विषयसूची
- बीएनएस की धारा 194 क्या है - BNS Section 194 in Hindi
- बीएनएस की धारा 194 के अपराध के मुख्य तत्व
- धारा 194 के तहत कौन से कार्य अपराध माने जाते हैं?
- बीएनएस सेक्शन 194 के अपराध का एक सरल उदाहरण
- भारतीय न्याय संहिता की धारा 194 के तहत सजा - Punishment Under BNS 194 in Hindi
- BNS Section 194 में जमानत (Bail) का प्रावधान
- बीएनएस धारा 194 पर अक्सर पूछे जाने वाले प्रश्न
आजकल छोटी-छोटी बातों पर भी लोग इतने गुस्सा हो जाते हैं, जिसके कारण वे सार्वजनिक स्थानों पर झगड़े करने से भी नहीं चूकते। चाहे वो सड़क पर हो, बाजार में हो या फिर किसी रेस्तरां में, झगड़े की खबरें आए दिन सुनने को मिलती हैं। लेकिन क्या आप जानते हैं कि इस तरह के झगड़े करना कानून अपराध है और ऐसे झगड़े करने के लिए सजा भी हो सकती है? इस लेख में हम आपको भारतीय न्याय संहिता की धारा 194 के बारे में विस्तार से बताएंगे कि, बीएनएस की धारा 194 क्या है (BNS Section 194 in Hindi)? यह किस अपराध में लागू होती है? इस सेक्शन के तहत सजा और जमानत का प्रावधान क्या है?
सार्वजनिक स्थान पर झगड़े के मामलों में भारतीय दंड संहिता की धारा (IPC) 159 और 160 का इस्तेमाल किया जाता था। लेकिन अब भारतीय न्याय संहिता (BNS) लागू होने के बाद से, ऐसे मामलों में बीएनएस की धारा 194 लगाई जाती है। अगर आप सार्वजनिक स्थानों पर होने वाले इस प्रकार के किसी भी कानूनी प्रावधान को विस्तार से जानना चाहते है तो, इस लेख को पूरा जरूर पढ़ें। इस लेख में दी गई जानकारी आपके लिए बहुत उपयोगी साबित हो सकती है।
बीएनएस की धारा 194 क्या है - BNS Section 194 in Hindi
भारतीय न्याय संहिता की धारा 194 एक ऐसे अपराध को परिभाषित करती है जिसे "आपराधिक झगड़ा" (Affray) कहा जाता है। इस धारा के अनुसार जब दो या दो से अधिक व्यक्ति सार्वजनिक स्थान (Public Places) पर लड़ाई करते हैं और इससे सार्वजनिक शांति भंग होती है, तो उन्हें आपराधिक झगड़े का दोषी माना जाता है।
आसान भाषा में कहे तो, यह धारा उस स्थिति में लागू होती है जब दो या दो से अधिक व्यक्ति किसी सार्वजनिक स्थान पर इस तरह से लड़ें कि इससे आम जनता की शांति भंग हो। उदाहरण के लिए सड़क पर, बाजार में, या किसी अन्य सार्वजनिक स्थान पर झगड़ा करना धारा 194 के दायरे में आता है।
बीएनएस की धारा 194 के अपराध के मुख्य तत्व
इस धारा के तहत किसी आरोप व्यक्ति को दोषी ठहराए जाने के लिए कुछ मुख्य तत्वों का होना आवश्यक है:-
- इस अपराध के लिए कम से कम दो लोग शामिल होना जरूरी है।
- झगड़ा किसी सार्वजनिक स्थान पर होना चाहिए, जैसे सड़क, बाजार, पार्क आदि। निजी संपत्ति (Private Property) पर होने वाला झगड़ा आमतौर पर इस धारा के दायरे में नहीं आता है।
- व्यक्तियों के बीच शारीरिक संघर्ष यानि मारपीट होना चाहिए। यह मारपीट इतनी गंभीर होना चाहिए कि इससे सार्वजनिक शांति (Public Peace) भंग हो।
- झगड़े का परिणाम सार्वजनिक शांति भंग होना होना चाहिए। इसका मतलब है कि झगड़े से आम लोगों में डर या असुरक्षा का भाव पैदा होना चाहिए।
धारा 194 के तहत कौन से कार्य अपराध माने जाते हैं?
- किसी भी सार्वजनिक स्थान जैसे सड़क, बाजार, पार्क आदि में शारीरिक रुप से लड़ाई झगड़ा करना।
- बस, ट्रेन या अन्य सार्वजनिक परिवहन में अन्य यात्रियों के साथ झगड़ा करना।
- खेल के मैदान में अन्य खिलाड़ियों या दर्शकों के साथ मारपीट करना।
- मंदिर, मस्जिद, गुरुद्वारा आदि धार्मिक स्थलों पर अन्य लोगों के साथ झगड़ा (Fight) करना।
- राजनीतिक रैलियों या प्रदर्शनों के दौरान अन्य लोगों पर हमला करना।
- सार्वजनिक स्थान पर किसी व्यक्ति को डराना या धमकाना ताकि वह डर जाए या असुरक्षित महसूस करें।
- सार्वजनिक स्थान पर किसी व्यक्ति की निजता (Privacy) का उल्लंघन करना, जैसे कि उन्हें छूना या उनके साथ अभद्र व्यवहार (Abusive Behaviour) करना।
बीएनएस सेक्शन 194 के अपराध का एक सरल उदाहरण
राहुल और रोहित दोनों बहुत ही अच्छे दोस्त थे। एक दिन वे दोनों एक बहुत ही बड़े रेस्तरां में खाना खाने गए। खाना खाने के बाद राहुल और रोहित की वेटर के साथ टिप को लेकर किसी बात पर बहस शुरु हो गई। देखते ही देखते बहस इतनी बढ़ती गई जिसके बाद रोहित व राहुल उस वेटर को को गाली-गलौज करने लगे।
रेस्तरां में मौजूद अन्य ग्राहक इस विवाद को देखकर परेशान हो गए। जिसके बाद उन्होंने वेटर के साथ धक्का-मुक्की शुरू कर दी और अंततः वे एक-दूसरे को मारने लगे। रेस्तरां के कर्मचारियों ने बीच-बचाव करने की कोशिश की लेकिन वे उन्हें रोक नहीं पाए। जिसके बाद पुलिस में शिकायत की गई पुलिस ने वहाँ आकर राहुल और रोहित को BNS की धारा 194 के तहत गिरफ्तार कर आगे की कार्यवाही की।
भारतीय न्याय संहिता की धारा 194 के तहत सजा - Punishment Under BNS 194 in Hindi
बीएनएस की धारा 194 के तहत आपराधिक झगड़े के दोषी (Guilty) पाए जाने पर व्यक्ति को एक महीने तक की साधारण कैद (Simple Imprisonment) व एक हजार रुपये तक के जुर्माने (Fine) का दंड लगाकर दंडित किया जा सकता है। इसके अलावा अगर इस मारपीट के कारण किसी व्यक्ति को गंभीर चोट लग जाती है तो उस व्यक्ति पर अन्य आपराधिक मामलों के तहत भी कार्यवाही की जा सकती है।
BNS Section 194 में जमानत (Bail) का प्रावधान
बीएनएस की धारा 194 के प्रावधान अनुसार आपराधिक झगड़े का यह अपराध संज्ञेय (Cognizable) लेकिन जमानती (Bailable) होता है। इसका मतलब है कि इस अपराध के आरोपी व्यक्ति की गिरफ्तारी के लिए पुलिस तुरन्त कार्यवाही कर सकती है। साथ ही इस अपराध के जमानती होने के कारण गिरफ्तारी के बाद आरोपी व्यक्ति जमानत प्रक्रिया का पालन कर जमानत (Bail) प्राप्त कर सकता है। इस अपराध से जुड़े मामलों की सुनवाई किसी भी मजिस्ट्रेट द्वारा की जा सकती है।
बीएनएस धारा 194 पर अक्सर पूछे जाने वाले सवाल
भारतीय न्याय संहिता की धारा 194 क्या है?
बीएनएस की धारा 194 उन स्थितियों को परिभाषित करती है जहां दो या दो से अधिक व्यक्ति सार्वजनिक स्थान (Public Places) पर इस तरह से लड़ें कि इससे आम जनता की शांति भंग हो। ऐसे मामलों में दोषी पाए जाने पर व्यक्ति को इस सेक्शन के तहत सजा हो सकती है।
BNS की धारा 194 कब लागू होती है?
यह धारा तब लागू होती है जब:
- दो या दो से अधिक लोग शामिल हों।
- घटना सार्वजनिक स्थान पर घटित हो।
- लोगों के बीच शारीरिक संघर्ष हो।
- इस घटना से सार्वजनिक शांति भंग हो।
यह धारा जमानती है या गैर-जमानती?
आमतौर पर BNS 194 एक जमानती अपराध है जिसके अपराध में जमानत आसानी से मिल जाती है।
क्या धारा 194 के तहत मामलों में गिरफ्तारी हो सकती है?
हाँ, अगर पुलिस को लगता है कि आरोपी भाग सकता है या सबूतों से छेड़छाड़ कर सकता है, तो उसे गिरफ्तार किया जा सकता है।
बीएनएस सेक्शन 194 के अपराध की सजा क्या है?
बीएनएस सेक्शन 194 के दोषी व्यक्तियों को एक महीने तक की साधारण कैद या एक हजार रुपये तक का जुर्माना या कैद और जुर्माना दोनों से दंडित किया जा सकता है।
क्या बीएनएस की धारा 194 के मामलों में समझौता हो सकता है?
कई मामलों में दोनों पक्ष आपस में समझौता कर सकते हैं। लेकिन यह अदालत पर निर्भर करता है कि वह समझौते को स्वीकार करेगी या नहीं।