उपभोक्ता कानून क्या है - ग्राहक के अधिकार और शिकायत दर्ज करने की प्रक्रिया



उपभोक्ता कानून (Consumer Law) वह कानून है जो ग्राहकों को खराब सामान, गलत बिल, खराब सर्विस, धोखा या गलत जानकारी देने से बचाता है। भारत में ग्राहकों को कई अधिकार दिए गए हैं - जैसे सही जानकारी पाने और सही सामान मिलने का हक, और शिकायत होने पर समाधान पाने का अधिकार। अगर किसी ग्राहक के साथ धोखा हो जाता है या उसे खराब सामान/सेवा मिलती है, तो वह उपभोक्ता न्यायालय (Consumer Court) में शिकायत कर सकता है। यह अदालत ग्राहकों की शिकायतों का जल्दी और कम खर्च में निपटारा करती है। इस लेख में आप जानेंगे कि उपभोक्ता कानून क्या है, ग्राहकों के मुख्य अधिकार कौन-कौन से हैं, और कंज़्यूमर कोर्ट में शिकायत कैसे और कहाँ दर्ज की जाती है।

आज के विषय के बारे में जानना इसलिए जरूरी है क्योंकि एक ग्राहक के रूप में हमारे कानूनी अधिकार हैं, जिन्हें जानने और समझने से हम अपनी खरीदारी के दौरान हो रही धोखाधड़ी से बच सकते हैं। उपभोक्ता कानून हमें सुरक्षा प्रदान करता है, लेकिन जब तक हम इसके बारे में जागरूक नहीं होंगे, तब तक इसका सही लाभ नहीं उठा सकते। इसलिए यह जानना बेहद आवश्यक है कि इन अधिकारों का उल्लंघन करने पर किस प्रकार की कानूनी कार्यवाही होती है और उपभोक्ता के रूप में हम किस प्रकार अपनी रक्षा कर सकते हैं।


विषयसूची

  1. उपभोक्ता (Consumer) किसे कहा जाता है?
  2. उपभोक्ता विवादों के समाधान के लिए कानून और शिकायत
  3. कंस्यूमर कोर्ट में उपभोक्ता शिकायत दर्ज कैसे करे
  4. भारत में उपभोक्ता कानून - उपभोक्ता संरक्षण अधिनियम, 1986
  5. उपभोक्ता कानून कब और किन परिस्थितियों में लागू होता है?
  6. भारत में ग्राहक के कानूनी अधिकार (Consumer Rights)
  7. उपभोक्ता अधिकार क्यों ज़रूरी हैं?
  8. उपभोक्ता के अधिकारों का उल्लंघन करने पर दी जाने वाली कानूनी सजा और जुर्माना
  9. जिला उपभोक्ता फोरम
  10. राज्य उपभोक्ता आयोग
  11. राष्ट्रीय उपभोक्ता आयोग
  12. उपभोक्ता न्यायालय में ऑनलाइन शिकायत दर्ज करने की प्रक्रिया
  13. शिकायत दर्ज करने की समय सीमा - ग्राहक विवाद के कितने समय तक शिकायत कर सकता है?
  14. ऑनलाइन शॉपिंग में उपभोक्ताओं के अधिकार व सुरक्षा के उपाय
  15. अक्सर पूछे जाने वाले सवाल


उपभोक्ता (Consumer) किसे कहा जाता है?

उपभोक्ता का अर्थ होता है ग्राहक या खरीदार, उपभोक्ता (Consumer) उस व्यक्ति को कहा जाता है जो अपनी जरूरतों को पूरा करने के लिए किसी उत्पाद या सेवा (Product Or Service) को खरीदता है या उसका उपयोग करता है। उदाहरण के लिए जब आप दुकान से कोई सामान खरीदते हैं, जैसे कि कपड़े, खाना, मोबाइल फोन, या किसी सेवा (Service) का उपयोग करते हैं, जैसे कि बिजली, पानी, इंटरनेट, तो आप उस चीज के उपभोक्ता कहलाते हैं।



भारत में उपभोक्ता कानून - उपभोक्ता संरक्षण अधिनियम, 1986

उपभोक्ता कानून (Consumer laws) भारत में ग्राहकों के हितों की रक्षा करने वाला एक प्रमुख कानून है। उपभोक्ता संरक्षण अधिनियम, 1986 को 2019 में संशोधित (Revised) कर नया उपभोक्ता संरक्षण अधिनियम, 2019 लागू किया गया है। यह कानून उन सभी मामलों पर लागू होता है जहाँ एक उपभोक्ता यानि ग्राहक उत्पाद यानि किसी सामान या सेवा को खरीदता है, जैसे दुकान से सामान खरीदना, ऑनलाइन शॉपिंग करना, और बैंकिंग सेवाएं लेना। यह कानून ग्राहकों को उनके द्वारा खरीदारी (Shopping) करते समय होने वाली धोखाधड़ी गलत विज्ञापन, और गलत तरीके से किए जाने वाले व्यापार (Business) से सुरक्षा प्रदान करता है।



उपभोक्ता कानून कब और किन परिस्थितियों में लागू होता है?

यह कानून कुछ खास परिस्थितियों में लागू होता है, जैसे कि जब ग्राहकों को किसी सामान लेते समय किसी समस्या का सामना करना पड़ता है। आइए इसे विस्तार से समझते हैं:
 

  • ग्राहक द्वारा खरीदा गया सामान जब खराब निकलता है, तो उपभोक्ता कानून (Consumer Laws) लागू होता है। उदाहरण के लिए अगर किसी ने नया मोबाइल फोन खरीदा और वह काम नहीं कर रहा है, तो ग्राहक उस कंपनी के खिलाफ शिकायत दर्ज (Complaint Register) कर सकता है।
  • यदि विक्रेता (यानि सामान बेचना वाला व्यक्ति) के विज्ञापन (Advertisement) में किसी सामान या सेवा की जानकारी गलत व झूठी होती है, तो यह उपभोक्ता के अधिकारों का उल्लंघन (Violation) माना जाता है। उपभोक्ता कानून ऐसे मामलों में भी लागू होता है।
  • जैसे अगर किसी उत्पाद के बारे में दावा किया गया कि यह "100% प्राकृतिक" है, जबकि उसमें केमिकल मिले हों, तो यह उपभोक्ता को भ्रमित (Confused) करने का प्रयास है।
  • अगर ग्राहक से किसी सेवा (Service) के लिए अतिरिक्त शुल्क (Extra Charges) लिया गया हो या उसे उस सेवा का पूरा लाभ न मिला हो, तो उपभोक्ता कानून के तहत कार्रवाई की जा सकती है।
  • जैसे किसी होटल में पूरी सुविधाएं देने का वादा किया गया, लेकिन सुविधाएं दी नहीं गईं, तो उपभोक्ता इस मामले में शिकायत कर सकता है।
  • उपभोक्ता कानून उन मामलों में भी लागू होता है जब सामान बेचने वाला व्यक्ति अपने ग्राहक के साथ गंदा व गलत व्यवहार करता है, जैसे कि बुरा बर्ताव करना, धमकी देना, या सामान देने से मना करना।


भारत में ग्राहक के कानूनी अधिकार (Consumer Rights)

भारत में उपभोक्ताओं के अधिकार इसलिए बनाए गए हैं ताकि उन्हें सुरक्षित महसूस हो, और उनके साथ किसी भी प्रकार के सामान को खरीदते समय धोखा न हो। ये अधिकार ग्राहकों को अपनी पसंद के सामान को चुनने, उनसे जुड़ी जानकारी प्राप्त करने, और किसी प्रकार की समस्या होने पर न्याय (Justice) प्राप्त करने का हक देते हैं।

  • सभी ग्राहकों को ऐसे सामान खरीदने का अधिकार होता है, जो उनके स्वास्थ्य (Health) के लिए सुरक्षित हों। उदाहरण के लिए अगर आप खाने का कोई सामान खरीद रहे हैं, तो वह सुरक्षित और स्वास्थ्य के लिए अच्छा होना चाहिए।
  • ग्राहक जिस सामान को खरीद रहा है उसे उसकी पूरी जानकारी प्राप्त करने का अधिकार है। जैसे, उत्पाद की गुणवत्ता, मात्रा, शुद्धता, मूल्य, और उसमें उपयोग की गई वस्तु की जानकारी।
  • उदाहरण के लिए जब आप कोई दवा खरीदते हैं, तो उसका नाम, मात्रा, उपयोग का तरीका और तारीख साफ-साफ दी जानी चाहिए ताकि आप बिना किसी भ्रम (Confusion) के उसका इस्तेमाल कर सकें।
  • उपभोक्ता को अपनी पसंद का सामान लेने की स्वतंत्रता होनी चाहिए। उदाहरण के लिए किसी दुकान में अगर आप कपड़े खरीदते हैं, तो आपको केवल एक ब्रांड का ही नहीं बल्कि अन्य कई ब्रांड्स को चुनने व लेने करने का अधिकार होना चाहिए।
  • अगर किसी उपभोक्ता के साथ धोखा हुआ है या उन्हें गलत सामान या सेवा दी गई है, तो उन्हें अपनी शिकायत दर्ज कराने का अधिकार है।
  • अगर किसी उपभोक्ता को किसी उत्पाद या सेवा से किसी प्रकार का नुकसान होता है, तो उन्हें मुआवजे (Compensation) का अधिकार है।
  • इसका मतलब है कि उपभोक्ता को जो नुकसान हुआ है उसका पैसे या उसके बदले सामान  वापस मिल सकता है। उदाहरण के लिए अगर आपने कोई इलेक्ट्रॉनिक सामान खरीदा और वह जल्द ही खराब हो गया, तो आपको मुआवजे के रूप में रिप्लेसमेंट या पैसे वापस मिल सकते हैं।


उपभोक्ता अधिकार क्यों ज़रूरी हैं?

ये अधिकार किसी भी सामान की खरीदारी करने वाले ग्राहकों के लिए बहुत ही जरुरी होते है। इनके माध्यम से उपभोक्ता धोखाधड़ी (Fraud) से बच सकते हैं, और अगर कोई समस्या होती है तो न्याय पाने के लिए उपभोक्ता अदालत में केस कर सकते हैं।



उपभोक्ता के अधिकारों का उल्लंघन करने पर दी जाने वाली कानूनी सजा और जुर्माना

उपभोक्ता के अधिकारों का उल्लंघन (Violation of Consumers Rights) करना एक गंभीर अपराध है, जिसके लिए उपभोक्ता संरक्षण अधिनियम, 2019 के तहत कड़ी सजा और जुर्माने (Punishment Or Fine) का प्रावधान है। इस कानून के अनुसार यदि कोई विक्रेता (बेचने वाला), निर्माता (बनाने वाला), या सेवा प्रदाता (सुविधा देने वाला) खरीदार के अधिकारों का उल्लंघन करता है, तो उसे कानूनी कार्रवाई का सामना करना पड़ सकता है।

1. खराब सामान या सेवा देने पर सजा और जुर्माना

यदि कोई दुकानदार खराब सामान बेचता है, तो उस पर कार्यवाही की जाएगी और उसे ग्राहक को जुर्माना देना पड़ सकता है और कुछ गंभीर मामलों में जेल की सजा भी हो सकती है।

2. गलत या भ्रामक विज्ञापन करने पर सजा और जुर्माना

अगर कोई विज्ञापन (Advertisement) उपभोक्ताओं को गुमराह करता है या गलत जानकारी देता है, तो यह भी उपभोक्ता कानून का उल्लंघन है। ऐसे मामलों में उस विज्ञापन के निर्माता, सेवा प्रदाता, या प्रमोटर पर कानूनी कार्रवाई हो सकती है। इसमें सजा अपराध की गंभीरता के हिसाब से तय की जा सकती है जिसमें जुर्माना व जेल की सजा भी दी जी सकती है।



उपभोक्ता विवादों के समाधान के लिए कानून और शिकायत



जिला उपभोक्ता फोरम

जिला स्तर (District Level) पर कार्य करने वाला यह फोरम उन मामलों को देखता है जिनमें विवाद की राशि 1 करोड़ रुपये तक की होती है। यहाँ उपभोक्ता सीधे अपनी शिकायत दर्ज (Complaint Register) करा सकते हैं। यह स्थानीय स्तर पर काम करता है, जिससे लोगों को अपने क्षेत्र में ही न्याय प्राप्त करने की सुविधा मिलती है।



राज्य उपभोक्ता आयोग

राज्य स्तर पर स्थित यह आयोग उन मामलों को देखता है जिनमें विवाद की राशि 1 करोड़ रुपये से 10 करोड़ रुपये के बीच होती है। इसके अलावा यदि ग्राहक जिला फोरम के फैसले से संतुष्ट नहीं है, तो वह यहाँ अपील कर सकता है। यह आयोग प्रत्येक राज्य में मौजूद होता है, और इसमें जिला फोरम की अपीलों की सुनवाई भी होती है।



राष्ट्रीय उपभोक्ता आयोग

राष्ट्रीय स्तर पर कार्य करने वाला यह आयोग उन मामलों की सुनवाई करता है जिनमें विवाद की राशि 10 करोड़ रुपये से अधिक होती है। साथ ही यदि उपभोक्ता राज्य आयोग के फैसले से खुश नही है, तो वह राष्ट्रीय आयोग में अपील कर सकता है। राष्ट्रीय उपभोक्ता आयोग सर्वोच्च स्तर (Highest Level) का न्यायालय है और इसे उपभोक्ता मामलों में उच्च न्यायालय (High Court) की तरह माना जाता है।



कंस्यूमर कोर्ट में उपभोक्ता शिकायत दर्ज कैसे करे

  • उपभोक्ता सबसे पहले जिला उपभोक्ता फोरम (District Consumer Forum) में शिकायत दर्ज कर सकते हैं। शिकायत दर्ज करते समय उपभोक्ता को संबंधित दस्तावेज़, जैसे कि खरीदी गई वस्तु या सेवा की रसीद, एग्रीमेंट, और अन्य सबूत पेश करने होते हैं। शिकायत में उपभोक्ता को अपनी समस्या का क्या समाधान (Solution) चाहिए इसके बारे में भी लिखना होता है।  
  • फोरम में शिकायत दर्ज होने के बाद दोनों पक्षों को सुनवाई (Hearing) के लिए बुलाया जाता है। फोरम द्वारा दोनों पक्षों द्वारा पेश किए गए दस्तावेज़ों (Documents) की जांच की जाती है।
  • इसके बाद दोनों पक्षों की बात सुनी जाती है, और मामले की जाँच कर निर्णय दिया जाता है। इस प्रक्रिया में अधिकतर मामलों में समय पर निर्णय दिया जाता है ताकि उपभोक्ताओं को जल्द से जल्द राहत मिले।
  • अगर उपभोक्ता जिला फोरम के निर्णय से संतुष्ट नहीं है, तो वह इस निर्णय के खिलाफ राज्य उपभोक्ता आयोग (State Consumer Commission) में अपील कर सकता है। यहाँ मामले पर फिर से विचार किया जाता है।
  • यदि राज्य आयोग का निर्णय भी उपभोक्ता को संतोषजनक नहीं लगता, तो वे राष्ट्रीय आयोग (National Commission) में अपील कर सकते हैं। राष्ट्रीय आयोग में भी मामले की पूरी जाँच की जाती है और उचित निर्णय दिया जाता है।
  • राष्ट्रीय आयोग का निर्णय अंतिम माना जाता है, लेकिन उपभोक्ता को सर्वोच्च न्यायालय (Supreme Court) में भी अपील करने का अधिकार होता है, यदि उसे निर्णय में कुछ गलत लगे। इस तरह से न्याय की प्रक्रिया उपभोक्ता को उनके अधिकारों की रक्षा के लिए पूरी सहायता प्रदान करती है।
  • कानून यह भी कहता है कि अगर उपभोक्ता को किसी उत्पाद या सेवा से आर्थिक या मानसिक हानि (Mental impairment) पहुँचती है, तो उसे मुआवजा देने का प्रावधान है। उपभोक्ता अदालत दोषी पक्ष को आदेश दे सकती है कि वह उपभोक्ता को हुए नुकसान की भरपाई करें।
  • यह मुआवजा राशि जुर्माने से अलग होती है और उपभोक्ता को हुई असुविधा या हानि के आधार पर तय की जाती है।


उपभोक्ता न्यायालय में ऑनलाइन शिकायत दर्ज करने की प्रक्रिया

आजकल ग्राहकों को ऑनलाइन शिकायत दर्ज करने की भी सुविधा दी जाती है। इसके लिए सरकार ने उपभोक्ता हेल्पलाइन पोर्टल लॉन्च किया है, जिसे www.consumerhelpline.gov.in पर जाकर उपयोग किया जा सकता है।

इस वेबसाइट पर जाकर खरीदार को अपनी समस्या के बारे में सभी जानकारी भरनी होती है। इसमें समस्या का प्रकार, खरीद की तारीख, और उपलब्ध दस्तावेज़ अपलोड करने की सुविधा होती है।

ऑनलाइन शिकायत दर्ज करने से उपभोक्ता की शिकायत तुरंत संबंधित अधिकारियों के पास पहुँच जाती है और इसका समाधान जल्दी हो सकता है।



शिकायत दर्ज करने की समय सीमा - ग्राहक विवाद के कितने समय तक शिकायत कर सकता है?

ग्राहकों को शिकायत दर्ज करने के लिए 2 साल का समय मिलता है, जिसका मतलब है कि समस्या आने के 2 साल के अंदर वे अपनी शिकायत फोरम में दर्ज कर सकते हैं।



ऑनलाइन शॉपिंग में उपभोक्ताओं के अधिकार व सुरक्षा के उपाय

ऑनलाइन खरीदारी (Online Shopping) करते समय ग्राहकों को कई बातों का ध्यान रखना चाहिए ताकि धोखाधड़ी से बचा जा सकें।

  • हमेशा जानी-पहचानी और भरोसेमंद वेबसाइट से ही खरीदारी करें। किसी भी नई या अंजान वेबसाइट पर जाने से पहले उसके रिव्यू और रेटिंग देख लें।
  • सुरक्षित वेबसाइटों पर URL के शुरू में “https://” होता है, जिसमें "s" का अर्थ है सुरक्षित। इसके अलावा, लॉक का आइकन भी दिखता है जो वेबसाइट की सुरक्षा के बारे में बताता है।
  • किसी भी वस्तु को खरीदने से पहले उसकी जानकारी, गुणवत्ता, सामग्री, आकार, और उपयोग की शर्तों को ध्यान से पढ़ें। यह जानकारी आपको सही Product लेने में मदद करेगी।
  • वापसी और रिफंड नीतियों (Return & Refund Policies) को भी ध्यान से पढ़ना चाहिए, ताकि अगर सामान पसंद ना आए, तो उसे वापस किया जा सके।
  • पैसों का भुगतान करते समय सुरक्षित पेमेंट गेटवे का ही इस्तेमाल करें, जैसे कि क्रेडिट कार्ड, डेबिट कार्ड, या अधिकृत डिजिटल वॉलेट। इन पेमेंट गेटवे में आमतौर पर OTP (वन-टाइम पासवर्ड) या PIN के जरिए अतिरिक्त सुरक्षा (Extra Security) मिलती है।
  • Cash On Delivery के Option चुनने पर भी विचार करें, क्योंकि इसमें सामान घर आ जाता है तब पैसे दिए जाते है, जोकि एक बहुत ही अच्छा तरीका है।  
  • वेबसाइट पर कभी भी अपने क्रेडिट कार्ड, डेबिट कार्ड, या बैंक अकाउंट की जानकारी स्टोर न करें।
  • अगर वेबसाइट पर खाता (Account) बनाना आवश्यक हो, तो मजबूत पासवर्ड का इस्तेमाल करें और अपने बैंकिंग जानकारी ज्यादा लोगों को ना दे।
  • सामान खरीदने से पहले अन्य ग्राहकों द्वारा दी गई रेटिंग जरुर पढ़ें।
  • खरीदारी करने के बाद सामान की रसीद ले ले व उसे संभाल कर रखें। ईमेल पर मिली रसीद का स्क्रीनशॉट लेकर भी आप इसे भविष्य के लिए संभाल कर रख सकते है।

अगर आपके या किसी जानने वाले को कोई गलत प्रोडक्ट बेचा गया है, ओवरचार्जिंग हुई है, या किसी कंपनी ने नुकसान पहुँचाया है, तो अपने अधिकार जानने और कानूनी कार्रवाई के लिए अभी भारत के टॉप कंस्यूमर कोर्ट वकीलों से कानूनी सलाह लें।



अपने कानूनी मुद्दे के लिए अनुभवी कंस्यूमर कोर्ट वकीलों से सलाह प्राप्त करें

अक्सर पूछे जाने वाले सवाल


उपभोक्ता कानून क्या है?

उपभोक्ता कानून ग्राहकों के साथ होने वाली धोखाधड़ी से उन्हें बचाता है और उनके अधिकारों की रक्षा करता है। 



क्या उपभोक्ता कानून ऑनलाइन खरीदारी पर भी लागू होता है?

हाँ, उपभोक्ता कानून ऑनलाइन खरीदारी पर भी लागू होता है। अगर ऑनलाइन शॉपिंग में कोई धोखाधड़ी या धोखा मिलता है, तो उपभोक्ता उसी प्रकार अपने अधिकारों का उल्लंघन मान सकते हैं और शिकायत दर्ज कर सकते हैं।



ग्राहक अगर किसी खराब सामान को खरीद लेता है तो उसके क्या अधिकार होते है?

अगर ग्राहक किसी खराब समान को ले लेता है या उसे धोखे से खराब सामान दे दिया जाता है तो उसको अधिकार होता है कि वह उस सामान को बदलवाए या अपने पैसे वापिस ले। अगर दुकानदार ऐसा नहीं करता है, तो ग्राहक कंस्यूमर कोर्ट में शिकायत दर्ज कर सकते हैं।



क्या कंस्यूमर कोर्ट में शिकायत करने के लिए कोई फीस देनी पड़ती है?

उपभोक्ता फोरम में शिकायत करने के लिए शुल्क लिया जाता है, लेकिन यह शुल्क मामूली होता है और इसकी राशि शिकायत की गंभीरता पर निर्भर करती है।



कंस्यूमर कोर्ट में शिकायतों के समाधान में कितना समय लगता है?

उपभोक्ता फोरम में शिकायत दर्ज करने के बाद, आमतौर पर समाधान मिलने में 3-6 महीने का समय लगता है। यदि मामले में अपील की जाती है, तो इसे थोड़ा और समय लग सकता है।