लीव एंड लाइसेंस और रेंट एग्रीमेंट में अंतर? जाने कब कौन सा एग्रीमेंट बनवाना चाहिए
किराये पर घर, दूकान या कोई अन्य प्रॉपर्टी देते समय हमें दो शब्द जो सबसे ज्यादा सुनने को मिलते हैं, वो है रेंट एग्रीमेंट और लीव एंड लाइसेंस एग्रीमेंट। इन दोनों के बीच क्या फर्क है, अभी भी बहुत से लोगों को नहीं पता और बिना सही कानूनी समझौते के मकान मालिक और किरायेदार के बीच हमेशा झगड़े हो जाते हैं। कभी किरायेदार समय पर घर खाली नहीं करता, तो कभी मालिक अचानक उसे बाहर निकालने की कोशिश करता है। इसी कारण यह जानना बहुत ज़रूरी हो गया है कि Rent Agreement और Leave & Licence Agreement में मुख्य अंतर् क्या होते है और किस स्थिति में कौन-सा एग्रीमेंट करना आपके लिए सही रहेगा। आज के इस लेख में हम आपको इस विषय में विस्तार से जानकारी देंगे, कि रेंट एग्रीमेंट और लीव एंड लाइसेंस एग्रीमेंट में क्या अंतर है?
विषयसूची
- रेंट एग्रीमेंट क्या होता है?
- लीव एंड लाइसेंस एग्रीमेंट क्या होता है?
- रेंट एग्रीमेंट और लीव एंड लाइसेंस एग्रीमेंट दोनों में क्या अंतर है?
- रेंट एग्रीमेंट
- लीव एंड लाइसेंस एग्रीमेंट
- Leave & Licence Agreement कहाँ काम आता है?
- रेंट एग्रीमेंट के लिए ज़रूरी दस्तावेज़:
- लीव एंड लाइसेंस एग्रीमेंट के लिए ज़रूरी दस्तावेज़:
- कब बनाएं Rent Agreement और कब Leave & Licence?
- अक्सर पूछे जाने वाले सवाल
रेंट एग्रीमेंट क्या होता है?
किराया समझौता (Rent Agreement) एक ऐसा कागजी समझौता (Agreement) होता है जिस पर मकान मालिक और किरायेदार (Owner & Tenants) दोनों के साइन होते हैं। इस कागज़ में यह लिखा होता है कि मकान मालिक अपनी कौन-सी जगह जैसे कि मकान, फ्लैट या दुकान कितने समय के लिए किराये (Rent) पर दे रहा है और किरायेदार (Tenant) उस जगह के बदले हर महीने कितना किराया देगा।
इसमें यह भी साफ-साफ लिखा होता है कि यह समझौता (Agreement) कितने समय तक चलेगा, दोनों पक्षों को क्या-क्या करना होगा और कौन-कौन से नियम मानने होंगे। रेंट एग्रीमेंट बनाना इसलिए ज़रूरी होता है ताकि बाद में कोई लड़ाई-झगड़ा या गलतफहमी न हो।
लीव एंड लाइसेंस एग्रीमेंट क्या होता है?
Leave & Licence Agreement जिसे हिन्दी में किराया व अनुज्ञा समझौता कहा जाता है, यह एक ऐसा कागजी समझौता (Paper Agreement) होता है, जिसमें मकान मालिक किसी व्यक्ति को अपनी संपत्ति (जैसे घर, दुकान, फ्लैट आदि) बहुत थोड़े समय के लिए इस्तेमाल करने की अनुमति (Permission) देता है। इस समझौते में संपत्ति का पूरा अधिकार मकान मालिक के पास ही रहता है, और किरायेदार को केवल उस जगह या संपत्ति को उपयोग (Use) करने का हक मिलता है।
इस एग्रीमेंट में सिर्फ यह तय होता है कि सामने वाला व्यक्ति उस जगह को कुछ महीनों या एक तय समय (Fixed Time) के लिए रहेगा या काम में लेगा, और बदले में मकान मालिक को हर महीने पैसे देगा।
रेंट एग्रीमेंट और लीव एंड लाइसेंस एग्रीमेंट दोनों में क्या अंतर है?
रेंट एग्रीमेंट और लीव एंड लाइसेंस एग्रीमेंट दोनों ही मकान मालिक और किरायेदार के बीच होने वाले समझौते हैं, लेकिन दोनों के बीच कई मुख्य अंतर होते हैं। इन अंतर को समझना ज़रूरी है, ताकि दोनों पक्ष अपनी जिम्मेदारियों और अधिकारों को ठीक से जान सकें। आइये इन दोनों के बीच के अंतर को विस्तार से जानते है:
रेंट एग्रीमेंट
रेंट एग्रीमेंट एक ऐसा लिखित समझौता (Written Agreement) होता है जिसमें मकान मालिक अपनी प्रॉपर्टी (जैसे घर, फ्लैट या दुकान) किराये पर देता है। यह समझौता आमतौर पर लंबे समय (Long Time) के लिए किया जाता है, जैसे 1 साल या उससे ज्यादा।
- कानूनी प्रावधान: रेंट एग्रीमेंट Rent Control Act नाम के कानून के तहत लागू किया जाता है, जो मकान मालिक और किरायेदार के बीच नियमों (Rules) को तय करता है।
- किरायेदार के अधिकार: रेंट एग्रीमेंट में किरायेदार को कई अधिकार मिलते हैं, और बिना किसी वजह के मकान मालिक किरायेदार को घर से बाहर नहीं निकाल सकता।
- मकान मालिक के अधिकार: अगर मकान मालिक द्वारा किरायेदार से अपनी संपत्ति को खाली करवाना हो, तो कई बार कोर्ट का भी सहारा लेना पड़ता है और कानूनी प्रक्रिया पूरी करनी होती है। यह प्रक्रिया थोड़ी लंबी और मुश्किल भी हो सकती है।
- लंबी अवधि का समझौता: किराया समझौते (Rent Agreement) का मुख्य उद्देश्य किसी व्यक्ति को लंबे समय तक रहने की जगह देना होता है। यह आमतौर पर एक साल या उससे अधिक समय के लिए होता है।
- रजिस्ट्रेशन की आवश्यकता: अगर रेंट एग्रीमेंट 12 महीने से ज्यादा का है, तो उसका रजिस्ट्रेशन करना जरूरी होता है। रजिस्ट्रेशन से समझौता कानूनी रूप से मान्य (Legally Valid) होता है और किसी विवाद (Dispute) के समय मदद करता है।
- समाप्ति की प्रक्रिया: किराया समझौते को खत्म करने के लिए मकान मालिक को एक ठोस वजह (Solid Reason) और कानूनी नोटिस देना जरूरी होता है। बिना यह किए, मकान मालिक किरायेदार को बाहर नहीं कर सकता।
जाने : किरायेदार और माकन मालिक के अधिकार?
लीव एंड लाइसेंस एग्रीमेंट
लीव एंड लाइसेंस एग्रीमेंट एक ऐसा समझौता होता है, जिसमें मकान मालिक किसी को अपनी संपत्ति (जैसे घर, फ्लैट या दुकान) का इस्तेमाल करने की अनुमति देता है, लेकिन यह समझौता आमतौर पर कम समय के लिए किया जाता है, जैसे 11 महीने या उससे कम।
- कानूनी नियम: लीव एंड लाइसेंस एग्रीमेंट Indian Easements Act के तहत आता है। इसमें किसी भी व्यक्ति को केवल संपत्ति (Property) का उपयोग करने का अधिकार मिलता है, इसमें ज्यादा अधिकार मकान मालिक के पास ही होता है।
- किरायेदार के अधिकार: इस समझौते में किरायेदार के अधिकार बहुत कम होते हैं। वह केवल कुछ समय तक उस जगह का इस्तेमाल कर सकता है, जिस वजह से उसका वहां कब्जा (Hold) कभी नहीं होता।
- मकान मालिक के अधिकार: इस समझौते में मकान मालिक के पास अपनी संपत्ति (Property) पर पूरी तरह से नियंत्रण (Control) होता है।
- कम समय के लिए समझौता: यह समझौता आमतौर पर थोड़ा समय, जैसे 11 महीने, के लिए होता है, ताकि मकान मालिक को जल्दी और आसानी से अपनी संपत्ति पर नियंत्रण मिल सके।
- समाप्ति की प्रक्रिया: लीव एंड लाइसेंस एग्रीमेंट को खत्म करना बहुत आसान होता है। मकान मालिक बस एक नोटिस देकर व्यक्ति को संपत्ति छोड़ने के लिए कह सकता है।
देखे - लीव और लाइसेंस एग्रीमेंट फॉर्मॅट डाउनलोड करे
Leave & Licence Agreement कहाँ काम आता है?
लीव एंड लाइसेंस एग्रीमेंट तब बनता है, जब मकान मालिक अपनी संपत्ति (जैसे घर, दुकान, या कोई कमरा) किसी को थोड़े समय के लिए किराये पर देता है। आइये इस बात को आसान भाषा में विस्तार से जानते है:-
यह एग्रीमेंट उन मामलों में काम आता है, जैसे:
PG (Paying Guest)
जब कोई व्यक्ति PG में रहता है, तो मकान मालिक उसे आसानी से बाहर निकाल सकता है, बिना किसी लंबी कानूनी प्रक्रिया के।
अगर मालिक को जल्दी अपनी संपत्ति वापिस चाहिए हो।
अगर मकान मालिक को अपनी संपत्ति जल्दी चाहिए (क्योंकि उसे खुद वहां रहना है या किसी और को देना है), तो लीव एंड लाइसेंस एग्रीमेंट के तहत वह किरायेदार को जल्दी निकाल सकता है।
होटल या गेस्ट हाउस
जब आप किसी होटल में ठहरते हैं, तो आपको उस कमरे का कोई अधिकार नहीं मिलता। आपको सिर्फ कमरे का इस्तेमाल करने की अनुमति (Permission) मिलती है। इस प्रकार होटल में भी यही एग्रीमेंट लागू होता है।
ऑफिस का किराया
कई कंपनियां या व्यापारी (Businessmen) अपने ऑफिस के लिए जब किसी जगह को थोड़े समय के लिए किराये पर लेते हैं, तो इस स्थिति में भी लीव एंड लाइसेंस एग्रीमेंट बनता है।
व्यावासिक सामान का किराया
जब कोई व्यक्ति फर्नीचर, कंप्यूटर, या प्रिंटर जैसे सामान किराये पर लेता है, तो इसका उपयोग भी लीव एंड लाइसेंस एग्रीमेंट से किया जाता है। सामान का मालिकाना हक (Ownership Rights) उसके मालिक के पास रहता है, लेकिन उसका इस्तेमाल किरायेदार कर सकता है।
इस प्रकार यह एग्रीमेंट उस समय काम आता है जब मकान मालिक को अपनी संपत्ति पर पूरा नियंत्रण (Control) रखना हो और वह किरायेदार को केवल कुछ समय के लिए जगह देना चाहता हो।
रेंट एग्रीमेंट के लिए ज़रूरी दस्तावेज़:
- पहचान प्रमाण (ID Proof) – आधार कार्ड, पैन कार्ड, आदि।
- पते का प्रमाण (Address Proof) – बिजली का बिल, बैंक स्टेटमेंट, आदि।
- संपत्ति के दस्तावेज़ (Property Documents) – घर की रजिस्ट्री, विक्रय पत्र।
- सुरक्षा जमा रसीद (Security Deposit Receipt) – किरायेदार द्वारा जमा की गई सिक्योरिटी रसीद।
- गवाह (Witness) – दोनों पक्षों के गवाहों के साइन।
- संपत्ति निरीक्षण रिपोर्ट (Property Inspection Report) – घर की स्थिति की जानकारी।
लीव एंड लाइसेंस एग्रीमेंट के लिए ज़रूरी दस्तावेज़:
- पहचान प्रमाण (ID Proof) – आधार कार्ड, पैन कार्ड, आदि।
- पते का प्रमाण (Address Proof) – बिजली का बिल, बैंक स्टेटमेंट, आदि।
- संपत्ति के दस्तावेज़ (Property Documents) – घर की रजिस्ट्री, विक्रय पत्र।
- लाइसेंस शुल्क का प्रमाण (License Fee Payment Proof) – लाइसेंस शुल्क की रसीद।
- गवाह (Witness) – दोनों पक्षों के गवाहों के साइन।
- संपत्ति निरीक्षण रिपोर्ट (Property Inspection Report) – घर की स्थिति की जानकारी।
कब बनाएं Rent Agreement और कब Leave & Licence?
अगर आप अपनी संपत्ति (Property) को कम समय के लिए किसी को देना चाहते हैं, और आपको उस संपत्ति पर अपना पूरा नियंत्रण (Control) बनाए रखना है, तो लीव एंड लाइसेंस एग्रीमेंट बेहतर रहेगा। इसमें किरायेदार को सिर्फ संपत्ति को इस्तेमाल करने का अधिकार मिलता है, जबकि मालिक के पास संपत्ति का पूरा अधिकार रहता है। यह खासतौर पर पार्टी, पीजी, ऑफिस या दुकानों के लिए होता है, जहां मालिक जल्दी से अपना कब्ज़ा वापस ले सकता है।
वहीं, अगर कोई लंबे समय तक आपकी संपत्ति पर रहना चाहता है तो रेंट एग्रीमेंट सही होता है। इसमें किरायेदार को ज्यादा अधिकार मिलते हैं, और वह लंबे समय तक संपत्ति में रह सकता है।
जाने - किरायेदार से प्रॉपर्टी खाली कैसे करवाए
निष्कर्ष:- अपनी किसी भी संपत्ति को किराये पर देने से पहले इन दोनों के बीच के अंतर को समझकर सही एग्रीमेंट बनवाना बहुत जरुरी है, ताकि बाद में किरायेदार और मकान मालिक के बीच झगड़ा ना हो। किरायेदारी का एग्रीमेंट बनाने या किसी भी विवाद से बचने के लिए एक अनुभवी वकील से सलाह लेना बहुत ही जरुरी है, जो आपको सही एग्रीमेंट तैयार करने में मदद करेगा। इसलिए अभी घर बैठे हमारे विशेषज्ञ वकील से सलाह लेने के लिए नीचे दिए लिंक पर क्लिक करें और अपने किरायेदारी संबंधी सभी सवालों का समाधान पाएं।
अक्सर पूछे जाने वाले सवाल
क्या लीव एंड लाइसेंस एग्रीमेंट कोर्ट में मान्य होता है?
हां, लीव एंड लाइसेंस एग्रीमेंट कोर्ट में मान्य होता है, अगर यह सही तरीके से तैयार किया गया हो और दोनों पक्षों ने इस पर हस्ताक्षर किए हो।
क्या 11 महीने का किराया समझौता रजिस्टर करना जरूरी है?
11 महीने तक का किराया एग्रीमेंट रजिस्टर करना जरूरी नहीं है। लेकिन अगर एग्रीमेंट 12 महीने या उससे ज्यादा का है, तो उसे रजिस्टर करना जरूरी होता है।
क्या Leave & Licence Agreement के तहत किरायेदार को निकालना आसान है?
हां, लीव एंड लाइसेंस एग्रीमेंट में मकान मालिक को किरायेदार को जल्दी बाहर निकालने का अधिकार होता है। यह एग्रीमेंट ज्यादातर थोड़े समय के लिए होता है, और अगर किरायेदार नियम तोड़ता है, तो मकान मालिक उसे बिना लंबी कानूनी प्रक्रिया के बाहर निकाल सकता है।
मकान किराए पर देने के लिए कौन सा एग्रीमेंट बेहतर होता है?
अगर आप मकान मालिक हैं और जल्दी-जल्दी किरायेदार बदलते रहते हैं, तो लीव एंड लाइसेंस एग्रीमेंट बेहतर है। अगर किराएदार हैं और लंबे समय तक रहना चाहते हैं, तो रेंट एग्रीमेंट ज्यादा सुरक्षित होता है।