पावर ऑफ अटॉर्नी क्या होती है - इसे बनवाने के नियम, प्रारूप, प्रक्रिया और समय सीमा



पावर ऑफ अटॉर्नी (Power of Attorney - POA) जिसे आम भाषा में मुख्तारनामा या अधिकार पत्र भी कहा जाता है, एक ऐसा कानूनी डॉक्यूमेंट है जिसमें आप किसी भरोसेमंद व्यक्ति को अपनी जगह फैसले लेने या काम करने का अधिकार देते हैं - जैसे पैसे से जुड़े काम, कानूनी प्रक्रिया या संपत्ति की रजिस्ट्री। पावर ऑफ अटॉर्नी खासतौर पर तब काम आता है जब कोई व्यक्ति बीमारी, उम्र, विदेश में होने या किसी मजबूरी की वजह से खुद मौजूद नहीं हो पाता। पावर ऑफ अटॉर्नी क्या होती है? यह कब कैसे और क्यों बनवाई जाती है? संपत्ति की रजिस्ट्री में इसका क्या रोल होता है और पावर ऑफ अटॉर्नी बनवाने के नियम, प्रारूप, समय सीमा?

हम सभी के लिए यह जानना बहुत ही आवश्यक है कि, Power of Attorney सिर्फ एक कागज का टुकड़ा नहीं है बल्कि यह एक बहुत ही जिम्मेदारी वाला कानूनी दस्तावेज होता है। यदि इसे सावधानीपूर्वक तैयार न किया जाए या भरोसेमंद व्यक्ति को न सौंपा जाए, तो आगे चलकर हमारे लिए नुकसानदेह हो सकता है। इसलिए आज के लेख में दी गई जानकारी न केवल आपकी संपत्ति को सुरक्षित रखने में मदद करेगी, बल्कि आपको भविष्य में होने वाले कानूनी विवादों से भी बचाएगी।


विषयसूची

  1. पावर ऑफ अटॉर्नी क्या है - Power of Attorney in Hindi?
  2. पावर ऑफ अटॉर्नी कैसे बनवाएं?
  3. पावर ऑफ अटॉर्नी से रजिस्ट्री कैसे होती है?
  4. पावर ऑफ अटॉर्नी कब और किन कार्यो के लिए दी जाती है?
  5. पावर ऑफ अटॉर्नी कितने प्रकार की होती है?
  6. पावर ऑफ अटॉर्नी बनवाने के लिए जरूरी दस्तावेज़
  7. वसीयत और पावर ऑफ अटॉर्नी में क्या अंतर है?
  8. पावर ऑफ अटॉर्नी कैसे रद्द कैसे करें?
  9. पावर ऑफ अटॉर्नी कितने समय तक वैध या जारी रहती है?
  10. पावर ऑफ अटॉर्नी को नवीनीकृत (Update or Renew) कैसे करें?
  11. क्या पावर ऑफ अटॉर्नी का गलत इस्तेमाल करके संपत्ति का मालिकाना हक बदला जा सकता है ?
  12. पावर ऑफ अटॉर्नी बनाते समय क्या सावधानियाँ रखनी चाहिए?
  13. अक्सर पूछे जाने वाले सवाल


पावर ऑफ अटॉर्नी क्या है - Power of Attorney in Hindi?

यह एक ऐसा कानूनी दस्तावेज (Legal Document) होता है जिसके जरिए आप किसी दूसरे व्यक्ति को अपने लिए कुछ खास काम करने का अधिकार दे सकते हैं। जिस व्यक्ति के नाम पर आप पावर ऑफ अटॉर्नी बनवाते है उस व्यक्ति को एजेंट कहा जाता है और जिस व्यक्ति ने यह अधिकार उसे दिया है उसे प्रिंसिपल कहा जाता है।

इसे सरल भाषा में समझे तो पावर ऑफ अटॉर्नी के द्वारा एक व्यक्ति किसी दूसरे व्यक्ति को अपने लिए कोई कानूनी काम करने का अधिकार दे देता है जैसे, किसी संपत्ति को बेचना, बैंक से पैसे निकालना, या कोई कानूनी दस्तावेज़ पर हस्ताक्षर (Signature) करना।
 



पावर ऑफ अटॉर्नी कब और किन कार्यो के लिए दी जाती है?

  • हमारी अनुपस्थिति में काम करने के लिए: जब आप किसी यात्रा पर जाते हैं या देश से बाहर रहते हैं तो आप अपने एजेंट या किसी ऐसे व्यक्ति को जिस पर आप भरोसा (Trust) करते है उस व्यक्ति को बैंक से पैसे निकालने, बिल चुकाने जैसे काम करने का अधिकार दे सकते हैं।
  • बीमार होने पर: अगर आप किसी बीमारी या हादसे (Illness Or Accident) के शिकार हो जाते हैं और खुद काम नहीं कर पाते हैं तो आप किसी व्यक्ति के नाम पावर ऑफ अटॉर्नी करवाकर आपके मेडिकल फैसले लेने का अधिकार दे सकते हैं।
  • व्यापार संभालने के लिए: कई व्यापारी अपने कर्मचारियों (Employees) को पावर ऑफ अटॉर्नी देकर उन्हें कुछ खास काम करने का अधिकार दे सकते हैं।
  • संपत्ति को संभालने के लिए: अगर आपके पास बहुत सारी संपत्ति (Property) है और आप उसकी देखभाल खुद नहीं कर पाते हैं तो आप अपने किसी भरोसेमंद व्यक्ति को इस कानूनी प्रक्रिया का इस्तेमाल करके अपनी संपत्ति संभालने करने का अधिकार दे सकते हैं।


पावर ऑफ अटॉर्नी कितने प्रकार की होती है?

पावर ऑफ अटॉर्नी आमतौर पर 2 प्रकार की होती हैं, आइये इन दोनों के बारे में विस्तार से जानते हैं:

1. सामान्य पावर ऑफ अटॉर्नी (General Power of Attorney - GPA)

इस प्रकार की अटॉर्नी के द्वारा आप अपने एजेंट या किसी भरोसेमंद व्यक्ति (Trustworthy Person) को लगभग हर तरह का काम करने का अधिकार दे देते हैं। चाहे वह आपकी संपत्ति का लेन-देन हो, बैंक से पैसे निकालना हो या फिर कोई कानूनी मामला हो। इस प्रक्रिया के द्वारा वह व्यक्ति आपके लिए सब कुछ कर सकता है।

2. विशेष पावर ऑफ अटॉर्नी (Special Power of Attorney - SPA)

इसमें आप अपने एजेंट को सिर्फ एक खास काम करने का अधिकार देते हैं। आप चाहें तो किसी एक संपत्ति को बेचने के लिए या फिर किसी एक कानूनी मामले को संभालने के लिए अलग-अलग व स्पेशल पावर ऑफ अटॉर्नी बना सकते हैं। जैसे - यदि आप किसी संपत्ति की रजिस्ट्री नहीं कर सकते, तो आप किसी को सिर्फ उसी कार्य के लिए अधिकृत कर सकते हैं।



पावर ऑफ अटॉर्नी बनवाने के लिए जरूरी दस्तावेज़

  • पहचान पत्र: दोनों व्यक्तियों के पहचान पत्र जैसे आधार कार्ड, पैन कार्ड, पासपोर्ट आदि।
  • पता प्रमाण: बिजली का बिल, बैंक स्टेटमेंट।
  • गवाहों की जानकारी: गवाहों के पहचान पत्र और पता।
  • पावर ऑफ अटॉर्नी का ड्राफ्ट: वकील द्वारा तैयार किया गया ड्राफ्ट।
  • स्टांप पेपर
  • पासपोर्ट साइज फोटो


पावर ऑफ अटॉर्नी कैसे बनवाएं?

पावर ऑफ अटॉर्नी (Power of Attorney) बनवाने के लिए वैसे तो आपको एक अनुभवी वकील की आवश्यकता पड़ती है, लेकिन हमने आपकी जानकारी के लिए इसको बनवाने की सरल प्रक्रिया के बारे में भी बताया है जो कि इस प्रकार है:

1. ड्राफ्ट तैयार करना: ड्राफ्ट तैयार करने के लिए किसी अनुभवी वकील (Experienced lawyer) से संपर्क करें और उसकी मदद से अपनी ज़रूरतों के हिसाब से पावर ऑफ अटॉर्नी का ड्राफ्ट (Draft) तैयार करवाएं।

इस ड्राफ्ट में जो व्यक्ति अधिकार दे रहा है और जिसे अधिकार दिया जा रहा है उन दोनों व्यक्तियों का पूरा नाम और पता लिखा जाता है। इसके बाद एजेंट या भरोसेमंद व्यक्ति को क्या-क्या अधिकार उस पावर ऑफ अटॉर्नी में दिए जा रहे है इस बात की जानकारी लिखी जाती है। इसके साथ ही यह दस्तावेज कितने समय के लिए बनाया जा रहा है यानि पावर ऑफ अटॉर्नी  कितने समय तक लागू रहेगी इस सब की जानकारी भी लिखी जाती है।

2. नोटरी द्वारा सत्यापन करवाना: वकील द्वारा बनाए गए ड्राफ्ट को नोटरी पब्लिक से सत्यापित यानि उसकी वैधता या सही होनी की जाँच करवाएं। अगर मामला संपत्ति से जुड़ा है तो इसे सब-रजिस्ट्रार ऑफिस में रजिस्टर भी करवाना होगा।

3. स्टांप ड्यूटी: इसके बाद आपको इस दस्तावेज़ पर स्टांप ड्यूटी (Stamp Duty) देनी होगी। इसके लिए लगने वाले पैसे हर राज्य के हिसाब से अलग-अलग हो सकते है। आप स्टांप ड्यूटी का भुगतान (Payment) ई-स्टांपिंग के जरिए भी कर सकते हैं।

4. दस्तावेज पर हस्ताक्षर करें: इसके बाद आपको और दूसरे व्यक्ति को इस दस्तावेज़ पर हस्ताक्षर (Signature) करने होंगे, इसके साथ ही दो गवाहों (Witnesses) के साइन भी जरूरी होते हैं।

पावर ऑफ अटॉर्नी प्रारूप और डॉक्यूमेंट डाउनलोड करे



पावर ऑफ अटॉर्नी से रजिस्ट्री कैसे होती है?

अगर प्रॉपर्टी का मालिक (Principal) मौजूद नहीं है, तो पावर ऑफ अटॉर्नी होल्डर (Agent) उनके बिहाफ पर रजिस्ट्री करवा सकता है। इसका प्रोसेस सामान्य रजिस्ट्री जैसा ही होता है, बस इसमें कागजी कार्यवाही थोड़ी बदल जाती है।

नीचे दिए गए स्टेप्स में समझिए पूरी प्रक्रिया:

1. पावर ऑफ अटॉर्नी का 'रजिस्टर्ड' होना जरूरी:  सबसे पहले यह चेक करें कि आपके पास जो PoA है, वह सब-रजिस्ट्रार ऑफिस (Sub-Registrar Office) में रजिस्टर्ड है या नहीं। आज के नियमों के हिसाब से, सिर्फ नोटरी वाली या सादे कागज पर लिखी PoA से प्रॉपर्टी की रजिस्ट्री नहीं हो सकती। बेचने का अधिकार देने वाली पावर ऑफ अटॉर्नी का रजिस्टर्ड होना अनिवार्य है।

2. सेल डीड (Sale Deed) में जानकारी देना: जब रजिस्ट्री के लिए डीड टाइप करवाई जाती है, तो उसमें यह साफ-साफ लिखना होता है कि:

  • प्रॉपर्टी का असली मालिक कौन है।
  • रजिस्ट्री 'पावर ऑफ अटॉर्नी होल्डर' के जरिए हो रही है।
  • उस PoA का रजिस्ट्रेशन नंबर और तारीख क्या है।


3. सब-रजिस्ट्रार ऑफिस में प्रक्रिया: रजिस्ट्री वाले दिन असली मालिक को जाने की जरूरत नहीं है। उनकी जगह PoA होल्डर जाएगा।

  • दस्तावेज (Documents): खरीददार के डाक्यूमेंट्स के साथ-साथ, पावर ऑफ अटॉर्नी की ओरिजिनल कॉपी और उसकी फोटोकॉपी सब-रजिस्ट्रार के सामने पेश करनी होगी।
  • साइन और अंगूठा: जहाँ-जहाँ "Seller" (बेचने वाले) के साइन की जरूरत होगी, वहां PoA होल्डर साइन करेगा।
  • फोटो और बायोमेट्रिक: सब-रजिस्ट्रार ऑफिस में PoA होल्डर का ही फोटो खींचा जाएगा और उंगलियों के निशान लिए जाएंगे।


4. वेरिफिकेशन (जांच): सब-रजिस्ट्रार यह वेरीफाई करेंगे कि पावर ऑफ अटॉर्नी अभी भी वैलिड (Valid) है या नहीं, यानी असली मालिक ने उसे कैंसिल तो नहीं कर दिया है। सब कुछ सही होने पर रजिस्ट्री की प्रक्रिया पूरी कर दी जाती है।



वसीयत और पावर ऑफ अटॉर्नी में क्या अंतर है?

आपने कभी न कभी पावर ऑफ अटॉर्नी और वसीयत दोनों शब्दों को सुना होगा। ये दोनों कानूनी दस्तावेज़ हैं, लेकिन इनका इस्तेमाल अलग-अलग स्थितियों में किया जाता है। आइए जानते हैं इन दोनों में क्या अंतर है।

पावर ऑफ अटॉर्नी क्या है?

यह एक ऐसा दस्तावेज़ (Document) है जिसमें आप किसी दूसरे व्यक्ति को अपने लिए कुछ काम करने का अधिकार देते हैं।

वसीयत क्या है?

वसीयत (Will) एक ऐसा दस्तावेज़ है जिसमें आप अपनी मृत्यु (Death) से पहले ही यह लिखवाते है कि आपकी मृत्यु के बाद आपकी संपत्ति किसको मिलेगी। आप अपनी संपत्ति अपने बच्चों, रिश्तेदारों, दोस्तों या किसी चैरिटी को भी दे सकते हैं।

उदाहरण: मान लीजिए आप बीमार हैं और आप चाहते हैं कि आपका बेटा आपके बैंक खाते से पैसे निकाल सके। इसके लिए आप पावर ऑफ अटॉर्नी बनाएंगे। लेकिन अगर आप चाहते हैं कि आपकी मृत्यु के बाद आपकी संपत्ति आपके बच्चों में बराबर बांटी जाए, तो आप वसीयत बनाएंगे।



पावर ऑफ अटॉर्नी कैसे रद्द कैसे करें?

जिस व्यक्ति को आपने पावर ऑफ अटॉर्नी के तहत अधिकार दिए है अगर वो व्यक्ति अपने अधिकारों का गलत इस्तेमाल कर रहा है, तो ऐसे में आप इस प्रक्रिया का इस्तेमाल करते हुए पावर ऑफ अटॉर्नी को रद्द करवा सकते है जो कि इस प्रकार है:-  

  1. रद्द करने का कारण: सबसे पहले आपको यह तय करना होगा कि आप इसे क्यों रद्द (Cancelled) करना चाहते हैं। जैसे अगर उस व्यक्ति ने आपके दिए गए अधिकार का गलत इस्तेमाल किया है या आपकी जरूरत पूरी हो गई है।
  2. रद्द करने का दस्तावेज: आपको एक दस्तावेज तैयार करना होगा जिसमें आपको यह लिखवाना होगा कि आप पावर ऑफ अटॉर्नी रद्द कर रहे हैं। इस दस्तावेज में आपका नाम, उस व्यक्ति का नाम जिसे आपने अधिकार दिया था, पावर ऑफ अटॉर्नी की तारीख और रद्द करने की वजह लिखनी होगी।
  3. नोटरी की मोहर लगवाए: इस दस्तावेज पर नोटरी पब्लिक की मुहर (Stamp) लगवाना जरूरी है।
  4. सूचना दे: जिस व्यक्ति के नाम पर Power Of Attorney थी आपको उसे भी इस बात की जानकारी देनी होगी कि आपने पावर ऑफ अटॉर्नी रद्द कर दी है। यह सूचना रजिस्टर्ड पोस्ट या नोटिस के जरिए भेजी जा सकती है।


पावर ऑफ अटॉर्नी कितने समय तक वैध या जारी रहती है?

पावर ऑफ अटॉर्नी का इस्तेमाल कब तक किया जाता है इस बात के बारे में भी जानना बहुत ही आवश्यक है। आइए जानते हैं कि पावर ऑफ अटॉर्नी कितने समय तक वैध (Valid) रहती है और इसे नवीनीकृत (Update) कैसे किया जाता है। पावर ऑफ अटॉर्नी की वैधता (Validity) अवधि कई बातों पर निर्भर करती है जैसे:

  • पावर ऑफ अटॉर्नी का प्रकार: अगर इसे किसी खास काम के लिए बनवाया गया है, जैसे संपत्ति बेचना, तो यह काम पूरा होने पर खत्म हो जाएगा। लेकिन अगर यह सामान्य कामों के लिए बनाया गया है तो इसमें समय सीमा (Time Limit) इसको बनवाते समय ही तय की जा सकती है।
  • दस्तावेज़ में लिखी गई शर्तें: दस्तावेज़ में लिखी गई शर्तों के अनुसार भी इसके जारी रहने का समय तय होता है।
  • अदालत के आदेश से समाप्त होना: अगर किसी कारण से कोई विवाद (Dispute) या झगड़ा होता है और मामला अदालत (Court) में जाता है तो अदालत पावर ऑफ अटॉर्नी को रद्द कर सकते है।
 

पावर ऑफ अटॉर्नी को नवीनीकृत (Update or Renew) कैसे करें?

अगर आप चाहते हैं कि पावर ऑफ अटॉर्नी का समय बढ़ जाए तो आपको इसे नवीनीकृत करना होगा। इसको आगे के लिए फिर से नया बनवाने या समय बढ़वाने के लिए आपको:

  • एक नया दस्तावेज़ तैयार करवाना होगा।
  • इस दस्तावेज़ को नोटरी से सत्यापित (Verification) करवाना होगा।
  • अगर इसका इस्तेमाल किसी संपत्ति से जुड़े कार्यों के लिए होना है तो इसे रजिस्टर करवाना होगा।
  • पुराने Power of Attorney को रद्द करना होगा।


क्या पावर ऑफ अटॉर्नी का गलत इस्तेमाल करके संपत्ति का मालिकाना हक बदला जा सकता है ?

कई बार लोग पावर ऑफ अटॉर्नी का गलत इस्तेमाल करते हैं। वे इसका उपयोग करके सारी संपत्ति का मालिक खुद बनने की कोशिश करते है, जो कि गलत है। अगर ऐसा होता है तो यह एक कानूनी अपराध हो सकता है और आपको कानूनी परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है।

यह दस्तावेज़ सिर्फ आपको काम करने का अधिकार देता है, मालिकाना हक (Ownership Rights) नहीं।

सुप्रीम कोर्ट का फैसला: सुप्रीम कोर्ट ने स्पष्ट किया है कि पावर ऑफ अटॉर्नी से संपत्ति का स्वामित्व नहीं बदला जा सकता।



पावर ऑफ अटॉर्नी बनाते समय क्या सावधानियाँ रखनी चाहिए?

पावर ऑफ अटॉर्नी बनाते समय कुछ ऐसी गलतियाँ हो सकती हैं जो भविष्य में आपको परेशानी में डाल सकती हैं। आइए जानते हैं इन गलतियों के बारे में जानकर इनसे कैसे बचा जा सकता है।

  • बिना सोचे-समझे किसी को अधिकार देना: कई बार हम अपने रिश्तेदारों या दोस्तों को बिना सोचे-समझे यह अधिकार दे देते हैं। लेकिन अगर वे विश्वासघात (Betrayal) करें तो आपकी संपत्ति खतरे में पड़ सकती है।
  • दस्तावेज़ को ध्यान से न पढ़ना: कई लोग जरुरी कागजों (Important Documents) को बिना पढ़े हस्ताक्षर (Signature) कर देते हैं। लेकिन हो सकता है कि उसमें कुछ ऐसी शर्तें (Conditions) हों जो आपके लिए सही न हों।
  • गवाहों का सही चयन न करना: इस प्रक्रिया में सही गवाहों (Witnesses) का होना बहुत जरूरी है लेकिन अगर वे सही व्यक्ति न हों तो इस दस्तावेज़ को चुनौती दी जा सकती है।
  • रजिस्ट्रेशन न करवाना: अगर कोई भी दस्तावेज़ संपत्ति से जुड़ा है तो इसे रजिस्टर करवाना जरूरी है, नहीं तो यह कानूनी रूप से मान्य नहीं होगा।
  • स्टांप ड्यूटी का भुगतान न करना: स्टांप ड्यूटी न देने पर यह दस्तावेज़ अवैध (Document Invalid) हो सकता है।


यदि आप Power of Attorney बनवाना चाहते है या इस विषय से जुड़ी कोई कानूनी सलाह या सहायता चाहते है, तो आप अभी हमारे अनुभवी वकीलों से नीचे दिए लिंक पर क्लिक कर बात कर सकते है।



अपने कानूनी मुद्दे के लिए अनुभवी प्रॉपर्टी वकीलों से सलाह प्राप्त करें

अक्सर पूछे जाने वाले सवाल


पावर ऑफ अटॉर्नी क्या है?

पावर ऑफ अटॉर्नी एक कानूनी दस्तावेज़ है, जिसमें एक व्यक्ति दूसरे व्यक्ति को अपनी तरफ से काम करने के लिए कुछ विशेष या सभी अधिकार दे सकता है। 



पावर ऑफ अटॉर्नी को कब रद्द किया जा सकता है?

पावर ऑफ अटॉर्नी को किसी भी समय रद्द किया जा सकता है, जब भी आप चाहें। इसके लिए आपको इस प्रक्रिया से जुड़े सभी लोगों को लिखित में सूचित करना होता है। इसके अलावा आपको अखबार में इसकी घोषणा भी करनी पड़ सकती है।



क्या पावर ऑफ अटॉर्नी का उपयोग केवल संपत्ति से संबंधित कामों के लिए किया जा सकता है?

नहीं, इसका उपयोग केवल संपत्ति से संबंधित नहीं, बल्कि कानूनी और वित्तीय कार्यों के लिए भी किया जा सकता है, जैसे कि बैंक खातों को संभालने, टैक्स भुगतान, और कानूनी दस्तावेजों पर हस्ताक्षर करना।



क्या पावर ऑफ अटॉर्नी विदेश में भी मान्य है?

हां, पावर ऑफ अटॉर्नी को विदेश में भी मान्यता प्राप्त होती है, लेकिन इसके लिए एनआरआई को भारतीय दूतावास या कांसुलर ऑफिस में सत्यापन कराना होता है। इसके बाद इसे भारतीय कानून के तहत भी लागू किया जा सकता है।



पावर ऑफ अटॉर्नी में बदलाव कैसे किया जा सकता है?

यदि आप इसमें कोई बदलाव करना चाहते हैं, तो आपको इसे फिर से तैयार करना होगा और सभी संबंधित पक्षों को इसकी सूचना देनी होगी। इस प्रक्रिया में नए दस्तावेज़ का ड्राफ्ट और रजिस्ट्रेशन भी शामिल हो सकता है।