिना अनावश्यक देरी के पेशी

धारा 57 का पहला हिस्सा कहता है कि पुलिस को किसी व्यक्ति को गिरफ्तार करने के बाद उसे "बिना किसी अनावश्यक देरी" के मजिस्ट्रेट के पास ले जाना चाहिए। इसका मतलब है कि अगर उस दिन कोर्ट की कोई छुट्टी नहीं है, तो पुलिस 24 घंटे का इंतज़ार भी नहीं कर सकती। उन्हें तुरंत गिरफ्तार किये व्यक्ति को कोर्ट में पेश करना होगा।


2. 24 घंटे की समय सीमा (The 24-Hour Limit)

पुलिस किसी को भी अपनी कस्टडी में बिना मजिस्ट्रेट के आदेश के 24 घंटे से ज्यादा नहीं रख सकती।

  • समय की गणना: यह समय गिरफ्तारी होने के तुरंत बाद से शुरू होता है।
  • अपवाद: इसमें केवल वह समय शामिल नहीं होता जो पुलिस को आरोपी को "गिरफ्तारी के स्थान से मजिस्ट्रेट की अदालत तक ले जाने" में लगता है (यात्रा का समय)।

धारा 57 का उद्देश्य: यह क्यों जरूरी है?

धारा 57 का मुख्य उद्देश्य 'अवैध हिरासत' (Illegal Detention) को रोकना है। यह क्यों जरूरी है, इसके कुछ मुख्य कारण यहाँ दिए गए हैं:

  • न्यायिक निगरानी: यह सुनिश्चित करना कि एक निष्पक्ष जज यह देखे कि गिरफ्तारी जायज़ है या नहीं।
  • अधिकारों की रक्षा: हिरासत में मारपीट या टॉर्चर की घटनाओं को रोकना।
  • पारदर्शिता: पुलिस को हर गिरफ्तारी का लिखित रिकॉर्ड और कारण मजिस्ट्रेट को बताना पड़ता है।

गिरफ्तारी के बाद पुलिस द्वारा उठाए जाने वाले कदम

गिरफ्तारी के दौरान पुलिस को इन प्रक्रियाओं का पालन करना होता है:

  • गिरफ्तारी का कारण बताना: बिना वारंट गिरफ्तारी पर भी व्यक्ति को उसकी धाराओं और जुर्म के बारे में बताना होगा।
  • स्टेशन डायरी में एंट्री: गिरफ्तारी का समय और स्थान पुलिस स्टेशन की 'रोजाना डायरी' (GD) में दर्ज होना चाहिए।
  • मेडिकल चेकअप: यदि आरोपी घायल है या वह मांग करता है, तो उसका मेडिकल कराना पुलिस का फर्ज है।
  • मजिस्ट्रेट के सामने प्रस्तुति: 24 घंटे के भीतर निकटतम मजिस्ट्रेट के पास ले जाना।

गिरफ्तार व्यक्ति के पास क्या-क्या अधिकार हैं?

यदि आप या आपका कोई जानने वाला पुलिस हिरासत में है, तो उसे कुछ अधिकार मिलते है जो है:

  1. जानकारी का अधिकार: आप पूछ सकते हैं कि गिरफ्तारी किस आधार पर हुई है।
  2. वकील से सलाह: अपने वकील को बुलाने या उनसे बात करने का पूरा हक।
  3. परिजनों को सूचना: पुलिस को आपके घर पर खबर देनी होगी कि आप उनकी कस्टडी में हैं।
  4. मजिस्ट्रेट के सामने पेशी: यह आपका सबसे बड़ा अधिकार है जो धारा 57 सुनिश्चित करती है।

अगर पुलिस धारा 57 के नियमो न करे तो क्या करें?

यदि किसी व्यक्ति को 24 घंटे से ज़्यादा समय से थाने में रखा गया है और उसे कोर्ट नहीं ले जाया गया, तो ये उपाय अपनाएं:

  • मजिस्ट्रेट को सूचना: परिवार या वकील सीधे संबंधित मजिस्ट्रेट के पास जाकर बता सकते हैं कि आरोपी को अवैध रूप से दबाकर रखा गया है।
  • हबीअस कॉर्पस (Habeas Corpus): यह संविधान का सबसे बड़ा हथियार है। आप हाई कोर्ट या सुप्रीम कोर्ट में रिट याचिका दायर कर सकते हैं। कोर्ट तुरंत पुलिस को आदेश देगा कि "व्यक्ति को जीवित हमारे सामने पेश करो।"
  • उच्चाधिकारियों को शिकायत: जिले के एसपी (SP) या एसएसपी को लिखित में सूचित करें।
  • मानवाधिकार आयोग (NHRC): पुलिस की ज्यादती और नियमों के उल्लंघन के लिए आप ऑनलाइन शिकायत दर्ज करा सकते हैं।

धारा 57 से जुड़े सुप्रीम कोर्ट के ऐतिहासिक फैसले

1. डी.के. बसु बनाम पश्चिम बंगाल राज्य

इस केस में सुप्रीम कोर्ट ने कहा था कि 24 घंटे के भीतर मजिस्ट्रेट के सामने पेश न करना 'मौलिक अधिकारों' का हनन है और इसके लिए पुलिस अधिकारी को व्यक्तिगत रूप से सजा मिल सकती है।

2. सी.बी.आई. बनाम अनुपम जे. कुलकर्णी

कोर्ट ने स्पष्ट किया कि धारा 57 के तहत 24 घंटे के नियम का उद्देश्य यह है कि एक न्यायिक दिमाग यह देख सके कि क्या गिरफ्तारी कानून के अनुसार हुई है और क्या आरोपी को आगे हिरासत में रखने की ज़रूरत है।

3. भीम सिंह बनाम जम्मू-कश्मीर राज्य

इस मामले में पुलिस ने एक विधायक को जानबूझकर देरी से मजिस्ट्रेट के पास पहुँचाया ताकि वह विधानसभा सत्र में भाग न ले सकें। सुप्रीम कोर्ट ने इसे 'अवैध हिरासत' माना और पुलिस पर भारी जुर्माना लगाया।


निष्कर्ष:

BNSS की धारा 57 पुलिस की मनमानी पर लगाम लगाने वाला कानूनी प्रावधान है। यह सुनिश्चित करता है कि पुलिस 'इन्वेस्टिगेटर' (जांचकर्ता) बनी रहे, 'जज' न बन जाए। अगर आप अपने अधिकारों को जानते हैं, तो कानून आपके लिए एक सुरक्षा कवच की तरह काम करेगा।

क्या आपको या आपके किसी जानने वाले को 24 घंटे से अधिक समय तक पुलिस ने हिरासत में रखा है? क्या आप 'अवैध हिरासत' के खिलाफ कानूनी नोटिस या हबीअस कॉर्पस की याचिका तैयार करना चाहते हैं? सही कानूनी सलाह और कानूनी कार्रवाई के लिए आज ही हमारे एक्सपर्ट वकीलों से बात करें।



BNSS धारा 57 के लिए अनुभवी वकील खोजें

बीएनएसएस धारा 57 पर अक्सर पूछे जाने वाले सवाल


क्या पुलिस 24 घंटे के बाद पूछताछ जारी रख सकती है?

बिना मजिस्ट्रेट के आदेश के 24 घंटे के बाद पूछताछ के लिए रोकना गैर-कानूनी है। ऐसा तब हो सकता है जब मजिस्ट्रेट ने 'पुलिस रिमांड' (Police Custody) दी हो।



अगर पुलिस स्टेशन डायरी में गिरफ्तारी का समय गलत लिखे तो क्या करें?

यह एक गंभीर अपराध है। आपके पास सीसीटीवी फुटेज या गवाहों के ज़रिए इसे कोर्ट में साबित करने का मौका होता है, जिससे पुलिस अधिकारी पर कार्रवाई हो सकती है।



क्या मजिस्ट्रेट अपने घर पर भी पेशी कर सकते हैं?

रात के समय या बहुत आपातकालीन स्थिति में ड्यूटी मजिस्ट्रेट अपने निवास पर भी आरोपी को पेश करने की अनुमति दे सकते हैं।



अगर पुलिस 24 घंटे में पेश न करे तो क्या आरोपी अपने आप बरी हो जाता है?

नहीं, वह बरी नहीं होता, लेकिन उसकी हिरासत 'अवैध' हो जाती है। इसके आधार पर उसे तुरंत जमानत मिल सकती है और दोषी पुलिसवाले पर केस हो सकता है।